13 हजार 382 भोपाल गैस त्रासदी पीड़ितों को मिला आयुष्मान कार्ड
भोपाल गैस त्रासदी पीड़ितों के आयुष्मान भारत कार्ड तेजी से बनाये जा रहे हैं। अब तक 13 हजार 382 गैस पीड़ितों को आयुष्मान भारत कार्ड मिल चुके हैं।
संचालक, भोपाल गैस त्रासदी राहत एवं पुनर्वास श्री राकेश श्रीवास्तव ने बताया कि “भोपाल गैस त्रासदी पीड़ितों” के डेटा का संकलन एवं सत्यापन कार्य “गैस राहत एवं पुनर्वास विभाग” द्वारा ही किया जा रहा है। विभाग द्वारा भोपाल गैस त्रासदी पीड़ितों के सत्यापित रिकार्ड्स बीआईएस पोर्टल के माध्यम से आयुष्मान भारत कार्ड बनने हेतु समय-समय पर आयुष्मान भारत मप्र को भेजे जाते हैं। प्राप्त सत्यापित भोपाल गैस त्रासदी पीड़ितों के आयुष्मान कार्ड बनाने के लिये बीआईएस आयुष्मान पोर्टल पर इन रिकार्ड्स को एनएचए स्तर से अपडेट किया जाता है। बीआईएस पोर्टल पर “Bhopal Gas Tragedy Victims” पात्रता श्रेणी के अंतर्गत यह सत्यापित रिकॉर्ड आयुष्मान भारत कार्ड बनाने के लिए उपलब्ध करा दिये गये हैं।
श्री श्रीवास्तव ने बताया कि 4 जून तक कुल 13 हजार 382 भोपाल गैस त्रासदी पीड़ितों ने अपनी eKYC कराकर सफलतापूर्वक अपना आयुष्मान भारत कार्ड प्राप्त कर लिया है। आयुष्मान भारत पोर्टल पर अब तक प्राप्त सभी सत्यापित डाटा आयुष्मान कार्ड बनाने के लिये लाईव करा दिया गया है। वर्तमान में इस पोर्टल पर अपलोड करने के लिये कोई भी सत्यापित रिकार्ड लंबित स्थिति में नहीं है। शेष रह गये गैस पीड़ितों के आयुष्मान कार्ड बनवाने के लिये जानकारी (डेटा) का संकलन व सत्यापन कार्य गैस राहत विभाग में प्रक्रियाधीन है। सभी पात्र गैस पीड़ितों के आयुष्मान भारत कार्ड बनाये जा रहे हैं।
