आरएसएस के वरिष्ठ प्रचारक डॉ. मनमोहन वैद्य की पुस्तक ‘हम और यह विश्व’ का विमोचन आज
सादर प्रकाशनार्थ
आरएसएस के वरिष्ठ प्रचारक डॉ. मनमोहन वैद्य की पुस्तक ‘हम और यह विश्व’ का विमोचन आज
भोपाल | सुरुचि प्रकाशन द्वारा “हम और यह विश्व” पुस्तक का लोकार्पण 21 नवम्बर 2025 को भोपाल के रविन्द्र भवन में आयोजित किया जा रहा है। यह पुस्तक सामाजिक, राष्ट्रीय और आर्थिक विषयों पर भारतीय दृष्टिकोण को सरल और स्पष्ट रूप में प्रस्तुत करती है। लेखक राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अखिल भारतीय कार्यकारिणी सदस्य डॉ. मनमोहन वैद्य ने इसमें आधुनिक चुनौतियों के बीच भारत की वैचारिक और सांस्कृतिक समझ को आधार बनाकर व्यापक विमर्श रखा है।
कार्यक्रम का शुभारंभ सायं 4:30 बजे चाय सत्र से होगा, जिसके बाद 5 बजे से औपचारिक आयोजन शुरू होगा। समारोह में पूज्य श्री रीतेश्वर जी महाराज (पीठाधीश्वर, श्री आनन्दम धाम आश्रम, वृंदावन-मथुरा) आशीर्वचन प्रदान करेंगे। मुख्य वक्ता के रूप में देश के पूर्व उप-राष्ट्रपति श्री जगदीप धनखड़ अपनी उपस्थिति दर्ज कराएंगे। विशिष्ट अतिथि के रूप में श्री विष्णु त्रिपाठी (समूह संपादक, दैनिक जागरण) कार्यक्रम को संबोधित करेंगे।
सुरुचि प्रकाशन के अध्यक्ष राजीव तुली और प्रबंध न्यासी रजनीश जिंदल भी मौजूद होंगे। यह पुस्तक भारतीय समाज के व्यापक विमर्श को आम पाठकों तक पहुँचाने का प्रयास है। उनका मानना है कि आज के परिदृश्य में मूल्यों, नीति-विचार और राष्ट्रीय चेतना से जुड़े विषयों पर गंभीर साहित्य की आवश्यकता लगातार बढ़ रही है। यह पुस्तक उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण योगदान है।
लोकार्पण कार्यक्रम में बुद्धिजीवियों, लेखकों, शिक्षाविदों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और पुस्तक प्रेमियों की उपस्थिति अपेक्षित है। सुरुचि प्रकाशन ने सभी साहित्य-रुचि रखने वाले पाठकों से इस आयोजन में सम्मिलित होने का आग्रह किया है।
