एमपी के 70वें स्थापना दिवस पर समा बांधेंगे सिंगर जुबिन

0
Spread the love

मध्यप्रदेश के 70वें स्थापना दिवस पर राजधानी के लाल परेड ग्राउंड पर 1 से 3 नवंबर तक आयोजित होने वाला राज्योत्सव ‘‘अभ्युदय मध्यप्रदेश’’ इस बार पूरी तरह नए कलेवर में नजर आएगा। 3 दिनों तक भोपाल का आसमान, धरती और मंच सब कुछ रंग, रोशनी और संगीत से सराबोर रहेगा।

शाम 6:30 बजे कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में होगा, मुख्य अतिथि केंद्रीय मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू और अर्जुन राम मेघवाल रहेंगे। उद्घाटन सत्र में 500 कलाकारों द्वारा प्रस्तुत होने वाला ‘विश्ववन्द – श्रीकृष्ण की सांगीतिक यात्रा’ इस शाम को आध्यात्मिक और कलात्मक ऊंचाई देगा।

इसके बाद विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग की ओर से 2000 ड्रोन के जरिए ‘‘विरासत से विकास’’ थीम पर देश का सबसे बड़ा ड्रोन शो आयोजित होगा जिसमें आसमान में मध्यप्रदेश की ऐतिहासिक और आधुनिक पहचान दिखाई देगी। रात को लोकप्रिय गायक जुबिन नौटियाल अपने सुपरहिट गीत ‘रातां लम्बियां’, ‘हमनवां मेरे’, ‘तारों के शहर’ जैसे गानों से समां बांधेंगे।

2 नवंबर: लोक और युवा ऊर्जा का संगम

दूसरे दिन प्रदेशभर से आए लोक कलाकारों और युवा प्रतिभाओं की प्रस्तुतियां होंगी। ‘‘अभ्युदय मध्यप्रदेश’’ की थीम पर आधारित लोकनृत्य, जनजातीय वेशभूषा प्रदर्शन और पारंपरिक संगीत की झलकियां मंच पर रंग भरेंगी। दिनभर प्रदर्शनियां, हैंडीक्राफ्ट शो और राज्य की कलात्मक धरोहर को दर्शाने वाला शिल्प मेला भी आकर्षण का केंद्र रहेगा।

3 नवंबर: सम्राट विक्रमादित्य का महानाट्य

अंतिम दिन दोपहर से ही लाल परेड ग्राउंड में प्रदर्शनियां और व्यंजन मेला खुले रहेंगे। शाम को दर्शकों के लिए प्राचीन भारत के गौरवशाली अतीत में ‘महानाट्य सम्राट विक्रमादित्य’ का मंचन होगा। उज्जैन की ‘‘विशाला सांस्कृतिक समिति’’ द्वारा प्रस्तुत इस नाटक में 150 कलाकार, जीवंत रथ, अश्व और एलईडी ग्राफिक्स के स्पेशल इफेक्ट्स के साथ विक्रमादित्य की वीरता और न्यायप्रियता की कथा जीवंत करेंगे।

रात का समापन मुंबई की गायिका स्नेहा शंकर की सुरमयी प्रस्तुतियों से होगा, जिन्होंने ‘चांद के टुकड़े’, ‘मेरा महबूब’ और ‘हकूना मटाटा’ जैसे गीतों से संगीतप्रेमियों के दिलों में जगह बनाई है।

पर्यटन हेलिकॉप्टर सेवा शुरू होगी

मध्यप्रदेश के 70वें स्थापना दिवस के मौके पर शनिवार को पर्यटन हेलिकॉप्टर सेवा शुरू होगी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव समेत 2 केंद्रीय मंत्रियों को लेकर हेलिकॉप्टर भोपाल से उज्जैन के लिए उड़ेगा। हालांकि, नियमित सेवा 20 नवंबर से ही शुरू होगी। भोपाल एयरपोर्ट से दोपहर में उड़ान होगी।

केंद्रीय नागर विमानन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू, केंद्रीय विधि और न्याय राज्यमंत्री अर्जुन राम मेघवाल, पर्यटन मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी भी मौजूद रहेंगे।

मंत्री लोधी ने बताया, मध्यप्रदेश पर्यटन विभाग द्वारा राज्य के पर्यटन स्थलों के बीच हवाई संपर्क को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से पीएम श्री हवाई पर्यटन हेलिकॉप्टर सेवा प्रारंभ की जा रही है। लोक-निजी भागीदारी (PPP) मॉडल के अंतर्गत यह सेवा मध्य प्रदेश के पर्यटन को नई उड़ान देगी। पीएम श्री हवाई पर्यटन हेलिकॉप्टर सेवा प्रदेश में प्रमुख धार्मिक, वन्यजीव एवं प्राकृतिक पर्यटन स्थलों के बीच यात्रा अधिक सुविधाजनक और आकर्षक बनेगी।

यह पहल मध्य प्रदेश को एक नए पर्यटन आयाम की ओर अग्रसर करेगी। जिससे राज्य के एडवेंचर, हेरिटेज, और स्पिरिचुअल टूरिज्म को नई पहचान मिलेगी। इस सेवा का संचालन प्रत्येक सेक्टर में सप्ताह में पांच दिन किया जाएगा। सेवा संचालन के लिए सेक्टर-1 में मेसर्स ट्रांस भारत एविएशन और सेक्टर-2 और सेक्टर-3 में मेसर्स जेट सर्व एविएशन प्राइवेट लिमिटेड के साथ तीन वर्ष की अवधि के लिए एग्रीमेंट किए गए हैं। प्रारंभिक चरण में निजी ऑपरेटर द्वारा प्रत्येक सेक्टर में हेलीकॉप्टर संचालित किए जाएंगे। जिनमें कम से कम छह यात्री सीटें होंगी।

सभी जिलों में भी होंगे आयोजन

भोपाल में राज्य स्तरीय कार्यक्रम होगा। बाकी जिलों में भी स्थापना दिवस के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed


Notice: ob_end_flush(): failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home2/lokvarta/public_html/wp-includes/functions.php on line 5481