प्रदेश कांग्रेस कार्यालय, इंदिरा भवन में माननीय राहुल गांधी जी द्वारा उजागर किए गए वोट चोरी के गंभीर मुद्दे पर एक महत्वपूर्ण प्रेस वार्ता आयोजित की गई।

*प्रदेश कांग्रेस कार्यालय, इंदिरा भवन, भोपाल*
*दिनांक: 13 अगस्त 2025*
आज प्रदेश कांग्रेस कार्यालय, इंदिरा भवन में माननीय राहुल गांधी जी द्वारा उजागर किए गए वोट चोरी के गंभीर मुद्दे पर एक महत्वपूर्ण प्रेस वार्ता आयोजित की गई। इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी श्री हरीश चौधरी, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष श्री जीतू पटवारी, राज्यसभा सदस्य श्री विवेक तनखा, नेता प्रतिपक्ष श्री उमंग सिंघार, सह-प्रभारी श्री संजय दत्त एवं श्री रणविजय लोचव, पूर्व केंद्रीय मंत्री श्री कांतिलाल भूरिया, तथा मीडिया विभाग के अध्यक्ष श्री मुकेश नायक प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
*लोकतंत्र और संविधान की निर्णायक लड़ाई*
प्रदेश प्रभारी श्री हरीश चौधरी ने कहा कि नरेंद्र मोदी सरकार लगातार देश के नागरिकों के संवैधानिक अधिकारों का हनन कर रही है। नेता प्रतिपक्ष श्री राहुल गांधी लोकतंत्र और संविधान की रक्षा की निर्णायक लड़ाई लड़ रहे हैं। मुख्य चुनाव आयुक्त की चयन प्रक्रिया में किए गए बदलाव को लेकर जो आशंकाएँ पहले जताई गई थीं, आज वे सत्य सिद्ध हो रही हैं। कांग्रेस पार्टी आम मतदाता के अधिकारों की रक्षा के लिए संकल्पबद्ध है और इस संघर्ष को मजबूती से आगे बढ़ा रही है।
*संवैधानिक संस्थाओं की निष्पक्षता पर सवाल*
राज्यसभा सांसद श्री विवेक तनखा ने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा सत्य और न्याय की लड़ाई लड़ी है। आज पूरा देश जानना चाहता है कि क्या चुनाव आयोग संविधान और लोकतंत्र के साथ खड़ा है, या किसी एक राजनीतिक दल के पक्ष में। चुनाव आयोग का कार्य जनसुविधा सुनिश्चित करना है, न कि नागरिकों के लिए कठिनाइयाँ खड़ी करना।
उन्होंने कहा कि जब 300 से अधिक सांसद शांतिपूर्ण विरोध करते हैं और उन्हें चुनाव आयोग तक जाने से रोका जाता है, यह लोकतंत्र के लिए चिंताजनक संकेत है। और जब नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी से हलफनामा माँगा जाता है, तो यह चुनाव आयोग की जवाबदेही पर गंभीर प्रश्न खड़ा करता है।
*यह लोकतंत्र को बचाने की लड़ाई है*
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष श्री जीतू पटवारी ने कहा, “राहुल गांधी जी ने जो वोट चोरी का मुद्दा उठाया है, यह कोई राजनीतिक लाभ-हानि का सवाल नहीं, बल्कि अधिकारों और लोकतंत्र को बचाने की लड़ाई है। इसमें केवल कांग्रेस ही नहीं, पूरा देश शामिल है।”
उन्होंने सवाल उठाया कि जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कैशलेस अर्थव्यवस्था और ई-पेपरलेस की बात करते हैं, तो चुनाव आयोग डिजिटल वोटर लिस्ट जारी करने से क्यों बच रहा है। “राहुल गांधी के सवाल का जवाब चुनाव आयोग को देना चाहिए, लेकिन बार-बार बीजेपी के नेता ही बचाव में उतर आते हैं।”
*श्री पटवारी ने कहा,*
“जब से वोट चोरी का खुलासा हुआ है, डरे हुए चुनाव आयोग ने अपनी वेबसाइट तक बंद कर दी है। यह केवल कांग्रेस का नहीं, बल्कि पूरे देश का मुद्दा है — लोकतंत्र को अमर बनाने की लड़ाई है।”
*वोट चोरी के खिलाफ देशव्यापी संघर्ष*
नेता प्रतिपक्ष श्री उमंग सिंघार ने कहा कि इलेक्शन कमीशन कहता है “वोट आपका है, वोट देना आपका अधिकार है” लेकिन भाजपा का नारा बन गया है “फर्जी वोट हमारा, फर्जी जनादेश की सरकार हमारी”।
उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग सिर्फ 2 महीने में ही डेटा डिलीट कर रहा है, जो संविधान के उल्लंघन के बराबर है। आज चुनाव आयोग भाजपा की कठपुतली बन चुका है। राहुल गांधी ने पूरे देश में वोट चोरी के खिलाफ लड़ाई शुरू की है — यह सिर्फ कांग्रेस की नहीं, बल्कि हर नागरिक के अधिकार की लड़ाई है।
सभी नेताओं ने एक स्वर में कहा कि देश आपका है, लोकतंत्र आपका है, वोट आपका है — और इसकी रक्षा हर नागरिक की जिम्मेदारी है।
*सादर, प्रकाशनार्थ*
*मीडिया विभाग*
*मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी*
