रीवा में नदी के ग्रीन बेल्ट में अतिक्रमण को रोकें नदी के चौड़ीकरण की कार्ययोजना बनायें – उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल

0
Spread the love

जनसंपर्क संचालनालय
मध्यप्रदेश शासन
समाचार

रीवा में नदी के ग्रीन बेल्ट में अतिक्रमण को रोकें नदी के चौड़ीकरण की कार्ययोजना बनायें – उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल

बाढ़ से बचाव के लिए दिये आवश्यक निर्देश दीर्घकालीन और त्वरित अंतःक्षेपों पर किया मंथन

भोपाल 16 जुलाई 2025

रीवा शहर में गत दिनों अत्यधिक वर्षा के कारण जलभराव होने से कई मोहल्ले प्रभावित हुए थे और बाढ़ की स्थिति निर्मित हो गई थी। उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल की उपस्थिति में कलेक्ट्रेट में बाढ़ से बचाव के लिये विचार मंथन किया गया तथा वर्ष 2016 की बाढ़ के उपरांत सिंचाई विभाग द्वारा बाढ़ से बचाव के लिये बनाए गये प्रोजेक्ट में सुझाये गये बिन्दुओं पर विस्तार से विचार विमर्श किया गया। उप मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को बाढ़ से बचाव के लिये आवश्यक अंतःक्षेपों पर कार्य के लिए दिशा निर्देश दिये।

उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने कहा कि रीवा में नदी के किनारे ग्रीन वेल्ट में अतिक्रमण को रोकें ताकि नदी का प्रवाह अवरूद्ध न हो। उन्होंने उन्नत पुल से आगे करहिया की तरफ नदी के प्रवाह में पद्मधर कालोनी से लगे किनारे को दोनों तरफ चौड़ा करने की कार्ययोजना पर कहा कि शासकीय भूमि के अतिरिक्त निजी भूमि स्वामियों की सहमति से चौड़ीकरण कार्य कराया जाय ताकि बार बार आने वाली बाढ़ से मुक्ति मिले। उन्होंने करहिया पुल के नीचे बने वक्से के अवरोध को हटाने तथा चौड़ाई के बाद चैनलिंग करने के निर्देश दिये। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने कहा कि उन्नत पुल से करहिया पुल तक तथा उससे आगे बायपास पुल तक नदी को चौड़ा किये जाने की कार्ययोजना बनाई जाय। नदी के अपस्ट्रीम में पूर्व के निर्मित तीन बांधों के वेस्ट वेयर, बंड को दुरूस्त करने तथा गेट बंद करने की कार्ययोजना भेजें ताकि उन बांधों में वर्षा का जल संग्रहित हो और नदी में ज्यादा पानी न आये और बाढ़ की स्थिति निर्मित न हो।

कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने सिंचाई विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिये कि एलए का प्रस्ताव बनायें तथा बांधों के वेस्ट वेयर, बंड को दुरूस्त करने की भी कार्ययोजना प्रस्तुत करें। पूर्व मुख्य अभियंता आर.एन. शर्मा ने बाढ़ रोकने के लिये बनाये गये प्रोजेक्ट का प्रस्तुतीकरण कर आवश्यक सुझाव दिये। अध्यक्ष नगर निगम श्री व्यंकटेश पाण्डेय, आयुक्त नगर निगम डॉ. सौरभ सोनवणे सहित प्रशासनिक और सिंचाई विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।

* शिवप्रसन्न शुक्ल/ अंकुश मिश्रा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed


Notice: ob_end_flush(): failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home2/lokvarta/public_html/wp-includes/functions.php on line 5481