लोकसभा चुनाव की दूसरी ट्रेनिंग 25 अप्रैल से; EVM का डेमो, परीक्षा भी होगी
भोपाल के 10 हजार से ज्यादा कर्मचारियों को 25 से 30 अप्रैल तक लोकसभा चुनाव की दूसरी ट्रेनिंग दी जाएगी। 7 सेंटरों पर वे EVM, मॉक पोल, वोटिंग, मतदान सामग्री लेने से लेकर जमा कराने तक की ABCD सीखेंगे। ट्रेनिंग में उन्होंने क्या सीखा? इसका भी वे एग्जाम भी देंगे। परीक्षा में फेल होने वाले कर्मचारी को अगले दिन फिर से ट्रेनिंग दी जाएगी। पी-2 और पी-3 लेवल के कर्मचारियों की यह फाइनल ट्रेनिंग होगी।
भोपाल के कुल 2034 मतदान केंद्रों पर 7 मई को वोटिंग होगी। इसके लिए कर्मचारियों की ड्यूटी भी लगाई गई है। इसलिए उन्हें ट्रेनिंग दी जा रही है। दूसरी ट्रेनिंग 25 अप्रैल से शुरू होगी। जिसमें 10 हजार 66 कर्मचारी ट्रेनिंग लेंगे। हर दिन एवरेज 1700 कर्मचारियों को ट्रेनिंग दी जाएगी। कुल 72 मास्टर ट्रेनर्स उन्हें ट्रेनिंग देंगे। इनमें ईवीएम मास्टर ट्रेनर्स भी शामिल हैं।
पीओ और पी-1 को एक और ट्रेनिंग
सहायक नोडल अधिकारी संदीप कुमार श्रीवास्तव ने बताया, 7 सेंटरों पर पीओ, पी-1, पी-2 और पी-3 लेवल के कर्मचारियों को ट्रेनिंग मिलेगी। इनमें से पी-2 और पी-3 कर्मचारियों की यह फाइनल ट्रेनिंग होगी। इसलिए उन्हें गंभीरता से ट्रेनिंग लेने को कहा गया है। पीओ और पी-1 लेवल के करीब 4200 कर्मचारियों को मतदान से पहले 3-4 मई को फाइनल ट्रेनिंग दी जाएगी।
सीहोर विधानसभा की ट्रेनिंग वहीं पर होगी
भोपाल लोकसभा में कुल 8 विधानसभा- बैरसिया, नरेला, गोविंदपुरा, हुजूर, भोपाल उत्तर, भोपाल मध्य, भोपाल दक्षिण-पश्चिम और सीहोर शामिल हैं। भोपाल जिले की 7 विधानसभा के कर्मचारियों को यही पर ट्रेनिंग मिलेगी, जबकि सीहोर विधानसभा के कर्मचारियों को सीहोर में ही ट्रेनिंग दी जाएगी।
यह ट्रेनिंग दी जाएगी…
मतदान से पहले
- ईवीएम और वीवीपीएटी से मॉक पोल कैसे कराते हैं।
- कंट्रोल यूनिट पर प्रदर्शित परिणाम को वीवीपीएटी के मॉक पोल पर्चियों से मिलान करें।
- मॉकपोल के परिणाम को सीयू से क्लियर करना और वीवीपीएटी ड्राप बॉक्स से मॉल पोल को पर्चियों से हटाना।
- वीवीपीएटी मॉक पोल पेपर पर्चियों के पुष्ठ भाग पर स्टाम्प लगाकर काले लिफाफे को गुलाबी पेपर मुद्रा से मुहरबंद करना।
मतदान के दौरान
- मतों की गोपनीयता पर अभ्यर्थियों एवं मतदान अभिकर्ताओं की ब्रीफिंग करना।
- मतदान की घोषणा स्पष्ट रूप से करना और अभ्यर्थी/मतदान अभिकर्ता के हस्ताक्षर प्राप्त करना।
- फॉर्म 17ए में प्रमाण पत्र दर्ज करना।
- समय-समय पर फॉर्म-17 ए दर्ज संख्या को टोटल के साथ मिलान करना और मतदान की स्थिति से रिटर्निंग अधिकारी को अवगत कराना।
मतदान की समाप्ति के समय
- मतदान समाप्ति के समय पंक्ति में खड़े व्यक्तियों को नंबर अंकित पर्चियां प्रदान करना।
- पंक्ति में खड़े मतदाताओं द्वारा मत देने के बाद क्लोज बटन दबाना है।
- वीवीपीएटी पॉवर पैक (बैटरी) को कैसे हटाना है।
- ईवीएम और वीवीपीएटी मशीनों को उचित बॉक्स में रखकर मुहरबंद करना है।
- सांविधिक एवं असंविधिक दस्तावेजों की भी मुहरबंदी करना है।
- फॉर्म 17सी के भाग-1 में सभी मतदान अभिकर्ताओं के हस्ताक्षर लेना और सभी को इसकी प्रमाणित प्रति प्रदान करना है।
- सभी निर्वाचन सामग्रियों को संग्रहण केंद्र पर जमा करने सुरक्षा काफिले के साथ कैसे जाना है, आदि।
