जेनिफर बोलीं-पहलगाम हमले के आतंकियों को मारो
पाकिस्तान पर भारतीय सेना की एयर स्ट्राइक पर इंदौर की जेनिफर नथानियल ने खुशी जताई है। उन्होंने कहा- पहलगाम हमले के चार आतंकवादियों को भी मारना चाहिए। उन आतंकियों के चेहरे पर खौफ आना चाहिए। जो उन्हें ये सिखा रहे हैं, उन्हें भी मारना चाहिए।
जेनिफर पहलगाम हमले में जान गंवाने वाले सुशील नथानियल की पत्नी हैं। सुशील आलीराजपुर स्थित एलआईसी की सैटेलाइट शाखा में पदस्थ थे। वे 21 वर्षीय बेटे ऑस्टिन गोल्डी, 30 वर्षीय बेटी आकांक्षा और पत्नी जेनिफर के साथ 18 अप्रैल को कश्मीर गए थे। 22 अप्रैल की दोपहर करीब 2.45 बजे पहलगाम की बैसारन घाटी में आतंकियों ने पर्यटकों पर फायरिंग की, जिसमें 27 लोगों की मौत हो गई। इनमें सुशील भी शामिल थे। बेटी आकांक्षा घायल हो गई थीं।
पहलगाम आतंकी हमले के 15 दिन बाद भारतीय सेनाओं ने पाकिस्तान पर एयर स्ट्राइक की है। सेना की ओर से पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) के 9 आतंकी ठिकानों पर हमले किए गए। ये हमले मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात डेढ़ बजे ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत बहावलपुर, मुरीदके, बाघ, कोटली और मुजफ्फराबाद में किए गए।

उज्जैन: महाकाल मंदिर में बांटी मिठाई भारत की एयर स्ट्राइक पर मध्यप्रदेश में भी खुशी का माहौल है। उज्जैन के महाकाल मंदिर में भक्तों और पुजारी-पंडों ने मिठाई बांटी। भगवान महाकाल से देश की एकता-अखंडता की प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि भारत का ये कदम आतंकियों का समर्थन करने वाले पाकिस्तान को सबक सिखाएगा। सांसद अनिल फिरोजिया के घर पर मिठाई बांटी गई। डांस भी किया।

इंदौर: 56 दुकान पर मुंह मीठा कराया इंदौर में 56 दुकान पर मिठाई बांटी गई। 56 दुकान संगठन के अध्यक्ष गुंजन शर्मा ने कहा- सुबह जितने भी हमारे आगंतुक आए हैं, उनको हमने कहा है कि 56 दुकान पूरा खुला है। ये पहली जीत जो हमारी मिली है, उस जीत का जश्न आप 56 दुकान पर मना लीजिए। किसी भी दुकान पर खा लीजिए, हम आपके स्वागत के लिए तैयार खड़े हैं।

ग्वालियर: मुस्लिम समुदाय ने लहराया तिरंगा ऑपरेशन सिंदूर की सफलता पर ग्वालियर के महाराज बाड़ा पर मुस्लिम समुदाय ने खुशी जताई। उन्होंने पाकिस्तान को सही सबक सिखाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को धन्यवाद दिया।

