ऑपरेशन सिंदूर के खिलाफ कुछ नहीं कर पाएगा पाकिस्तान
पहलगाम अटैक के 15 दिन बाद भारत ने 7 मई को रात डेढ़ बजे पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में आतंकियों के 9 ठिकानों पर एयर स्ट्राइक की है। पाकिस्तान के सरकारी मीडिया के मुताबिक, भारत ने कोटली, बहावलपुर, मुरीदके, बाग और मुजफ्फराबाद में अटैक किया है। इसमें आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा का हेडक्वॉर्टर और जैश-ए-मोहम्मद के मुखिया मसूद अजहर का ठिकाना शामिल है।
मुजफ्फराबाद पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर की राजधानी है और यहीं से आतंकी नेटवर्क ऑपरेट होता है। एयर स्ट्राइक के बाद पाकिस्तान की तरफ से पुंछ, राजौरी सेक्टर में हेवी फायरिंग की गई है।
क्या ये ऑपरेशन आगे जंग में बदल सकता है, भारत ने एयर स्ट्राइक के लिए मुजफ्फराबाद को क्यों चुना और पाकिस्तान अब क्या कर सकता है। इस पर दैनिक भास्कर ने रिटायर्ड लेफ्टिनेंट जनरल संजय कुलकर्णी और रिटायर्ड लेफ्टिनेंट जनरल केजेएस ढिल्लो से बात की।

रिटायर्ड लेफ्टिनेंट जनरल संजय कुलकर्णी ‘मुजफ्फराबाद को रणनीति के तहत टारगेट चुना गया’ रिटायर्ड लेफ्टिनेंट जनरल संजय कुलकर्णी कहते हैं, ‘भारत ने मुजफ्फराबाद को रणनीति के तहत टारगेट चुना है। पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर से जिस तरह के वीडियो आ रहे हैं, उसके बाद इस बार कोई सबूत नहीं मांगेगा। पाकिस्तान खुद बताएगा कि कितनी जगह हमला हुआ है।’
‘भारत ने PoK वाले इलाके में कार्रवाई की है। इसलिए मेरा अनुमान है कि भारत का ऑपरेशन आगे युद्ध में तब्दील हो, इसकी संभावना कम है। भारत ने पाकिस्तान को वॉर्निंग दी थी और मॉक ड्रिल से ये साफ हो गया कि कुछ बड़ा होने वाला है। अगर पाकिस्तान जवाबी कार्रवाई करता है, तो हमें उसके जवाब के लिए तैयार रहना होगा।’

‘पाकिस्तान जवाबी कार्रवाई करता है तो फिर इंटरनेशनल प्रेशर इंडिया पर होगा कि अब एस्केलेशन बंद करो। हालांकि, पाकिस्तान भारतीय सेनाओं के आगे कुछ नहीं कर पाएगा। पाकिस्तान PoK के कई इलाकों का लॉन्चिंग पैड और टेरर कैंप के तौर पर इस्तेमाल करता है। भारतीय ऑपरेशन का टारगेट यही जगहें हैं।’
‘ऑपरेशन के लिए मुजफ्फराबाद को चुना गया है। ये भारतीय सीमा पर तंगधार के पास है। मुजफ्फराबाद PoK की राजधानी भी है और यहां कई आतंकी ठिकाने और लॉन्चिंग पैड मौजूद थे।’
‘भारत ने PoK पर ये ऑपरेशन करके पाकिस्तान को दिखा दिया है कि हमारे साथ उलझने के बाद जवाब तगड़ा मिलेगा। भारत ने ऑपरेशन का नाम भी सिंदूर रखा, जिस तरह से पहलगाम में आतंकियों ने महिलाओं के सिंदूर उजाड़ा था, ये उसके खिलाफ जवाबी कार्रवाई है।’
रिटायर्ड लेफ्टिनेंट जनरल केजेएस ढिल्लो
भारत ने पहला कदम सावधानी से रखा वहीं रिटायर्ड लेफ्टिनेंट जनरल केजेएस ढिल्लो कहते हैं, ‘भारत ने पाकिस्तान के आतंकी ठिकानों के खिलाफ ऑपरेशन सिंदूर लॉन्च किया है। इसमें मिसाइलों से हमला किया गया है। भारत ने चुन-चुनकर आतंकी ठिकानों और लॉन्चिंग पैड को टारगेट किया है।
भारतीय सेना ने PoK में सिविल और सैन्य इलाकों की बजाय सिर्फ आतंकी ठिकानों पर सटीक हमला किया है। हम इससे भी ज्यादा करने की क्षमता रखते हैं। हमने पहला कदम बिल्कुल सावधानी से रखा है। अब पूरी जिम्मेदारी पाकिस्तान की होगी।’
‘इस तरह के अटैक हमेशा सटीक टारगेट बनाकर किए जाते हैं। इसे प्रिसिशन अटैक कहते हैं। अभी जो वीडियो आ रहे हैं, उसकी पुष्टि नहीं की जा सकती है। एक बात साफ है कि भारत ने प्रिसिशन अटैक से आतंकी ठिकानों पर ही हमला किया है। अगर इसके बदले में पाकिस्तान हमारी सेना और नागरिकों पर हमला करता है तो युद्ध की तरफ ढकेलने की जिम्मेदारी पाकिस्तान की होगी।’
‘ऑपरेशन सिंदूर नाम से ही स्पष्ट है कि भारत ने 22 अप्रैल को पहलगाम में आतंकी हमले में मारे गए लोगों के लिए और महिलाओं के उजड़े सिंदूर का बदला लेने के लिए ये ऑपरेशन किया है। भारत ने अपने ऑपरेशन का दायरा बहुत फोकस्ड और सीमित रखा है।’

‘अगर पाकिस्तान जवाब में भारत के मिलिट्री या सिविल एरिया को निशाना बनाता है, तो पाकिस्तान खुद जिम्मेदार होगा। पाकिस्तान के एक्शन के आधार पर ही भारत के अगले कदम का फैसला होगा। फिलहाल पुंछ और राजौरी में पाकिस्तान ने भारी फायरिंग शुरू कर दी है।’
‘पाकिस्तान ने लाहौर और सियालकोट एयरपोर्ट बंद किए हैं। इसका मतलब है कि या तो वो इन एयरपोर्ट को एयरफोर्स की कार्रवाई के लिए इस्तेमाल करेगा। या फिर पाकिस्तान को डर है कि इंडिया एयरपोर्ट पर भी कार्रवाई कर सकता है। जहां तक मुझे लगता है कि पाकिस्तान दोनों एयरपोर्ट को सिविलियन के लिए बंद करके अब सिर्फ एयरफोर्स के लिए इस्तेमाल करेगा, ताकि सिविलियन और एयरफोर्स फ्लाइट में कोई कंफ्यूजन नहीं हो।’
‘पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ कह रहे हैं कि भारत ने 5 जगहों पर हमला किया। मिलिट्री कह रही है कि 3 जगहों पर किया। उनके देश में अभी खुद ही कन्फ्यूजन है।’
‘अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने जो कहा है कि उसके यही मायने हैं कि भारत की पहले से बड़े देशों से बातचीत चल रही थी। ये डिप्लोमेटिक एफर्ट पहलगाम के बाद से जारी है। भारत ने दुनिया को बता दिया था कि हमारे देश में आतंकी हमला हुआ है और हमारा हक है कि हम रिएक्ट करें। अभी भारत ने सिर्फ आतंकी ठिकानों पर हमला किया है।’

पाकिस्तान ने माना- भारत ने मिसाइल हमले किए पाकिस्तान के सरकारी मीडिया के मुताबिक, भारत ने अहमदपुर शर्किया, कोटली, बहावलपुर, मुरीदके, बाग और मुजफ्फराबाद में आधी रात के बाद हमला किया।
पाकिस्तानी की इंटर-सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस यानी ISPR के डायरेक्टर लेफ्टिनेंट जनरल अहमद शरीफ चौधरी ने बताया कि भारत के मिसाइल हमलों में तीन पाकिस्तानियों की मौत हो गई और 12 घायल हो गए। अहमदपुर ईस्ट में एक और कोटली में दो मौतें हुई हैं। वहीं पाकिस्तानी सेना ने दावा किया कि भारत ने 6 जगहों पर 26 मिसाइल अटैक किए हैं। इसमें 8 लोग मारे गए हैं।
दावा है कि भारत ने पाकिस्तान पर तीन तरफ से हमला किया है। हमले के बाद पाकिस्तान ने अपना एयरस्पेस 48 घंटे के लिए बंद कर दिया। इस्लामाबाद एयरपोर्ट भी बंद कर दिया गया। पाकिस्तान के इनफॉर्मेशन मिनिस्टर अताउल्लाह तरार ने दावा किया है कि जवाबी कार्रवाई में भारत के दो फाइटर जेट गिराए गए हैं। हालांकि, उन्होंने इस बारे में ज्यादा डिटेल शेयर नहीं की है।
ISPR के डायरेक्टर लेफ्टिनेंट जनरल अहमद शरीफ चौधरी ने भी दावा किया कि इंडियन एयरफोर्स के दो विमान गिराए गए हैं। उन्होंने इसकी जगह पंजाब के बठिंडा और जम्मू-कश्मीर के अखनूर के आसपास बताई है।
भारतीय सेना ने कहा- पाकिस्तान के सैन्य ठिकानों को निशाना नहीं बनाया भारतीय सेना ने कहा कि हमले के दौरान पाकिस्तान के सैन्य ठिकानों को निशाना नहीं बनाया गया। टारगेट पर सिर्फ आतंकी ठिकाने हैं। न्यूज एजेंसी ANI को सूत्रों ने बताया कि यह जॉइंट ऑपरेशन था, जिसमें आर्मी और एयरफोर्स ने मिलकर सटीक हमला करने वाले हथियारों का इस्तेमाल किया।
बॉर्डर से 100 किमी अंदर तक हमला भारतीय सेना के मुताबिक, पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर और पाकिस्तान के 9 से 10 इलाकों में आतंकी कैंप पर हमला किया गया है। ये हमला लाइन ऑफ कंट्रोल से 100 किमी अंदर तक किया गया। इसके लिए आतंकी टारगेट्स की पहचान की गई। इसके बाद एयरफोर्स ने उन पर हमला किया।
इन टारगेट्स पर किए गए हमले
1. बहावलपुर, इंटरनेशनल बॉर्डर से करीब 100 किमी दूर है। आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद का हेडक्वॉर्टर को निशाना बनाया गया।
2. मुरीदके, सांबा सेक्टर के सामने लाइन ऑफ कंट्रोल से 30 किलोमीटर दूर, यहां लश्कर का कैंप था।
3. गुलपुर, LoC पुंछ-राजौरी से 35 किलोमीटर दूर।
4. लश्कर का कैंप सवाई। तंगधार सेक्टर के अंदर 30 किलोमीटर दूर।
5. बिलाल कैंप, जैश का लॉन्च पैड
6. लश्कर का कोटली कैंप, राजौरी के सामने LoC से 15 किलोमीटर दूर है।
7. बरनाला कैंप, राजौरी के सामने LoC से 10 किमी दूर।
8. सरजाल कैंप, जैश-ए-मोहम्मद कैंप, सांबा-कठुआ के सामने इंटरनेशनल बॉर्डर से करीब 8 किमी दूर।
9. महमूना कैंप, इंटरनेशनल बॉर्डर से 15 किमी दूर, सियालकोट के पास, हिजबुल मुजाहिदीन का ट्रेनिंग कैंप।
अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रम्प बोले- उम्मीद है ये जल्दी खत्म होगा अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा, ‘यह शर्मनाक है। मुझे लगता है कि लोगों को पता था कि कुछ होने वाला है।’

हमले पर पाकिस्तान के 3 अलग-अलग बयान
पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ख्वाजा आसिफ ने जियो टीवी से बातचीत में कहा कि भारत ने अपने एयरस्पेस से पाकिस्तान पर मिसाइल हमले किए हैं, ये मिसाइलें सिविल एरिया में गिरी।
सरकारी न्यूज चैनल PTV PTV न्यूज ने दावा किया है कि हमले के दौरान पाकिस्तानी सेना ने 2 भारतीय फाइटर जेट को गिरा दिया है। मस्जिदों को भी निशाना बनाया गया। पाकिस्तान ने LoC के पास भारतीय चेकपोस्ट तबाह किए हैं।
पाकिस्तानी सेना पाकिस्तानी के सैन्य अधिकारियों ने कहा कि पंजाब प्रांत और PoK में 5 जगहों पर हमला किया गया है। PoK और पाकिस्तान में रिहायशी इलाकों को निशाना बनाया गया है। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने कहा, ‘पाकिस्तान को जोरदार तरीके से जवाब देने का पूरा अधिकार है। पाकिस्तान और पाकिस्तानी आर्म्ड फोर्सेज जानते हैं कि दुश्मन से कैसे निपटना है।’
