*लव जिहाद का शिकार हुई युवती, एक आंख से दिखना बंद*
गुना। लव जिहाद की शिकार एक युवती को आरोपित अयान पठान ने इतना पीटा कि उसे एक आंख से दिखना बंद हो गया है। मामला मंगलवार रात कैंट थाना क्षेत्र के नानाखेड़ी का है, जहां युवती के पड़ोस में रहने वाले युवक ने बंधक बनाकर हैवानियत की हदें पार करते हए उससे मारपीट की थी।
इतना ही नहीं, युवती के जख्मों पर मिर्ची पाउडर डाला तो उसकी आवाज को दबाने के लिए मुंह और आंख में चिपकाने वाला पदार्थ (फेवीक्विक) लगा दिया। फिलहाल युवती का जिला अस्पताल में इलाज जारी है। शहर में कैंट थाना क्षेत्र के नानाखेड़ी क्षेत्र में रहने वाली एक युवती को पड़ोस में रहने वाले अयान खान ने पहले तो लव जिहाद में फंसाया। इसके बाद शादी करने और मकान स्वयं के नाम कराने का दबाव बनाने लगा। युवती की मां ने झूठ बोल दिया कि मकान तो उसने बेच दिया है। इससे नाराज अयान ने युवती को बेल्ट और जूतों से पीटा फिर उसके जख्मों पर मिर्च पाउडर लगा दिया। इस पर युवती चिल्लाई तो मुंह और आंख में चिपकाने वाला पदार्थ लगा दिया। बुधवार को किसी तरह युवती अयान के चंगुल से छूटी और मां के साथ थाने में शिकायत दर्ज कराई। यहां उसकी गंभीर हालत को देखते हुए तत्काल जिला अस्पताल भेजा गया। कैंट थाना प्रभारी दिलीप राजौरिया के अनुसार, आरोपित अयान खान को उसी दिन 60 लीटर अवैध शराब के साथ गिरफ्तार कर लिया गया था, जिसके खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। वहीं बुधवार को हिंदू संगठनों ने पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर लव जिहाद की शिकार युवती को न्याय दिलाने आरोपित पर सख्त कार्रवाई और मकान गिराने की मांग की थी।
*पेट पर बैठकर जूती से आंखों पर किए कई वार*
जिला अस्पताल में भर्ती युवती ने बताया कि अयान पठान ने पेट पर बैठकर जूती और बेल्ट से आंखों पर कई वार किए, जिससे उसके चेहरे और आंखों में काफी सूजन है और काले निशान पड़ गए हैं। एक आंख से युवती को देखने में भी दिक्कत हो रही है।
*बेटी को फंसाया प्रेमजाल में*
पीड़िता की मां ने बताया कि उनके पति की मौत करीब 10 साल पहले कैंसर से हो गई थी। पीड़िता उनकी इकलौती पुत्री है। उसे बड़े अरमानों से पाला और 10वीं तक पढ़ाई भी कराई, लेकिन पड़ोस में रहने वाले अयान पठान ने बेटी को बहला फुसलाकर प्रेमजाल में फंसा लिया। युवक शादी के साथ ही उनका मकान नाम करने का दबाव बना रहा था।
*इनका कहना है*
मामले में आरोपित पर धारा 376, 342, 326 और 327 का इजाफा किया गया है। पूर्व में मारपीट और अवैध शराब का केस दर्ज हुआ था। आरोपित से मारपीट में उपयोग किया बेल्ट बरामद कर लिया है। शुक्रवार को न्यायालय से चार घंटे का पुलिस रिमांड मिला था। आरोपित से फेवीक्विक के खाली रैपर भी मिल गए हैं। इसके साथ ही आरोपित को वापस जेल भेज दिया है।
-दिलीप राजौरिया, थाना प्रभारी कैंट
EKTA
