भोपाल में चिल्लर लेकर नॉमिनेशन भरने पहुंचा कैंडिडेट:5 कर्मचारियों ने 1 घंटे में गिने 6 हजार रुपए के सिक्के; पहले दिन एक नामांकन भरा

भोपाल लोकसभा सीट पर प्रत्याशी मुदित भटनागर ने पहला नामांकन दाखिल किया है। उन्होंने जमा कराई 25 हजार रुपए की राशि में एक, दो, पांच और दस रुपए की चिल्लर शामिल हैं। कलेक्ट्रेट में 5 कर्मचारियों ने 1 घंटे में 6 हजार रुपए के सिक्के गिने। पर्चा दाखिल करने के बाद SUCI कम्युनिस्ट पार्टी से चुनाव लड़ रहे भटनागर ने बताया कि आम लोगों से चुनाव लड़ने के लिए गए रुपयों से नामांकन जमा किया है। कुल जमा कराई गई राशि में 19 हजार 500 नकदी और 6 हजार रुपए चिल्लर हैं।
कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह ने बताया कि पहले दिन एक नामांकन जमा किया गया है। भारत निर्वाचन आयोग के निर्धारित फॉर्मेट में कोई भी कैंडिडेट निक्षेप राशि जमा कर सकते हैं। शुक्रवार को पहले दिन कुल 19 नामांकन फॉर्म लिए गए।

नामांकन दाखिल करने 5 दिन मिलेंगे
19 अप्रैल तक नामांकन भरे जा सकेंगे। कलेक्टोरेट में कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह नामांकन लेंगे। इसके चलते कलेक्टोरेट के 100 मीटर के दायरे में बेरिकेडिंग की गई है। नामांकन दाखिल करने के लिए कैंडिडेट को 3 गाड़ी और 4 अन्य लोगों को अंदर ले जाने की परमिशन है। नामांकन प्रक्रिया सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक चलेगी। 12 से 19 अप्रैल तक नामांकन के लिए यूं तो 8 दिन है, लेकिन 3 दिन छुट्टी होने से नामांकन नहीं लिए जा सकेंगे।
इस तरह कैंडिडेट्स को नामांकन दाखिल करने के लिए 5 दिन ही मिलेंगे। सुरक्षा के लिहाज से कलेक्टर ऑफिस के आसपास कुल 40 पुलिस अधिकारी, जवानों की ड्यूटी लगाई गई है। कलेक्टोरेट में नामांकन प्रक्रिया की हर गतिविधि पर नजर रखने के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं।
बीजेपी कैंडिडेट शर्मा 18 अप्रैल को दाखिल करेंगे
भाजपा उम्मीदवार आलोक शर्मा 18 अप्रैल को अपना नामांकन मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मौजूदगी में दाखिल करेंगे। इससे पहले सुबह 10.30 बजे सोमवारा स्थित भवानी मंदिर से शर्मा की नामांकन रैली शुरू होगी। रैली में बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा भी शामिल होंगे। कांग्रेस कैंडिडेट अरुण श्रीवास्तव 18 या 19 अप्रैल को नामांकन दाखिल कर सकते हैं।
कलेक्टोरेट में नामांकन के लिए कैसी है तैयारी, देखिए फोटो...





4 नॉमिनेशन भर सकेंगे कैंडिडेट
- एक कैंडिडेट अधिकतम 4 नॉमिनेशन फॉर्म भरे सकेंगे।
- नॉमिनेशन के साथ निर्धारित प्रपत्र में एक शपथ पत्र भी देना होगा।
- शपथ पत्र में उम्मीदवार को अपने आपराधिक प्रकरणों की जानकारी भी देनी होगी। ताकि, मतदाता ऐसे उम्मीदवारों की पृष्ठभूमि के बारे में भी जान सकें।
- राजनीतिक दलों को समाचार पत्र एवं टीवी चैनल में आपराधिक प्रकरण वाले उम्मीदवार के चयन का आधार बताते हुए 3 अलग-अलग तारीखों में उद्घोषणा भी प्रकाशित करानी होगी।
