बस के बराबर टाइम ले रही फ्लाइट, पीएमश्री सेवा बंद
मध्यप्रदेश में 5 महीने पहले शुरू हुई पीएम श्री पर्यटन वायु सेवा फेल हो गई है। वजह पैसेंजर न मिलना है। इंदौर, उज्जैन और ग्वालियर की फ्लाइट पूरी तरह से बंद कर दी गई हैं। जिन शहरों में ये उड़ानें चालू हैं भी तो वहां पर्याप्त पैसेंजर्स नहीं मिल रहे हैं। दूसरी ओर, हेली पर्यटन सेवा तो शुरू ही नहीं हुई है।
डॉ. मोहन सरकार का यह महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट है। इसी साल 13 जून को सीएम डॉ. मोहन यादव ने मंत्री-विधायकों की मौजूदगी में भोपाल के राजा भोज एयरपोर्ट से पहली फ्लाइट को फ्लैग ऑफ कर रवाना किया था।
पैसेंजर्स नहीं मिलने की 2 बड़ी वजह
1. पीएम श्री पर्यटन वायु सेवा शुरू करते हुए दावा किया गया था कि भोपाल से इंदौर का सफर 4 से 5 घंटे की बजाय 55 मिनट में पूरा होगा। ऐसा ही दावा उज्जैन के लिए था, लेकिन उड़ान के टेक ऑफ-लैंडिंग के पहले और बाद में होने वाली प्रोसेस लंबी हो गई। इससे पैसेंजर्स को सड़क या ट्रेन मार्ग जितना ही समय लगता है।
2. शुरुआती 30 दिन तक तो 50% डिस्काउंट दिया गया। यानी भोपाल से इंदौर तक निर्धारित किराया 4125 रुपए की जगह 2062.50 रुपए लिया गया। इसके बाद पूरा किराया लिया जाने लगा। अगर यही सफर ट्रेन या चार्टेड बस से किया जाए तो किराया 500 से 600 रुपए है, इसलिए यह सफर महंगा पड़ने लगा।

शेड्यूल से इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर हटाए पीएम श्री पर्यटन वायु सेवा में फ्लाइट का संचालन फ्लाई ओला कंपनी कर रही है। कंपनी ने नवंबर में उड़ानों का नया शेड्यूल जारी किया। इसमें से इंदौर, उज्जैन और ग्वालियर हटा दिए गए। भोपाल से जबलपुर के लिए तो सप्ताह में 3 दिन फ्लाइट है, लेकिन इंदौर-उज्जैन से जबलपुर के लिए उड़ान नहीं है।
नए शेड्यूल के मुताबिक, भोपाल से जबलपुर, रीवा, सिंगरौली और खजुराहो के लिए सप्ताह में 3-3 दिन अलग-अलग टाइमिंग पर फ्लाइट हैं। मामले में एमपी टूरिज्म बोर्ड के कंपनी सेक्रेटरी अंकित कौरव ने कहा-
नवंबर में नया शेड्यूल जारी किया गया है। उसी हिसाब से उड़ानें हैं।

शुरुआत में अच्छा रिस्पॉन्स, फिर दूर होते गए पैसेंजर प्रदेश के पर्यटन स्थलों को हवाई सेवा से जोड़ने के लिए एमपी टूरिज्म बोर्ड ने यह पहल की थी। जेट सर्व एविएशन प्राइवेट लिमिटेड (फ्लाई ओला) से सार्वजनिक निजी भागीदारी (पीपीपी) मॉडल के तहत एग्रीमेंट हुआ था। फ्लाई ओला इसका संचालन कर रही है। शुरुआत में तो इसे अच्छा रिस्पॉन्स मिला लेकिन बाद में भोपाल से इंदौर-उज्जैन और इंदौर से जबलपुर के रूट पर यात्रियों की कमी होने लगी।

सुबह उड़ान, शाम को वापसी प्रदेश में अभी सप्ताह में 6 दिन पीएम श्री फ्लाइट उड़ान भर रही हैं। 3 दिन (सोमवार, बुधवार, शुक्रवार) भोपाल से रीवा, सिंगरौली, जबलपुर तक और भोपाल से खजुराहो, रीवा, सिंगरौली तक हर शनिवार, रविवार, मंगलवार को उड़ानें हैं। खजुराहो के लिए लगातार 2 दिन तक फ्लाइट हैं।
सभी फ्लाइट्स की ऐसी टाइमिंग तय की गई है कि सुबह भोपाल से विमान उड़ान भरे और शाम को वापस लौट आए।
पीएमश्री पर्यटन सेवा का नया शेड्यूल






पहले यह था शेड्यूल
- रीवा को सप्ताह में 2 दिन सोमवार और गुरुवार को इंदौर, जबलपुर और भोपाल से जोड़ा गया।
- ग्वालियर को सप्ताह में 2 दिन मंगलवार को इंदौर, भोपाल, उज्जैन और शनिवार को भोपाल से जोड़ा।
- उज्जैन शहर को सप्ताह में 3 दिन मंगलवार को इंदौर, भोपाल, ग्वालियर, बुधवार को इंदौर, भोपाल, जबलपुर और रविवार को इंदौर, भोपाल से जोड़ा गया था।
- खजुराहो को सप्ताह में 1 दिन शुक्रवार को भोपाल और जबलपुर से जोड़ा गया। अब 3 दिन फ्लाइट उड़ान भर रही है।
इस तरह से बुकिंग
- ऑनलाइन टिकट फ्लाई ओला की वेबसाइट पर जाकर बुक कर सकते हैं। www.flyola.in पर ऑफर, शेड्यूल और किराए से जुड़ी सारी जानकारी मिल जाएगी।
- इंदौर, भोपाल और जबलपुर के एयरपोर्ट पर बुकिंग काउंटर भी बनाए गए थे। इंदौर में उड़ान नहीं होने से इसे बंद कर दिया गया है।
- अभी प्रदेश के 5 शहरों को हवाई सेवा के जरिए जोड़ा गया है। पहले यह संख्या 8 थी।
हेली सेवा लॉन्च, पर 8 महीने में भी शुरू नहीं मध्यप्रदेश में पीएम श्री धार्मिक हेली सेवा और पीएम श्री पर्यटन वायु सेवा करीब 8 महीने पहले लॉन्च की गई थीं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भोपाल में स्टेट हैंगर पर इनकी शुरुआत की थी। इनके जरिए प्रदेश के धार्मिक स्थलों और पर्यटन स्थलों पर कम समय में पहुंचाने का मकसद था। हालांकि, पीएमश्री धार्मिक हेली सेवा अब तक शुरू नहीं हुई है।
