प्रदेशभर में जनसंवाद कार्यक्रम:पहली बार…एक वक्त में, एक साथ 968 थानों की पुलिस ने सुनी जन की बात

0
Spread the love

कार्यक्रम का मकसद था- पुलिस को पता चले- लोगों की उनसे क्या अपेक्षाएं हैं

मप्र पुलिस के इतिहास में ऐसा पहली बार हुआ, जब एक वक्त में, एक साथ 968 थानों में मप्र पुलिस ने आम लोगों से जनसंवाद किया है। मकसद था कि जनता वो कहे जो वो पुलिस से चाहती है। बदमाशों में पुलिस की दहशत हो और आमजन में विश्वास बढ़े। रविवार का दिन इसलिए चुना गया, ताकि लोग ज्यादा से ज्यादा इकट्ठा हो सकें। दोपहर 12 से 2 बजे के बीच चले जनसंवाद में जिले के हर अफसर को रहने की हिदायत थी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश पर हुए इस आयोजन में ज्यादातर लोगों ने खुलकर बात भी रखी।

डीजीपी सुधीर सक्सेना भोपाल के अशोका गार्डन थाना क्षेत्र की वर्धमान ग्रीन पार्क कॉलोनी में हुए जनसंवाद में शामिल हुए। ये आयोजन थाना प्रभारी जितेंद्र पाठक ने किया था। इस दौरान डीजीपी ने कहा कि पुलिस की वर्दी हमें पावर के लिए नहीं, बल्कि नागरिकों की सेवा के लिए मिली है। जनता की सेवा करेंगे तभी वर्दी पहनना सार्थक होगा। मौजूदा हालात में जनता और पुलिस को साथ मिलकर काम करना होगा। इस दौरान उन्होंने आम लोगों द्वारा सीसीटीवी कैमरे लगवाने की बढ़ती भावना की सराहना की और कहा कि इससे अपराधी डरते हैं।

आमजन की परेशानी

मिसरोद-कटारा में ट्रैफिक दुरुस्त करने की मांग मिसरोद पुलिस ने नर्मदापुरम रोड स्थित वृंदावन गार्डन में जनसंवाद किया। इसमें डीसीपी श्रद्धा तिवारी, एसीपी रजनीश कश्यप और थाना प्रभारी रासबिहारी शर्मा शामिल हुए। इस दौरान ज्यादातर लोगों ने सड़क पर बिगड़ते ट्रैफिक की परेशानी उठाई। कटारा हिल्स पुलिस के जनसंवाद में भी लोगों ने बढ़ती दुकानों के कारण संकरी होती सड़कों की परेशानी बयां की। कुछ लोगों ने ये भी शिकायत की कि थाने में केवल 34 लोग हैं, इसलिए गश्त में परेशानी आती है।

बेसिक पुलिसिंग में ये रही बड़ी उपलब्धियां

  • 11 दिसंबर 2022 की रात डीजीपी के निर्देश पर 17 हजार पुलिसकर्मी एक साथ सड़क पर उतरे और एक रात में साढ़े 9 हजार से ज्यादा वारंटी पकड़ लिए।
  • 6 मई 2023 को डीजीपी के निर्देश पर 20 हजार अफसर व कर्मचारी एक साथ पैदल गश्त पर निकले। सभी ने नागरिकों से राह चलते बात भी की थी।
  • 28 दिसंबर 2023 की रात सभी आला अफसरों ने अल सुबह तक 125 थानों का औचक निरीक्षण किया था। डीजीपी ने खुद रातभर में तीन थाने चैक किए।
  • 18 जनवरी 2024 को सभी पुलिस लाइन, दफ्तर और थानों में एक साथ सफाई अभियान भी चलाया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Notice: ob_end_flush(): failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home2/lokvarta/public_html/wp-includes/functions.php on line 5481