हरियाणा की एक सीट पर दावा ठोक रहे चाचा-भतीजी

0
Spread the love

हरियाणा में विधानसभा चुनाव की सरगर्मी के बीच रेवाड़ी की कोसली सीट से कांग्रेस की टिकट के दावेदार राव यादवेंद्र सिंह ने टिकट के लिए अपना पक्का दावा ठोका है। उन्होंने कहा है, ‘मैं ही कोसली से टिकट लूंगा। भले ही दावेदार कितने भी हों।’

उन्होंने कहा, ‘जो टिकट मांगता है वह दावेदार ही होता है, लेकिन दावेदार तो कोई भी हो सकता है। देखना यह चाहिए कि वजनदार कौन है। हवा तो कांग्रेस की है, लेकिन इसका मतलब यह तो नहीं कि वजनदार को छोड़कर किसी को भी टिकट दे दो।’

केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह के छोटे भाई हैं राव यादवेंद्र सिंह।
केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह के छोटे भाई हैं राव यादवेंद्र सिंह।

राव यादवेंद्र की भतीजी भी दावेदार
राव यादवेंद्र सिंह केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह के छोटे भाई हैं। कोसली सीट पर उनके अलावा इस बार रामपुरा हाउस के खिलाफ की राजनीति करने वाले पूर्व मंत्री जगदीश यादव भी कांग्रेस की टिकट के दावेदार है। वहीं, दूसरी तरफ BJP की तरफ से राव इंद्रजीत की बेटी यानी राव यादवेंद्र की भतीजी आरती राव के चुनाव लड़ने की चर्चा है।

आरती राव के कोसली से चुनाव लड़ने की चर्चाओं पर राव यादवेंद्र सिंह ने कहा, ‘अगर आरती चुनाव मेरे सामने चुनाव लड़ती है, तो मैं फाइट करूंगा। पहली बात तो यह कि आरती यहां नहीं आएगी। अगर आएगी और हम दोनों चुनाव लड़ेंगे तो दोनों हारेंगे। कोई बीच में से निकल जाएगा। जो हमारे परिवार का हिमायती होगा, वह यह कभी नहीं चाहेगा।’

भाई के इधर-उधर की चर्चा से किया किनारा
राव यादवेंद्र सिंह ने अपने बड़े भाई राव इंद्रजीत सिंह को लेकर कहा, ‘मैं अभी कांग्रेस में हूं और वह BJP में हैं।’ राव इंद्रजीत सिंह के इधर-उधर बातचीत की चर्चा पर यादवेंद्र ने कहा, ‘मुझे इसकी कोई जानकारी नहीं है। मुझे तो खुद मीडिया से ही जानकारियां मिल पाती हैं।’

2 बार कोसली से विधायक रह चुके
दरअसल, राव यादवेंद्र सिंह पूर्व मुख्यमंत्री राव बीरेंद्र सिंह के सबसे छोटे बेटे हैं। वह 2005 से 2014 तक इसी सीट से कांग्रेस के विधायक रहे हैं, लेकिन 2014 में उनके बड़े भाई राव इंद्रजीत सिंह के BJP में शामिल होने के बाद पिछले दोनों चुनाव में उन्हें हार का सामना करना पड़ा है।

राव इंद्रजीत सिंह ने भले ही पूर्व CM भूपेंद्र सिंह हुड्‌डा से मतभेद के चलते कांग्रेस छोड़ी, लेकिन उनके छोटे भाई यादवेंद्र सिंह को आज भी हुड्‌डा समर्थित नेताओं में गिना जाता है। कोसली सीट पर पिछले दो बार 2014 और 2019 के चुनाव में राव इंद्रजीत समर्थित BJP कैंडिडेट ने जीत दर्ज की है।

इस बार भी राव इंद्रजीत सिंह कोसली से अपने किसी खास समर्थित नेता को चुनाव लड़ाना चाहते हैं। उनकी बेटी आरती राव के कोसली या अटेली विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने की संभावना है।

अटेली में आरती के चचेरे भाई कर रहे तैयारी
वहीं, दूसरी तरफ आरती राव के महेंद्रगढ़ जिले की अटेली विधानसभा सीट से भी चुनाव लड़ने की चर्चा है। इस सीट पर उनके चचेरे भाई राव अभिजीत सिंह भी कांग्रेस की टिकट पर दावेदारी ठोक रहे हैं। अभिजीत सिंह राव अजीत सिंह के छोटे बेटे और राव इंद्रजीत सिंह के भतीजे हैं।

पिछले चुनाव में इसी सीट से कांग्रेस की टिकट पर राव अभिजीत सिंह के भाई राव अर्जुन सिंह ने चुनाव लड़ा था, लेकिन चुनाव हार गए थे। पिछले साल राव अर्जुन सिंह का निधन होने के बाद अभिजीत सिंह राजनीति में एक्टिव हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Notice: ob_end_flush(): failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home2/lokvarta/public_html/wp-includes/functions.php on line 5481