तालाब में कूद कर महिला-पुरुष की सुसाइड का मामला

0
Spread the love

भोपाल के बड़े तालाब में महिला और पुरुष के शव मंगलवार की सुबह मिले। पुलिस के मुताबिक, प्रिया और दुर्गेश दोनों साथ रह रहे थे। महिला के पति की इसी साल 23 जनवरी को सागर में हत्या कर दी गई थी। इसके बाद से ही दोनों के बीच रिलेशन थे।

खास बात यह है कि प्रिया के पति की हत्या के मामले का फरियादी दुर्गेश था, जबकि मुख्य गवाह प्रिया थी। पुलिस इस एंगल पर भी जांच कर रही है कि हत्याकांड के आरोपी राजीनामा करने के लिए दोनों पर दबाव तो नहीं बना रहे थे।

इस हत्याकांड में दोनों के 26 जुलाई को सागर कोर्ट में बयान दर्ज होना थे। टीआई आरवी सिंह विमल ने बताया कि प्रिया की मां पार्वती के बयान दर्ज कर लिए गए हैं। फिलहाल, उन्होंने दामाद दशरथ की हत्या के आरोपियों के द्वारा बेटी को धमकाने की जानकारी होने से इनकार किया है। हालांकि, इस एंगल पर भी जांच की जा रही है।

दुर्गेश से मिलने पहुंची प्रिया और उसके पति पर हमला हुआ था

सागर पुलिस को दिए बयानों में दुर्गेश सोनी ने बताया था कि 23 जनवरी की शाम भोपाल से दोस्त दशरथ साहू और प्रिया साहू मिलने के लिए सागर आए थे। हम लोग कार (MP04ZQ3316) से बड़े शंकरजी के मंदिर बहेरिया दर्शन करने गए थे। दर्शन करने के बाद रात 10.15 बजे बहेरिया चौराहे पर स्थित जलसा होटल पर खाना खाया।

खाना खाने के बाद कार में बैठ गए और होटल से थोड़े आगे बहेरिया पंचायत भवन मेन रोड के पास कार खड़ी करके बातचीत कर रहे थे, तभी रात 12.30 बजे दो अनजान लड़के आए और गाली-गलौज करने लगे। हम लोगों ने कार से बाहर आकर उन्हें गाली देने से रोका। इसी दौरान दो युवक और मौके पर आ गए। उन चारों ने मेरे और दशरथ के साथ मारपीट शुरू कर दी। लात-घूंसों से पीटा।

मारपीट में प्रिया साहू के चेहरे पर चोट आई। दशरथ साहू के मुंह और माथे पर गंभीर चोटें लगीं। घटना की सूचना पर डायल-100 पुलिस आई। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। यहां से दशरथ साहू को भोपाल रेफर कर दिया गया। शिकायत पर बहेरिया थाना पुलिस ने मारपीट समेत अन्य सामान्य धाराओं में केस दर्ज किया। इसी बीच भोपाल में उपचार के दौरान दशरथ साहू की मौत हो गई।

दुर्गेश सोनी का फाइल फोटो
दुर्गेश सोनी का फाइल फोटो

आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा

पुलिस ने हत्या के मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बहेरिया थाना प्रभारी शिवमंगल सिंह ने बताया कि हत्या के मामले में आरोपी प्रिंस पिता सोमराज ठाकुर निवासी लक्ष्मीनगर, समीर उर्फ बलवीर पाल निवासी खजुराहो, श्रीपाल भदौरिया निवासी तुलसीनगर और सचिन पटेल निवासी सानौधा को गिरफ्तार किया था।

परिजनों की मौजूदगी में होगा पीएम

मृतका की मां ने बताया कि बुधवार को उनके नजदीकी रिश्तेदार भोपाल नहीं आ सके। उनका परिवार मूल रूप से खरगौन का रहने वाला है। परिजनों की मौजूदगी में गुरुवार को बेटी के शव का पीएम होगा। इधर, दुर्गेश के भाई अंकित ने बताया कि बुधवार की देर रात को भोपाल पहुंचे हैं। गुरुवार को करीबी रिश्तेदारों की मौजूदगी में बॉडी का पीएम होगा।

यह थी घटना

प्रिया और दुर्गेश के शव बुधवार सुबह 8.30 बजे बोट क्लब स्थित पंप हाउस के पास बड़े तालाब में मिले। इन्हें पोस्टमॉर्टम के लिए मर्चुरी भेज दिया है। नगर निगम के गोताखोरों की मदद से दोनों शव पानी से निकाले गए थे। मोपेड के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर महिला की पहचान प्रिया साहू (32) पत्नी स्वर्गीय दशरथ साहू के रूप में हुई है। दूसरे शव की शिनाख्त दुर्गेश सोनी (32) के रूप में हुई है।

दोनों फिलहाल बाग सेवनिया गायत्री बिहार कॉलोनी में रह रहे थे। परिजनों के बयानों के बाद ही सुसाइड के कारणों का खुलासा हो सकेगा। श्यामला हिल्स थाने के टीआई आरवी सिंह विमल ने बताया कि प्रिया भोपाल में सिलाई का काम करती थी। 13 साल का बेटा है। उसके पति दशरथ साहू की 23 जनवरी को सागर में हत्या हो गई थी। दुर्गेश उसके पति का दोस्त था। दोनों में पहले से जान-पहचान थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Notice: ob_end_flush(): failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home2/lokvarta/public_html/wp-includes/functions.php on line 5481