गुप्त नवरात्र शुरू, भोपाल में शतचंडी पाठ का आयोजन
भोपाल में गुप्त नवरात्र आज, 19 जनवरी से प्रारंभ हो गए है। इस अवसर पर शहर के मां वैष्णो धाम आदर्श नौ दुर्गा मंदिर, प्लेटिनम प्लाजा में शतचंडी पाठ और विशेष पूजा-अर्चना का आयोजन किया जा रहा है। नवरात्रि के दौरान भक्तों की मनोकामना पूर्ति के लिए कुल 25 ज्योत प्रज्वलित की जाएंगी।
घट स्थापना और शतचंडी पाठ
मंदिर के व्यवस्थापक पंडित चंद्रशेखर तिवारी ने बताया कि गुप्त नवरात्र के पहले दिन प्रातः 11 बजे घट स्थापना और वेदियों की स्थापना के साथ विधिवत पूजन किया गया। इसके बाद वैदिक ब्राह्मणों द्वारा शतचंडी पाठ का शुभारंभ हुआ, जो नवरात्रि के अंतिम दिन तक निरंतर चलेगा।

मंदिर की विशेषता और नवरात्रि पूजन
तिवारी ने बताया कि यह भोपाल का एकमात्र मंदिर है, जहां नौ देवियों की स्थापना की गई है और साल में आने वाली चारों नवरात्रों में शतचंडी पाठ कराया जाता है। नवरात्रि के दौरान प्रतिदिन प्रथम दिवस मां शैलपुत्री से लेकर नवम दिवस मां सिद्धिदात्री तक विशेष पूजन किया जाएगा। अष्टमी के दिन हवन का आयोजन किया जाएगा और उसी दिन शतचंडी पाठ का समापन होगा।
भक्तों के लिए विशेष व्यवस्था
मंदिर में भक्त अपनी मनोकामना पूर्ति के लिए ज्योत प्रज्वलित करा सकते हैं। इसके लिए केवल पूजा सामग्री लाकर शामिल होना होगा। आयोजन के दौरान सभी वेदियों का निर्माण कर विधि-विधान से समस्त देवताओं का आह्वान किया जाएगा। मंदिर समिति का दावा है कि यहां मां भगवती भक्तों की समस्त मनोकामनाओं को पूर्ण करती हैं।
