धार में चलती बाइक पर साइलेंट अटैक आने से मौत
धार जिले के जेतपुरा गांव में सोमवार सुबह चलती बाइक पर साइलेंट अटैक आने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। वे अपने छोटे बेटे की 3 दिसंबर को होने वाली सगाई की खरीदारी करने धार शहर जा रहे थे। शख्स की बाइक से गिरने की घटना सीसीटीवी में कैद हो गई है।
जानकारी के मुताबिक, झमकलाल सोलंकी अपने बड़े बेटे के साथ बाइक पर बैठे थे। पत्नी पीछे बैठी थीं। गांव से कुछ दूर पहुंचते ही उन्हें अचानक साइलेंट अटैक आया और वे बाइक से नीचे गिर पड़े। गिरते ही वे सड़क पर बेसुध हो गए। यह पूरी घटना पास के एक रेस्टोरेंट के सामने लगे सीसीटीवी में कैद हो गई।
डॉक्टर ने मौके पर पहुंचकर CPR दिया
पास ही स्थित क्लीनिक के डॉक्टर करण वसुनिया तुरंत मौके पर पहुंचे और CPR दिया। गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें धार के एक निजी अस्पताल ले जाने की सलाह दी गई, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शी नीलेश ने कहा कि वह रेस्टोरेंट में चाय पी रहे थे, तभी बाइक से गिरते देखा। लोग तुरंत दौड़े और मदद की कोशिश की, लेकिन डॉक्टर के प्राथमिक उपचार के बाद भी उन्हें बचाया नहीं जा सका।

3 दिसंबर को बेटे की सगाई थी
परिवार छोटे बेटे अभिषेक की 3 दिसंबर को होने वाली सगाई की तैयारी कर रहा था। खरीदारी के लिए निकले परिवार पर यह घटना अचानक आ गई। घर में जहां खुशियों की तैयारियां थीं, अब वहां मातम पसरा है।
