फोन पर बात हुई, एक घंटे बाद बेटे की मौत

0
Spread the love

‘8 जुलाई 2025। सुबह का वक्त था। हैदराबाद से बेटे सौरभ तिवारी (27) का कॉल आया। वह बहुत परेशान था। कह रहा था कि पत्नी श्रेया पांडेय रात–रात भर किसी से बात करती है। समझाने पर भी नहीं मानती। उससे तलाक लेना है। मैं परेशान हो चुका हूं। मर जाऊंगा। उसे बहुत समझाया। एक घंटे बाद उसकी मौत की खबर आ गई। उसकी शादी को अभी डेढ़ महीना ही हुआ था।’

यह कहते हुए सौरभ की बहन शुभी तिवारी और मां शीतला तिवारी फफक पड़ती हैं। सौरभ शहडोल के जयसिंह नगर थाना क्षेत्र में रहता था। हैदराबाद में प्राइवेट नौकरी करता था। 8 जुलाई 2025 को उसका शव फंदे पर मिला था। पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया। अब सुसाइड एक पहेली बन गया है। अभी तक सटीक कारण का पता नहीं चला है। मामले में अब नया मोड़ आया है।

जयसिंह नगर थाना प्रभारी अजय बैगा ने बताया कि सौरभ के परिवार वालों ने 4 अगस्त को अपनी बहू श्रेया पांडेय के खिलाफ केस दर्ज कराया है। आरोप है कि वह पांच बीघा जमीन और 10 लाख रुपए मांग रही है। कुछ ऑडियो क्लिप भी उपलब्ध करवाई हैं।

दैनिक भास्कर ने मामले की पड़ताल की, तो चौंकाने वाला खुलासा हुआ। युवक के परिवार वालों, लड़की और पुलिस से बात की।

सौरभ और श्रेया की शादी 23 मई 2025 को हुई थी।
सौरभ और श्रेया की शादी 23 मई 2025 को हुई थी।

पहले बात सौरभ के परिवार की….

बहन बोली- भाभी ने कहा था कि मैं जिससे प्यार करती, उसी से बात करूंगी

शुभी तिवारी ने बताया, 23 मई को भाई सौरभ की शादी चंदेला गांव में रहने वाली श्रेया पांडेय से हुई थी। सब लोग बहुत खुश थे। वो भी खुश थी, लेकिन पता नहीं था कि अंदर ही अंदर भाई को मारने की प्लानिंग कर रही है। शादी से पहले उसका कहीं चक्कर चल रहा था, पर उसने कुछ बताया नहीं। उसके घर वालों को भी सब पता था। फिर भी शादी कर दिए। हकीकत में वो भी शादी से खुश नहीं थी। यहां आई थी, तो रात–रात भर किसी से बात करती थी। जब भाई को पता चला, तो उसे बोला। कहा– ये सब क्या कर रही हो। बंद कर दो। हमारी शादी हो गई है, लेकिन वो नहीं मानी। बोल रही थी कि जो मेरा मन करेगा, वही करूंगी। मैं जिससे प्यार करती हूं, उसी से बात करूंगी। तुम्हारे साथ शादी करने की बिल्कुल इच्छा नहीं थी। घरवालों ने जबरदस्ती शादी की थी। इसके बाद भाई तलाक भी मांग रहा था, लेकिन वो नहीं दिया। तंग आकर भाई ने आत्महत्या कर ली।’

हैदराबाद में 8 जुलाई को सौरभ ने फांसी लगा ली थी। दरवाजा काटकर उसे निकाला गया।
हैदराबाद में 8 जुलाई को सौरभ ने फांसी लगा ली थी। दरवाजा काटकर उसे निकाला गया।

सौरभ के पास पहुंच रहे थे ऑडियो क्लिप

शुभी ने बताया कि भाई के पास लगातार कुछ अनजान मोबाइल नंबर से वॉट्सऐप पर ऑडियो क्लिप आ रहे थे। इनमें भाभी श्रेया और दूसरे लड़के की बातचीत सुनाई दे रही थी। जब भाई ने भाभी से पूछा, तो उन्होंने स्वीकार किया कि वह लड़का उनका दोस्त था, लेकिन ज्यादा संबंध नहीं थे। इसके बाद ही भाई ने कई बार भाभी को उसी से बात करते पकड़ा। इसके बाद भी भाई समझाता रहा, ले कन वह नहीं मानी। क्लिप सुनने के बाद भाई ज्यादा तनाव में आ गया था। भाई की उस लड़के से भी बात हुई है, जिसकी बात होती थी।

मौत से पहले एक घंटे हुई थी मां से बात

सौरभ तिवारी की मां शीतला तिवारी ने बताया कि बेटा हैदराबाद में था। 8 जुलाई की सुबह करीब 9:00 बजे उसका फोन आया। कॉल रिसीव किया, तो फोन पर उसकी पत्नी श्रेया और उसकी सास भी पहले से मौजूद थीं। वह कह रहा था कि मम्मी मुझे तलाक दिलवा दो, क्योंकि श्रेया के साथ अब नहीं रह सकता। रात–रात भर दूसरे लड़कों से बात करती है। बार-बार समझाने के बाद भी नहीं मान रही। मुझे इसके साथ नहीं रहना है, तलाक दिलवा दो। मैंने बेटे को खूब समझाने की कोशिश की, लेकिन वह काफी तनाव में था। हताश भी था। इसके बाद कॉल कट गया। इसके एक घंटे बाद खबर आ गई कि बेटे ने फांसी लगा ली है।

बेटे की अर्थी उठते ही घर से निकल कर चली गई बहू

रोते हुए शीतला तिवारी बताती हैं कि जब यह खबर गांव में फैली, तो पूरा गांव इकट्ठा हो गया था। उस वक्त बहू श्रेया यहां नहीं थी। जब हैदराबाद से बेटे की मिट्टी दहलीज पर पहुंची, तब पीछे–पीछे अपने मायके वालों के साथ श्रेया आई। बेटे की अर्थी उठते ही वह वापस मायके चली गई। जब वह रात में घर आई, तो बेटे की मिट्टी आंगन में पड़ी है। वह रूम में जाकर सामान पैक कर रही थी। उसकी इन हरकतों ने हमें झकझोर दिया। हम तो चंदेला में शादी ही नहीं करना चाह रहे थे। मना कर चुके थे, लेकिन श्रेया के माता–पिता की जबरदस्ती के कारण शादी करनी पड़ी।

सौरभ की मां शीतला तिवारी बेटे की तस्वीर को गले से लगाकर रोती रहती हैं।
सौरभ की मां शीतला तिवारी बेटे की तस्वीर को गले से लगाकर रोती रहती हैं।

पुलिस सीडीआर निकाले, तो खुल जाएगा राज

सौरभ के चाचा शालिग्राम तिवारी ने बताया कि पुलिस मामले को गंभीरता से नहीं ले रही। पुलिस कहती है कि सौरभ ने हैदराबाद में की आत्महत्या है। प्रारंभिक जांच हैदराबाद पुलिस को ही करना है, जबकि हमने शहडोल पुलिस को ऑडियो और अन्य दस्तावेज भी उपलब्ध कराए हैं। इससे सिद्ध होता है कि भतीजे ने तनाव कारण ही फांसी लगाई है। पुलिस जब सौरभ और श्रेया का सीडीआर निकालेगी, तो यह लव ट्राएंगल का मामला सामने आएगा। जिस लड़के से श्रेया की बात हो रही थी, भतीजा भी उससे बात कर रहा था। उसने दोनों को समझाया, लेकिन नहीं माने।

अब बात श्रेया की

श्रेया बोली- शारीरिक रूप से कमजोर था पति

श्रेया वर्तमान में अपने मायके चंदेला गांव में ही रह रही है। दैनिक भास्कर की टीम उसका पक्ष जानने चंदेला गांव पहुंची, तो उसने मामले में नया मोड़ आ गया। श्रेया ने कहा, ‘ मुझे नहीं पता कि ससुराल वाले किस ऑडियो क्लिप की बात कर रहे हैं। मैंने सौरभ को धोखा देने की कोशिश नहीं की। मैं अपने माता–पिता की इज्जत को समझती हूं। मेरे पिता मेरी शादी के लिए पैसा कमाकर लाए, लेकिन वो लोग इस बात को नहीं समझते, जबकि वो भी एक बेटी के माता–पिता है।

ससुराल वाले दहेज के लिए प्रताड़ित करते थे। उनकी (पति सौरभ) की शारीरिक क्षमता कुछ कम थी। उन्होंने मुझसे कई बार जिक्र किया। मैं उस पर ध्यान नहीं दियसा। मैंने कहा कि कोई बात नहीं। आप डॉक्टर को दिखाइए, सब ठीक हो जाएगा। वो बोले– ठीक है। मैं ट्राई करूंगा, लेकिन आपकी जिंदगी मेरे साथ खराब हो जाएगी। आप चाहती हो, तो मैं डॉक्टर को जरूर दिखाऊंगा। इसके बाद मैं 11 जून को मायके आ गई थी। इसके बाद ससुराल वालों ने पति को यह कहकर हैदराबाद भेज दिया कि तुम्हारी शादी का कर्ज है, हमें पैसों की जरूरत है। जब 24 घंटे में 18 घंटे पति के साथ रहती थी, तो मैं किसी और से क्यों बात करती। वो कहीं न कहीं अपनी कमजोरी छिपाने के लिए मुझे गलत ठहराना चाहते थे।’

पुलिस बोली– जांच कर रहे हैं

जयसिंहनगर थाना प्रभारी अजय बैगा ने बताया कि दोनों मामलों की शिकायत मिली है। पुलिस दोनों पक्षों को गंभीरता से लेते हुए जांच कर रही है। प्रथम दृष्टि में सुसाइड हैदराबाद में हुआ है। इस कारण प्रारंभिक जांच वहीं शुरू होना है। यहां जो शिकायतें मिली हैं, उनके तथ्यों को तलाशने और परखने की कार्रवाई जारी है। निष्कर्ष निकलते ही वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Notice: ob_end_flush(): failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home2/lokvarta/public_html/wp-includes/functions.php on line 5481