मध्य प्रदेश में 15 सीटों पर भाजपा प्रत्याशी के तौर पर मौजूदा सांसद नहीं, किसी और को समर्थन

0
Spread the love

दैनिक भास्कर उम्मीदवार सर्वे-2024 में अब तक आप ये देख चुके हैं कि मध्य प्रदेश की 29 सीटों पर जनता ने भाजपा और कांग्रेस से प्रत्याशी के तौर पर किन चेहरों को सबसे ज्यादा पसंद किया।

दोनों पार्टियों से टिकट के दावेदारों के तौर पर सबसे ज्यादा पसंद किए गए चेहरों को आमने-सामने रखें तो एक संभावित तस्वीर दिखती है कि 2024 के लोकसभा चुनाव में किस सीट पर कौन से चेहरे आमने-सामने हो सकते हैं।

साथ ही एक और रोचक बात सामने आती है।

अभी मध्य प्रदेश की 29 में से 28 सीटों पर भाजपा का कब्जा है। लेकिन सर्वे में 15 सीटों पर जनता ने मौजूदा सांसद के बजाय किसी दूसरे चेहरे को पसंद किया है। इनमें वो सीटें भी जहां मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव के समय मौजूदा सांसद ने इस्तीफा दे दिया था।

यही नहीं, 21 सीटों पर कांग्रेस की ओर से 2019 के प्रत्याशी के बजाय लोगों ने नया चेहरा पसंद किया है।

देखिए, मध्य प्रदेश में संभागवार लोकसभा सीटों पर जनता की पसंद क्या कहती है…

चंबल संभाग…दोनों लोकसभा सीटों पर मौजूदा सांसदों के बजाय किसी और को समर्थन

चंबल संभाग में 2 लोकसभा सीटें मुरैना और भिंड आती हैं।

मुरैना से नरेंद्र सिंह तोमर सांसद थे, जिन्होंने राज्य के विधानसभा चुनाव के समय सांसदी छोड़ दी थी। अभी वो मध्य प्रदेश विधानसभा के स्पीकर हैं। भिंड से संध्या राय भाजपा की मौजूदा सांसद हैं।

जनता ने सर्वे में इन दोनों की जगह मौजूदा सांसद के बजाय किसी और को समर्थन दिया है। मुरैना से बनवारी लाल धाकड़ और भिंड से लाल सिंह आर्य की टिकट के लिए दावेदारी को ज्यादा समर्थन मिला है।

वहीं कांग्रेस प्रत्याशियों की बात करें तो पिछली बार मैदान में उतरे सिर्फ एक चेहरे देवाशीष को भिंड सीट से जनता ने दोबारा प्रत्याशी बनाने के लिए समर्थन दिया है। देवाशीष 2019 में भिंड सीट से दूसरे स्थान पर रहे थे।

ग्वालियर संभाग…दोनों लोकसभा सीटों पर मौजूदा सांसद के बजाय दूसरे चेहरे को समर्थन

ग्वालियर संभाग में 2 लोकसभा सीटें ग्वालियर और गुना आती हैं।

ग्वालियर से भाजपा के विवेक शेजवलकर सांसद हैं। हालांकि सर्वे में टिकट की दावेदारी पर उनसे ज्यादा जयभान सिंह पवैया को समर्थन मिला है। इस सीट पर जनता ने पिछली बार कांग्रेस से उतरे चेहरे के बजाय भी किसी और को पसंद किया है।

गुना से 2019 में भाजपा के कृष्ण पाल सिंह, कांग्रेस के टिकट पर लड़े ज्योतिरादित्य सिंधिया को हराकर सांसद बने थे। हालांकि अब ज्योतिरादित्य सिंधिया भाजपा में हैं और सर्वे में इस सीट पर भाजपा प्रत्याशी के तौर पर लोगों ने उन्हें सबसे ज्यादा समर्थन दिया है। इस बार कांग्रेस से प्रत्याशी के तौर पर लोगों ने यहां वीरेंद्र रघुवंशी को सबसे ज्यादा पसंद किया है।

रीवा संभाग…3 में से एक ही मौजूदा सांसद को दोबारा प्रत्याशी के तौर पर समर्थन

रीवा संभाग में 3 लोकसभा सीटें सतना, रीवा और सीधी आती हैं।

इन तीनों में से सिर्फ सतना सीट ऐसी है जहां लोगों ने मौजूदा भाजपा सांसद गणेश सिंह को दोबारा प्रत्याशी के तौर पर सबसे ज्यादा समर्थन दिया है।

सीधी से भाजपा सांसद रीति पाठक ने विधानसभा चुनाव के समय इस्तीफा दिया था, जिससे ये सीट अभी खाली है। जनता ने इस बार उनके बजाय डॉ. अजय प्रताप सिंह को बतौर प्रत्याशी सबसे ज्यादा समर्थन दिया है।

रीवा से मौजूदा भाजपा सांसद जनार्दन मिश्रा की जगह लोगों ने इस बार भाजपा के प्रत्याशी के तौर पर डॉ. अजय प्रताप सिंह को ज्यादा समर्थन दिया है।

कांग्रेस के दावेदारों की बात करें तो सिर्फ सीधी सीट से 2019 में दूसरे स्थान पर रहे अजय अर्जुन सिंह को ही दोबारा प्रत्याशी बनाने पर जनता ने समर्थन दिया है। रीवा और सतना दोनों सीटों पर लोग कांग्रेस के प्रत्याशी के तौर पर नया चेहरा पसंद कर रहे हैं।

शहडोल संभाग…1 ही सीट, यहां भाजपा सांसद को दोबारा प्रत्याशी के तौर पर समर्थन

शहडोल संभाग में 1 ही शहडोल लोकसभा सीट आती है।

यहां से मौजूदा भाजपा सांसद हिमाद्री सिंह को लोगों ने इस बार भी भाजपा प्रत्याशी के तौर पर समर्थन दिया है।

वहीं कांग्रेस से 2019 में दूसरे स्थान पर रहीं प्रमिला सिंह के बजाय इस बार लोगों ने रमेश सिंह को प्रत्याशी के तौर पर ज्यादा समर्थन दिया है।

जबलपुर संभाग…2 मौजूदा सांसदों के बजाय दूसरे चेहरों को प्रत्याशी के तौर पर समर्थन

जबलपुर संभाग में 4 लोकसभा सीटें जबलपुर, मंडला, बालाघाट और छिंदवाड़ा आती हैं।

इनमें छिंदवाड़ा सीट ऐसी है जहां जनता ने कांग्रेस के मौजूदा सांसद नकुलनाथ और 2019 में दूसरे स्थान पर रहे भाजपा के नत्थन शाह दोनों को ही दोबारा प्रत्याशी के तौर पर समर्थन दिया है।

जबलपुर से भाजपा सांसद राकेश सिंह ने इस्तीफा दे दिया था। इस बार जनता ने भाजपा प्रत्याशी के तौर पर यहां आशीष दुबे को सबसे ज्यादा समर्थन दिया है।

बालाघाट में भी मौजूदा भाजपा सांसद डॉ. ढाल सिंह बिसेन के बजाय लोगों ने वैभव पवार को बतौर भाजपा प्रत्याशी ज्यादा समर्थन दिया है। मंडला सीट पर लोगों ने मौजूदा भाजपा सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते को ही बतौर प्रत्याशी समर्थन दिया है।

जबलपुर, बालाघाट और मंडला तीनों ही सीटों पर 2019 में कांग्रेस से दूसरे स्थान पर रहे चेहरों के बजाय इस बार जनता ने नए चेहरों को बतौर प्रत्याशी समर्थन दिया है।

सागर संभाग…4 में से 2 ही भाजपा सांसदों को दोबारा प्रत्याशी के तौर पर मिला समर्थन

सागर संभाग में 4 लोकसभा सीटें खजुराहो, दमोह, सागर, टीकमगढ़ आती है।

दमोह सीट पर 2019 में जीते भाजपा सांसद प्रह्लाद सिंह पटेल ने राज्य के विधानसभा चुनाव के समय इस्तीफा दे दिया था। जनता ने इस बार यहां भाजपा प्रत्याशी के तौर पर उनके बजाय अभिषेक भार्गव को सबसे ज्यादा समर्थन दिया है।

सागर सीट से भाजपा के मौजूद सांसद राजबहादुर सिंह के बजाय इस बार लोगों ने आरडी बड़ोनिया को बतौर प्रत्याशी ज्यादा समर्थन दिया है। वहीं खजुराहो और टीकमगढ़ से मौजूदा भाजपा सांसद वीडी शर्मा और डॉ. वीरेंद्र खटीक को जनता ने दोबारा प्रत्याशी के तौर पर समर्थन दिया है।

कांग्रेस से 2019 में दूसरे स्थान पर रहे दो नामों, दमोह से प्रताप सिंह और टीकमगढ़ से किरण अहिरवार को लोगों ने दोबारा प्रत्याशी के तौर पर समर्थन दिया है। जबकि बाकी दोनों सीटों सागर और खजुराहो में जनता ने कांग्रेस के प्रत्याशी के तौर पर नया चेहरा पसंद किया है।

इंदौर संभाग…5 से 4 भाजपा सांसदों को दोबारा प्रत्याशी के तौर पर समर्थन

इंदौर संभाग में 5 लोकसभा सीटें रतलाम, धार, इंदौर, खरगौन और खंडवा आती हैं।

रतलाम, इंदौर, खरगौन और खंडवा से मौजूदा भाजपा सांसदों को जनता ने दोबारा प्रत्याशी के तौर पर समर्थन दिया है। हालांकि धार से मौजूदा भाजपा सांसद छतर सिंह दरबार के बजाय लोगों ने इस सीट पर भाजपा प्रत्याशी के तौर पर रंजना बघेल को ज्यादा समर्थन दिया है।

कांग्रेस के टिकट पर 2019 में दूसरे स्थान पर रहे सिर्फ एक नाम, खरगौन से डॉ. गोविंद मुजाल्दे को लोगों ने दोबारा प्रत्याशी के तौर पर समर्थन दिया है। बाकी तीनों सीटों पर लोगों ने कांग्रेस प्रत्याशी के तौर पर नए चेहरे को पसंद किया है।

उज्जैन संभाग…तीनों मौजूदा सांसदों को दोबारा प्रत्याशी के तौर पर समर्थन

उज्जैन संभाग में 3 लोकसभा सीटें देवास, उज्जैन और मंदसौर आती हैं।

यहां तीनों ही लोकसभा सीटों पर भाजपा प्रत्याशी के तौर पर लोगों ने मौजूदा भाजपा सांसदों को ही समर्थन दिया है।

जबकि 2019 में कांग्रेस के टिकट पर दूसरे स्थान पर तीनों नामों को नकार लोगों ने नए चेहरों को पसंद किया है।

नर्मदापुरम संभाग…2 में से 1 मौजूदा सांसद को दोबारा प्रत्याशी के तौर पर किया गया पसंद

नर्मदापुरम संभाग में 2 लोकसभा सीटें होशंगाबाद और बैतूल आती हैं।

होशंगाबाद से 2019 में जीते भाजपा सांसद उदय प्रताप सिंह इस्तीफा दे चुके हैं। उनके बजाय लोगों ने इस बार भाजपा प्रत्याशी के तौर पर दर्शन सिंह चौधरी को ज्यादा समर्थन दिया है।

बैतूल सीट से मौजूदा भाजपा सांसद डीडी उईके और 2019 में कांग्रेस के टिकट पर दूसरे स्थान पर रहे रामू टेकाम दोनों को ही लोगों ने दोबारा प्रत्याशी के तौर पर समर्थन दिया है। होशंगाबाद सीट से कांग्रेस प्रत्याशी के तौर पर जनता ने नए चेहरे को पसंद किया है।

भोपाल संभाग…2 सीटों पर शिवराज सिंह चौहान को बतौर प्रत्याशी सबसे ज्यादा समर्थन

भोपाल संभाग में 3 लोकसभा सीटें भोपाल, विदिशा और राजगढ़ आती हैं।

तीनों ही सीटों पर मौजूदा भाजपा सांसदों के बजाय लोगों ने किसी और चेहरे को ज्यादा पसंद किया है।

भोपाल और विदिशा दो सीटों पर मौजूदा भाजपा सांसद के बजाय लोगों ने राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को बतौर प्रत्याशी सबसे ज्यादा पसंद किया है।

तीनों ही सीटों पर कांग्रेस प्रत्याशी के तौर पर लोगों ने नए चेहरे को पसंद किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Notice: ob_end_flush(): failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home2/lokvarta/public_html/wp-includes/functions.php on line 5481