सीएम के ‘दुश्मन’ शब्द पर गूंजी तालियां-नारे

0
Spread the love

मीडिया के सवालों में उलझ गए मंत्री सिलावट हाल ही में रतलाम ग्रामीण से भाजपा विधायक मथुरालाल डामर ने भरे मंच से कहा था कि प्रदेश में भाजपा के 165 विधायक हैं, लेकिन मंत्री छोटे-मोटे विधायकों को पहचानते तक नहीं। अब उनकी बात सही साबित होती नजर आ रही है।

दरअसल, इंदौर में मंत्री तुलसी सिलावट प्रेस कॉन्फ्रेंस कर रहे थे। इसी दौरान एक सवाल पर उन्होंने आलोट से भाजपा विधायक चिंतामणि मालवीय को कांग्रेस का नेता समझ लिया। उनसे जुड़े सवाल पर सिलावट ने कहा- यह कांग्रेस का अंदरूनी मामला है, मुझसे क्यों पूछ रहे हो?

तभी उनके पास बैठे एक समर्थक ने उन्हें बताया कि चिंतामणि मालवीय भाजपा के ही विधायक हैं। इस पर मंत्री सिलावट बोले- अच्छा, अपने हैं। लेकिन इसके बावजूद उन्होंने विधायक के पक्ष में बयान नहीं दिया, बल्कि ये कहा कि सही होगा, तभी तो आरोप लगे हैं।

दरअसल, महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष रीना बोरासी ने भाजपा विधायक चिंतामणि मालवीय पर एक महिला के यौन शोषण के आरोप लगाए हैं। इसके जवाब में विधायक ने रीना बोरासी को 10 करोड़ रुपए का मानहानि नोटिस भेजा है। मंत्री सिलावट से इसी मामले पर सवाल पूछा गया था।

जब मंत्री को पता चला कि चिंतामणि मालवीय उनकी ही पार्टी भाजपा के विधायक हैं, तो उन्होंने तुरंत अपना बयान बदलते हुए कांग्रेस की महिला नेता के आरोपों को बेबुनियाद बता दिया।

पूरे सवाल-जवाब के दौरान मंत्री तुलसी सिलावट कन्फ्यूज नजर आए। वे खुद भी असहज दिखे और उनके साथ बैठे भाजपा नेता भी। सिलावट बार-बार पूछते रहे कि किसने आरोप लगाए, क्या आरोप लगाए? बाद में उन्होंने मीडिया पर ही गलत तरीके से सवाल पूछने का आरोप लगाया और उठकर चल दिए।

अब कांग्रेस इस मामले पर चुटकी ले रही है। विधानसभा में उप नेता प्रतिपक्ष हेमंत कटारे ने सोशल मीडिया पर लिखा- सत्ता और पद की राजनीति आपको भले भाजपा में ले गई हो, मगर मन के किसी कोने में कांग्रेस की विचारधारा आज भी सुरक्षित है। अच्छा लगा यह देखकर कि कांग्रेस के दिए आदर्श अब भी आपकी सोच और बयानों में बीच-बीच में झलक ही जाते हैं।

इंदौर में प्रेस कॉन्फ्रेंस में मंत्री तुलसी सिलावट ने भाजपा विधायक को कांग्रेसी समझ लिया।
इंदौर में प्रेस कॉन्फ्रेंस में मंत्री तुलसी सिलावट ने भाजपा विधायक को कांग्रेसी समझ लिया।

सीएम ने दिया ऐसा बयान कि आ गया जोश मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने राज्य खाद्य आपूर्ति निगम के नवनियुक्त अध्यक्ष केपी यादव को लेकर ऐसी बात कह दी कि पूरा हॉल तालियों से गूंज उठा। केपी यादव के समर्थन में नारे लगने लगे। खुद केपी यादव भी अपनी सीट से उठे और सीएम का अभिवादन किया।

दरअसल, गुना-शिवपुरी सीट से सांसद रह चुके केपी यादव नई जिम्मेदारी मिलने के बाद आभार जताने सीएम हाउस पहुंचे थे। यहां कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा- आपकी इस नियुक्ति का आनंद दोगुना है। एक तो दुश्मनों के किले में हमने फतह हासिल की…

सीएम के इतना कहते ही केपी यादव के समर्थक जोश में आ गए और उनके लिए नारेबाजी शुरू कर दी। माहौल ऐसा बन गया कि खुद मुख्यमंत्री भी कुछ पल के लिए हैरान नजर आए।

उधर, लोगों ने भी दिमागी घोड़े दौड़ाने शुरू कर दिए कि आखिर सीएम ने ‘दुश्मन’ शब्द किसके लिए इस्तेमाल किया। हालांकि अगले ही पल उन्होंने स्थिति साफ कर दी। सीएम ने आगे कहा- ऐसे दुश्मन… वो ममता… क्या बात करती थी…’

अब इस पूरे घटनाक्रम का करीब 30 सेकेंड का वीडियो सोशल मीडिया पर खूब चटकारे लेकर शेयर किया जा रहा है। सीएम के इस बयान पर लोगों का दिमाग कहां जा रहा था, यह बताने की जरूरत नहीं है। हालांकि बाद में उन्होंने साफ कर दिया कि उनका इशारा ममता बनर्जी की ओर था।

राज्य खाद्य आपूर्ति निगम के नवनियुक्त अध्यक्ष केपी यादव आभार जताने सीएम हाउस पहुंचे थे।
राज्य खाद्य आपूर्ति निगम के नवनियुक्त अध्यक्ष केपी यादव आभार जताने सीएम हाउस पहुंचे थे।

जब जाम में फंस गए डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ल डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ल का एक वीडियो रीवा से सामने आया है, जिसमें वे ट्रैफिक जाम में फंसे नजर आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि आगे बढ़ने के लिए उन्हें काफी देर तक इंतजार करना पड़ा।

जिस समस्या से आम लोग रोज दो-चार होते हैं, उसी से इस बार खुद सरकार भी घिर गई। अब इस वीडियो पर लोग चुटकी ले रहे हैं। सोशल मीडिया पर कहा जा रहा है कि जब सरकार खुद जाम में फंस रही है, तो उम्मीद है कि इस समस्या का समाधान जल्दी निकलेगा।

हालांकि, डिप्टी सीएम कार्यालय की ओर से इस दावे का खंडन किया गया है। सफाई में कहा गया कि उनकी गाड़ी समेत पूरा काफिला कुछ ही मिनटों में निकल गया था और यह सामान्य ट्रैफिक प्रक्रिया का हिस्सा था।

रीवा में डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ल ट्रैफिक जाम में फंस गए।
रीवा में डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ल ट्रैफिक जाम में फंस गए।

मंत्री विजयवर्गीय का मस्ती भरा अंदाज दिखा

मंत्री कैलाश विजयवर्गीय को आपने अक्सर गुनगुनाते देखा होगा, लेकिन इस बार वे पूरी मस्ती में डांस करते नजर आए। साउथ इंडियन गेटअप में उन्होंने जमकर ठुमके लगाए और अपने साथियों को भी नचाया।

दरअसल, मंत्री विजयवर्गीय, मंत्री प्रहलाद पटेल के बेटे की शादी में शामिल होने तिरुपति पहुंचे थे। यहां उन्होंने लुंगी-कुर्ता पहना और ऊपर से साफा भी बांधा। शादी समारोह में वे पूरे रंग में नजर आए।

उन्होंने शिवराज सिंह चौहान और प्रहलाद पटेल को भी डांस फ्लोर पर खींच लिया। एक वीडियो में कैलाश विजयवर्गीय और प्रहलाद पटेल हाथों से अलग अंदाज में डांस स्टेप करते दिखाई दे रहे हैं।

प्रहलाद पटेल के बेटे की शादी में मंत्री कैलाश विजयवर्गीय डांस करते हुए।
प्रहलाद पटेल के बेटे की शादी में मंत्री कैलाश विजयवर्गीय डांस करते हुए।

इनपुट सहयोग – अभिषेक दुबे (इंदौर), विजय सिंह बघेल (भोपाल), अभिलाष मिश्रा (रीवा)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *