एक घंटे तक जलते रहे डंपर में फंसे ड्राइवर-क्लीनर
निवाड़ी में सड़क किनारे खड़े एक ट्रॉले में पीछे से तेज रफ्तार डंपर घुस गया। टक्कर के बाद डंपर में आग लगने से ड्राइवर और क्लीनर जिंदा जल गए। हादसा बड़े तालाब के पास सोमवार रात करीब 12:30 बजे हुआ। लपटें दूर से ही दिखाई दे रही थीं।
मृतकों की पहचान राजा अहिरवार (32) और गोपाल अहिरवार के रूप में हुई है। दोनों चैनपुरा बटियागढ़ नरसिंहगढ़ के रहने वाले थे। परिजन के आने के बाद निवाड़ी जिला अस्पताल में शवों का पोस्टमॉर्टम किया जाएगा। राजा की तीन बेटियां और एक बेटा है। वहीं, गोपाल के दो बेटियां हैं।
हादसे की तीन तस्वीरें



चार दमकल की मदद से पाया आग पर काबू
पुलिस ने बताया कि टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहन में आग लग गई। सूचना पर फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। चार दमकल की मदद से आग पर काबू पाया गया।
क्रेन की मदद से डंपर के केबिन को हटाकर देखा तो दो शव जले मिले। दोनों मृतक डंपर से दमोह नरसिंहपुर से पारीक्षा झांसी की तरफ जा रहे थे। प्रथम दृष्टया ट्रॉला चालक की लापरवाही सामने आई है। उसने लाइट चालू नहीं कर रखी थी, इस वजह से पता नहीं चल पाया कि ट्रॉला सड़क किनारे खड़ा है।

राख के कारण आग तेजी से फैली
पुलिस ने बताया कि पीछे वाले ट्रक में सीमेंट बनाने में इस्तेमाल होने वाली राख भरी थी, जो टक्कर के बाद सड़क पर फैल गई। इस कारण आग तेजी से फैली। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात को नियंत्रित कर स्थिति को सामान्य किया।
मां के बाद अब पिता की भी मौत
गांव के ही वकील अहिरवार ने बताया कि गोपाल की एक बेटी की उम्र 12 तो दूसरी की उम्र 15 साल है। पांच साल पहले उसकी पत्नी का निधन हो गया था। ऐसे में बुजुर्ग दादा-दादी ही दोनों का सहारा हैं। वहीं, ड्राइवर राजा अहिरवार के चार बच्चों का पालन-पोषण दादी और मां के सहारे है।
