मध्‍यप्रदेश पुलिस की लूट, डकैती, चोरी एवं ठगी के मामलों में प्रभावी कार्यवाही विभिन्‍न जिलों से लगभग 61 लाख रूपए से अधिक की संपत्ति जप्‍त

0
Spread the love
पुलिस मुख्‍यालय, मध्‍यप्रदेश
जनसंपर्क कक्ष
समाचार
मध्‍यप्रदेश पुलिस की लूट, डकैती, चोरी एवं ठगी के मामलों में प्रभावी कार्यवाही
विभिन्‍न जिलों से लगभग 61 लाख रूपए से अधिक की संपत्ति जप्‍त
भोपाल 18 फरवरी 2026। मध्यप्रदेश पुलिस ने प्रदेश में लूट, चोरी एवं ठगी जैसे संपत्ति संबंधी अपराधों पर त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई करते हुए उल्लेखनीय उपलब्धियाँ प्राप्त की हैं। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्य, सीसीटीवी विश्लेषण, मुखबिर तंत्र एवं अंतर्राज्यीय समन्वय के माध्यम से लूट, डकैती, चोरी एवं ठगी के गंभीर प्रकरणों का खुलासा कर विभिन्‍न जिलों से विगत पांच दिनों में लगभग 61 लाख रूपए से अधिक की संपत्ति जप्‍त की है।
भोपाल – थाना टीटी नगर एवं थाना निशातपुरा चोरी का खुलासा
थाना टीटी नगर पुलिस ने बाणगंगा क्षेत्र में सूने मकान से नगदी एवं आभूषण चोरी की घटना का मात्र 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए शातिर महिला आरोपिया को गिरफ्तार किया है। गठित टीम ने तकनीकी विश्लेषण, मुखबिर तंत्र एवं त्वरित दबिश के माध्यम से कार्रवाई कर आरोपिया के कब्जे से 2 लाख 50 हजार रूपए नगद तथा सोने का मंगलसूत्र, कान की बाली, गले की चेन एवं चांदी के आभूषण सहित लगभग 5 लाख 50 हजार रूपए मूल्य की संपत्ति जप्‍त की है।
इसी प्रकार थाना निशातपुरा क्षेत्र में हुई नकबजनी की घटना का खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए गए, जिनका कुल मूल्य लगभग 4 लाख 50 हजार रूपए  है।
अनूपपुर – तंत्र-मंत्र के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह गिरफ्तार
थाना रामनगर पुलिस ने झाड़-फूंक/तंत्र-मंत्र के नाम पर लोगों को डराकर ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश कर 03 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों से पुलिस ने 3 लाख 61 हजार रूपए नगद एवं सोना-चांदी के आभूषण सहित लगभग 11 लाख रूपए की सामग्री जब्‍त की है।
बड़वानी – जनरेटर चोरी करने वाले आरोपी गिरफ्तार
चौकी चाचरिया, थाना सेधवा ग्रामीण पुलिस ने जनरेटर चोरी की वारदात का पर्दाफाश कर 03 आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों से पुलिस ने लगभग  13 लाख रूपए की सामग्री जब्त की है।
छतरपुर – अंतर्राज्यीय 2 आरोपी गिरफ्तार
थाना सिविल लाइन क्षेत्र में एसबीएन कॉलेज के पीछे चौबे कॉलोनी स्थित मकान में हुई चोरी के प्रकरण में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 02 अंतर्राज्यीय आरोपियों को गिरफ्तार कर लगभग 10 लाख रूपए के सोने-चांदी के आभूषण जब्त किए हैं।
श्योपुर – नकबजनी गैंग के सदस्‍य गिरफ्तार
विजयपुर की बजरंग कॉलोनी में हुई चोरी की वारदात का खुलासा करते हुए पुलिस ने गैंग के सदस्‍यों को गिरफ्तार कर नगदी सहित 7 लाख 45 हजार रूपए की सम्‍पत्ति जप्‍त की है।
सीधी – 12 घंटे में चोरी का खुलासा
थाना कमर्जी पुलिस ने 4 लाख से अधिक मूल्य के जेवरात चोरी प्रकरण में त्वरित कार्रवाई करते हुए मात्र 12 घंटे में मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया है।
शिवपुरी – ज्वैलर्स दुकान चोरी प्रकरण का खुलासा
थाना तेन्दुआ पुलिस ने ज्वैलर्स की दुकान में हुई चोरी का सफल खुलासा कर 3 लाख रूपए मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण जब्‍त किया है। साथ ही 02 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
विदिशा – गल्ला मंडी गेट चोरी कांड का खुलासा
थाना कोतवाली पुलिस ने गल्ला मंडी गेट मोहनगिरि क्षेत्र में सूने मकान में हुई चोरी की घटना का त्वरित खुलासा करते हुए 02 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से सोने-चांदी के आभूषण, मोबाइल फोन एवं मोटरसाइकिल सहित लगभग 1 लाख 50 हजार रूपए मूल्य की संपत्ति जप्‍त की है।
इसी प्रकार उज्‍जैन की थाना माकडोन प‍ुलिस ने सोलर प्‍लांट से केबल चोरी करने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर 49 हजार 400 रूपए की सामग्री, दतिया की थाना कोतवाली पुलिस ने ऑटो में सफर के दौरान चोरी करने वाली महिला आरोपियों को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से लगभग 75 हजार रूपए की सामग्री तथा नर्मदापुरम जिले की पिपरिया पुलिस ने बस में चोरी करने वाला अंतर्राज्यीय गिरोह को उत्तरप्रदेश के हाथरस से गिरफ्तार कर लगभग 70 हजार रूपए की सामग्री जब्‍त की है।
मध्यप्रदेश पुलिस अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाते हुए नागरिकों में सुरक्षा एवं विश्वास का वातावरण सुदृढ़ कर रही है। पुलिस की यह प्रतिबद्धता आने वाले समय में भी प्रदेश को सुरक्षित, शांतिपूर्ण एवं अपराधमुक्त बनाए रखने की दिशा में निरंतर जारी रहेगी।
क्रमांक-84/26                राजेश दाहिमा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *