भोपाल में कल बिजलीकर्मियों का प्रदर्शन
राजधानी भोपाल में रविवार को बिजलीकर्मियों का बड़ा प्रदर्शन होगा। अंबेडकर ग्राउंड पर प्रदेशभर से बिजलीकर्मी जुटेंगे। नियमितिकरण के प्रस्ताव पर सुनवाई नहीं होने से उनकी नाराजगी है।
मध्यप्रदेश यूनाइटेड फोरम फॉर एम्प्लाइज एवं इंजीनियर्स संस्थापक इंजीनियर वीकेएस परिहार ने बताया कि प्रदेश की सभी बिजली कंपनियों की समस्याओं को ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री एवं ऊर्जा मंत्री को प्रस्ताव दिया है कि वितरण कंपनियों के संगठनात्मक स्ट्रक्चर में नियमित पद के मंजूर होने पर उन पदों पर संविदा पर कार्यरत अधिकारियों-कर्मचारियों को नियमित किया जाए। प्रस्ताव पर सरकार ने अभी तक संज्ञान नहीं लिया है।
संगठन के प्रदेश मीडिया प्रभारी लोकेंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि नियमितिकरण के प्रस्ताव पर सुनवाई नहीं होने पर आक्रोश है। 3 महीने पहले ही नियमितिकरण का प्रस्ताव दिया गया था। इसलिए रविवार को ‘मुख्यमंत्री ध्यानाकर्षण कार्यक्रम’ कर रहे हैं। नियमित भर्ती होने से पहले बिना परीक्षा सीधे बिजली संविदाकर्मी को नियमित करने की मांग है। वे 10-15 साल से विभाग में काम कर रहे हैं।
पूर्व मुख्यमंत्री कर चुके घोषणा श्रीवास्तव ने बताया कि ऊर्जा विभाग में 49 हजार 263 नियमित पद रिक्त है। इनमें से 5 हजार विद्युत संविदाकर्मियों को मर्ज करने का प्रस्ताव है। सरकार ने अब तक इस पर किसी तरह के एक्शन के संकेत नहीं दिए हैं। पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान सरकार ने इसकी घोषणा भी की थी, लेकिन उसे लागू नहीं किया गया।
प्रदेशभर में दे चुके ज्ञापन संगठन के प्रांतीय अध्यक्ष आरएस कुशवाह ने बताया कि प्रदेश के सभी जिलों में कलेक्टर और जनप्रतिनिधियों को ज्ञापन दिए जा चुके हैं। नई भर्तियां होने से पहले परीक्षा के माध्यम से आए हुए संविदा कर्मचारियों को नियमित पदों पर सीधा समाहित किया जाए।
