शुक्र का राशि परिवर्तन आज से, मालव्य योग बनेगा
नवंबर की शुरुआत के साथ ही बड़ा ग्रह परिवर्तन हो रहा है। शुक्रवार 1 नवंबर की सुबह 4 बजे शुक्र ग्रह कन्या से निकलकर अपनी स्वराशि तुला में प्रवेश कर गए। ज्योतिषाचार्य पं. विनोद गौतम (ज्योतिष मठ संस्थान, भोपाल) के अनुसार इस परिवर्तन से मालव्य राजयोग का निर्माण हुआ है, जिसे सुख, समृद्धि और सौंदर्य का योग कहा जाता है। तुला में स्थित शुक्र का यह गोचर फिल्म, कला, संगीत और मनोरंजन जगत के लिए विशेष रूप से शुभ रहेगा।
पं. गौतम के मुताबिक तुला राशि में सूर्य के साथ शुक्र की युति से राजकीय सहयोग और सरकारी फैसलों में गति आने की संभावना है। वहीं, मंगल-बुध और शनि-राहु की युतियां में बनी रहने से राजनीतिक हलचल तेज हो सकती है। उन्होंने बताया कि मंगल के पश्चिम में अस्त होने से नवंबर के मध्य में राजनीति में कुछ अप्रत्याशित घटनाएं देखने को मिल सकती हैं।

ग्रहों की स्थिति के अनुसार नवंबर का उत्तरार्ध मौसम परिवर्तन लेकर आएगा। 18 और 28 नवंबर के आसपास बारिश के योग बन रहे हैं। यह बारिश किसानों के लिए तो लाभकारी होगी, लेकिन खगोलीय दृष्टि से दो चक्रवाती तूफानों की आशंका भी जताई गई है। इसके साथ ही, ग्रह संकटकाल की दिशा में बढ़ते दिख रहे हैं, जिससे आर्थिक और सामाजिक असंतुलन की स्थितियां कुछ क्षेत्रों में बन सकती हैं।
मालव्य राजयोग के लाभ- इन राशियों को मिलेगा फायदा
- गोचर से विशेष रूप से तुला, सिंह, वृषभ, कन्या, मेष और मीन राशि के जातकों को लाभ होगा
- मेष राशि: आय के नए स्रोत खुलेंगे, यात्राएं लाभकारी होंगी।
- वृषभ राशि: भूमि, भवन या वाहन की खरीद के योग।
- सिंह राशि: आत्मविश्वास बढ़ेगा, वैवाहिक जीवन में सुधार होगा।
- कन्या राशि: करियर और कारोबार में प्रगति के योग।
- तुला राशि: नए संपर्क बनेंगे, प्रेम और आर्थिक लाभ संभव।
- मीन राशि: जीवनसाथी के साथ संबंधों में मधुरता आएगी।
- धनु राशि वालों के लिए भी शुभ संकेत
पं. गौतम के अनुसार धनु राशि के जातकों को भी मालव्य योग का लाभ मिल सकता है। उन्हें नौकरी में तरक्की और आर्थिक वृद्धि के अवसर मिलेंगे। उन्होंने कहा कि जब शुक्र अपनी स्वराशि तुला में आते हैं, तब यह योग ऐश्वर्य, कला, प्रतिष्ठा और समृद्धि का प्रतीक बनता है। कुल मिलाकर नवंबर 2025 का यह ग्रह परिवर्तन कई राशियों के लिए शुभ संकेत लेकर आया है, लेकिन साथ ही यह वर्ष के अंतिम महीनों में कुछ प्राकृतिक और राजनीतिक हलचलों की आहट भी दे रहा है।
