महिला एवं बच्चों से संबंधित एनजीओ एवं पुलिस अधिकारियों की समन्वय बैठक संपन्‍न

0
Spread the love

पुलिस मुख्‍यालय, मध्‍यप्रदेश
जनसंपर्क कक्ष
समाचार
महिला एवं बच्चों से संबंधित एनजीओ एवं पुलिस अधिकारियों की समन्वय बैठक संपन्‍न
भोपाल, 30 अक्‍टूबर 2025। विशेष पुलिस महानिदेशक महिला सुरक्षा शाखा, श्री अनिल कुमार के मार्गदर्शन में दिनांक 29 अक्टूबर 2025 को प्रातः 11:00 बजे, पुलिस मुख्यालय के सभागार में प्रदेश के विभिन्न स्वयंसेवी संगठनों (एनजीओ) एवं महिला थाना प्रभारियों की समन्वय बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में प्रदेश के 42 एनजीओ के लगभग 70 सदस्य तथा सभी महिला थाना प्रभारी सहभागी रहे।
बैठक का उद्देश्य प्रदेश में महिला एवं बच्चों के विरुद्ध घटित अपराधों की रोकथाम के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार करना तथा पुलिस और सामाजिक संगठनों के बीच समन्वय स्थापित करना था। बैठक में आगामी समय में संयुक्त रूप से संचालित किए जाने वाले विभिन्न अभियान प्रस्तावित किए गए, जैसे—
संबल – महिलाओं के विधिक जागरूकता एवं अधिकारों के लिए
सृजन – बालिकाओं के प्रति अपराधों की रोकथाम एवं जागरूकता के लिए
अभिमन्यु – बालकों में विधिक जागरूकता एवं अपराधों की रोकथाम हेतु
चेतना – मानव दुर्व्यापार की रोकथाम हेतु
इस अवसर पर महिला सुरक्षा शाखा से उप पुलिस महानिरीक्षक श्री संतोष सिंह गौर, सहायक पुलिस महानिरीक्षक श्रीमती किरणलता केरकेट्टा, श्री अमृतलाल मीणा, श्रीमती पिंकी जीवनानी तथा यूनिसेफ से श्री लॉली चेन उपस्थित थे।
विशेष पुलिस महानिदेशक (महिला सुरक्षा) श्री अनिल कुमार द्वारा बताया गया कि स्वयंसेवी संगठनों द्वारा संचालित रेस्क्यू ऑपरेशन, पॉक्सो एक्ट, जेजे एक्ट, गुड टच-बैड टच, लैंगिक समानता, बंधुआ मजदूरी, गुम बालिका, बाल विवाह एवं मानव दुर्व्यापार से संबंधित प्रयासों को पुलिस के साथ एकजुट होकर अधिक प्रभावी बनाया जाएगा।
बैठक में प्रमुख वक्ता के रूप में उमनि, विशेष कर्तव्यस्थ अधिकारी, पुलिस महानिदेशक श्री विनीत कपूर द्वारा सामुदायिक पुलिसिंग, सृजन कार्यक्रम, शक्ति समिति तथा एनजीओ के सहयोग से संचालित गतिविधियों एवं उनके सकारात्मक परिणामों पर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि महिला थाना प्रभारी एवं स्वयंसेवी संगठनों के सदस्यों का एक संयुक्त व्हाट्सएप ग्रुप बनाया जाएगा, जिससे आगामी समय में महिला सुरक्षा शाखा द्वारा संचालित अभियानों की रूपरेखा का समन्वित रूप से पर्यवेक्षण किया जा सके। इसी माध्यम से प्रदेश को अपराधमुक्त बनाने की दिशा में संयुक्त प्रयास किए जाएंगे।
क्रमांक-164/25 धीरज/आशीष शर्मा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Notice: ob_end_flush(): failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home2/lokvarta/public_html/wp-includes/functions.php on line 5481