जेवर-ऑटो बिका, बच्चे भी नहीं बचे; 3 की मौत

0
Spread the love
QuoteImage

4 साल के बेटे की हंसी घर में अब कभी नहीं गूंजेगी। उसे बचाने के लिए जिंदगी की जमा पूंजी, ऑटो, सब कुछ बेच दिया, लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था। अब मैं बेसहारा हूं, पर अपने छोटे बेटे के लिए मुझे जीना होगा। बस दुआ कीजिए कि किसी और पिता को यह दर्द न सहना पड़े।

QuoteImage

यह कहना है यासीन खान का, जिन्होंने अपने 4 साल के बेटे उसेद को किडनी की बीमारी की वजह से खो दिया है। उसेद समेत छिंदवाड़ा के परासिया में किडनी की बीमारी से एक-एक करके तीन मासूम बच्चों की मौत हो गई है।

उसेद की ही तरह 5 वर्षीय अदनान खान की भी किडनी फेल होने से जान चली गई। उसके इलाज में परिवार ने 4 लाख रुपए खर्च किए। 4 साल के हितांश सोनी की भी किडनी फेल होने से ही मौत हुई। 9 अन्य बच्चे भी इसी तरह के संक्रमण का इलाज करा चुके हैं, लेकिन बीमारी पकड़ में नहीं आ सकी है। जिला प्रशासन ने अब आईसीएमआर (इंडियन काउंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च) से जांच कराने का फैसला किया है।

किडनी से तीन बच्चों की मौत के बाद हालात जानने दैनिक भास्कर की टीम छिंदवाड़ा के परासिया पहुंची। पढ़िए, रिपोर्ट…

ICMR ने पड़ताल शुरू की, स्वास्थ्य विभाग भी सक्रिय परासिया में किडनी फेलियर से बच्चों की मौत के मामले में ICMR की टीम ने जांच शुरू कर दी है। परिजन के मुताबिक, बच्चों को पहले बुखार और जुकाम हुआ, फिर किडनी में इंफेक्शन। निजी अस्पतालों में भर्ती कराने के बाद भी हालत बिगड़ती गई। नागपुर में इलाज कराया लेकिन तीन बच्चों की जान चली गई।

भोपाल से स्वास्थ्य विभाग की टीम भी परासिया में डेरा डाले हुए है। टीम ने प्रभावित इलाकों का दौरा किया, पीड़ितों के परिवारों से मिली और जानकारी जुटाई। कलेक्टर शीलेंद्र सिंह ने भी टीम के साथ बैठक कर स्थिति की समीक्षा की। अब जांच रिपोर्ट का इंतजार है।

यासीन खान के परिवार ने बेटे उसेद का 3 बार डायलिसिस भी कराया लेकिन बचा नहीं सके।
यासीन खान के परिवार ने बेटे उसेद का 3 बार डायलिसिस भी कराया लेकिन बचा नहीं सके।

14 दिन की बीमारी में चल बसा बेटा परासिया के मैगजीन लाइन में यासीन खान के घर पर मातम पसरा है। उनका 4 साल का बेटा उसेद खान उर्फ उस्सू 14 दिन बीमार रहने के बाद 13 सितंबर को चल बसा। अब घर में सिर्फ यासीन का छोटा बेटा यामान खान (2 साल) ही बचा है।

यासीन बताते हैं कि 31 अगस्त को उसेद को बुखार आया था। स्थानीय क्लीनिक में इलाज के बाद 6 सितंबर को वह ठीक हो गया। अगले दिन फिर बुखार आया तो उसे छिंदवाड़ा अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे नागपुर रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों ने बताया कि उसकी किडनी में इंफेक्शन है। पेशाब रुक रही है।

नागपुर में यासीन की सारी जमा-पूंजी खत्म हो गई। बेटे के इलाज के लिए उन्होंने अपना ऑटो बेच दिया, जो उनके रोजगार का साधन था। घर की महिलाओं के जेवर भी बेच दिए गए। इलाज में 3 लाख रुपए खर्च हुए, लेकिन फिर भी उसेद को नहीं बचाया जा सका।

इलाज के दौरान उसेद का तीन बार डायलिसिस करवाया गया, जिससे किडनी की बीमारी में आराम मिला। लेकिन इस बीच उसके ब्रेन में सूजन आ गई। ब्रेन हेमरेज हो गया। 6 दिन चले इलाज के बाद 13 सितंबर की शाम को उसकी मौत हो गई।

पेट दर्द और उल्टी से परेशान था अदनान परासिया में रहने वाली आफरीन परवीन की आंखों में भी आंसू हैं। इस संयुक्त परिवार में कुछ दिन पहले तक 12 बच्चे थे, लेकिन अब सिर्फ 11 ही बचे हैं। उनका सबसे बड़ा बेटा अदनान, जो सिर्फ 5 साल 8 महीने का था, अब इस दुनिया में नहीं रहा। दोनों किडनियां खराब होने के कारण उसकी जान चली गई।

आफरीन ने बताया कि 21 अगस्त को अदनान को पहली बार बुखार आया था। दवा लेने के बाद वह ठीक हो गया था। 26 अगस्त को उसे बार-बार उल्टी होने लगी, जिसके कारण परासिया के अस्पताल में भर्ती कराया गया। 27 अगस्त को फिर से बुखार आने पर उसे इंजेक्शन दिया गया। अदनान लगातार पेट दर्द और उल्टी की शिकायत कर रहा था।

अदनान की मौत के बाद से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। वे उसके खिलौने देखते रहते हैं।
अदनान की मौत के बाद से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। वे उसके खिलौने देखते रहते हैं।

अदनान की किडनी में संक्रमण मिला था न्यूटन कॉलोनी में रहने वाले परिवार ने डॉ. प्रवीण सोनी से इलाज करवाया। लगातार पेट दर्द और उल्टी की समस्या बने रहने के कारण अदनान को 28 अगस्त को नाहर अस्पताल ले जाया गया।

वहां जांच के बाद अदनान की किडनी में संक्रमण मिला। परिजन उसी रात अदनान को लेकर नागपुर के लिए रवाना हो गए। 9 दिन के इलाज के बाद 7 सितंबर को अदनान ने अपनी आखिरी सांस ली।

18 दिन में 8 लाख खर्च लेकिन नहीं बचा हितांश उमरेठ के वार्ड क्रमांक 6 में रहने वाले चार वर्षीय हितांश सोनी ने शुक्रवार को दम तोड़ा। पिता अमित सोनी ने बताया कि बच्चे को बुखार आने पर परासिया के शिशु रोग विशेषज्ञ के पास लेकर गए थे। जहां तीन दिन उपचार के बाद भी जब बच्चे को आराम नहीं मिला तो डॉक्टर ने उसे नागपुर रेफर कर दिया।

नागपुर के डॉक्टरों ने बताया कि बच्चे की किडनी में इंफेक्शन हो गया है। 18 दिन के उपचार में 8 लाख रुपए का खर्चा आया, लेकिन हितांश को डॉक्टर बचा नहीं पाए।

अदनान के पुराने वीडियो देखकर परिवार का हाल-बेहाल हो जाता है।
अदनान के पुराने वीडियो देखकर परिवार का हाल-बेहाल हो जाता है।

तीन मासूमों की मौत, हजारों बच्चों की जांच परासिया सिविल अस्पताल के ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर अंकित सहलाम ने बताया कि सर्दी, जुकाम और बुखार की शिकायत के बाद कुछ बच्चों का निजी अस्पताल में इलाज कराया गया था। अचानक किडनी की समस्या आने लगी। बच्चों को छिंदवाड़ा और नागपुर रेफर किया गया, तो पता चला कि किडनी में इंफेक्शन हो गया है।

तीन बच्चों की मौत हो चुकी है। कुछ बच्चों का इलाज अभी भी जारी है। स्वास्थ्य विभाग की टीम लगातार इलाकों का दौरा कर 5 साल तक के बच्चों के सैंपल कलेक्ट कर रही है। जांच के बाद ही कारणों का पता चल पाएगा।

CMHO डॉ. गन्नेश गोन्नाडे ने स्थानीय डॉक्टरों के हवाले से बच्चों की मौत का कारण स्पष्ट किया है।
CMHO डॉ. गन्नेश गोन्नाडे ने स्थानीय डॉक्टरों के हवाले से बच्चों की मौत का कारण स्पष्ट किया है।

ICMR की रिपोर्ट के आधार पर करेंगे कार्रवाई छिंदवाड़ा कलेक्टर शीलेन्द्र सिंह ने बताया कि अचानक किडनी इंफेक्शन से बच्चों की मौत चिंता का विषय है। इसके लिए जिला प्रशासन ने इंडियन काउंसिल आफ मेडिकल रिसर्च से संपर्क किया है। दिल्ली की टीम रिसर्च कर बच्चों की मौत के कारणों का पता लगाएगी।

जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके अनुसार कार्रवाई की जाएगी। अगर निजी अस्पताल भी इसके लिए जिम्मेदार माने जाते हैं, तो उनके खिलाफ भी कार्रवाई होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Notice: ob_end_flush(): failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home2/lokvarta/public_html/wp-includes/functions.php on line 5481