“ब्रह्माकुमारीज़ सुख शांति भवन में निशुल्क होम्योपैथी हेल्थ कैंप – स्वास्थ्य और आध्यात्म का सुंदर समागम”

सादर प्रकाशनार्थ
“ब्रह्माकुमारीज़ सुख शांति भवन में निशुल्क होम्योपैथी हेल्थ कैंप – स्वास्थ्य और आध्यात्म का सुंदर समागम”
“निशुल्क स्वास्थ्य शिविर: शारीरिक,मानसिक एवं आध्यात्मिक स्वास्थ्य पर प्रशिक्षण”
सुख शांति भवन मेडिटेशन रिट्रीट सेंटर, नीलबड़ में गवर्नमेंट होम्योपैथी कॉलेज के सहयोग से नीलबड़ वासियों के लिए निशुल्क होम्योपैथिक स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया।
इस सेवा-संलग्न पहल का उद्देश्य जनसामान्य को वैकल्पिक चिकित्सा पद्धति द्वारा संपूर्ण स्वास्थ्य लाभ देना रहा।
शिविर में अनुभवी होम्योपैथिक चिकित्सकों की टीम ने लोगों की नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच की जिसमें बीपी, पल्स,आदि की जांच की गई साथ ही व्यक्तिगत, शारीरिक एवं मानसिक समस्याओं के आधार पर होम्योपैथिक औषधियाँ प्रदान कीं।
विशेष रूप से सर्दी-खांसी, एलर्जी, माइग्रेन, त्वचा रोग, मानसिक तनाव, महिलाओं की स्वास्थ्य समस्याओं और पुरानी बीमारियों के लिए परामर्श दिए गए। प्रत्येक व्यक्ति से भावनात्मक एवं व्यक्तिगत प्रश्नों के माध्यम से उनकी बीमारी के मानसिक कारणों को भी जानने का प्रयास किया गया एवं काउंसलिंग की गई।
कार्यक्रम की शुरुआत राजयोग ध्यान सत्र से हुई, जिसमें प्रतिभागियों को आंतरिक शांति एवं आत्मबल का अनुभव कराया गया। राजयोग शिक्षिकाओं ने बताया कि कैसे ध्यान और सकारात्मक सोच , होम्योपैथी चिकित्सा के साथ मिलकर संपूर्ण स्वास्थ्य के लिए एक प्रभावशाली आधार बन सकती है।
शिविर में ब्रह्माकुमारीज़ संस्था के वरिष्ठ सदस्यों एवं गवर्नमेंट होम्योपैथी कॉलेज के डॉक्टरों ने सहभागिता करते हुए सेवाभावी भावना के साथ सभी का मार्गदर्शन किया। उपस्थित जन इस समग्र, आध्यात्मिक और वैकल्पिक चिकित्सा-आधारित प्रयास से बहुत लाभान्वित हुए।
यह शिविर सेवा, संवेदना और समर्पण का एक आदर्श उदाहरण रहा, जहाँ होम्योपैथी चिकित्सा और राजयोग ध्यान ने मिलकर स्वास्थ्य और आत्मबल का मार्ग प्रशस्त किया।
