श्रद्वेय जोशी जी ने आदर्श व प्रतिबद्व कार्यकर्ता के रूप में जनता के दिलों में राज किया
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, विधानसभा अध्यक्ष श्री नरेन्द्र सिंह तोमर, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व विधायक श्री हेमंत खण्डेलवाल एवं प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह ने स्वर्गीय कैलाश जोशी की जयंती पर सोमवार को विधानसभा सभागृह में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित किया
—————————————————-
– श्रद्वेय जोशी जी ने आदर्श व प्रतिबद्व कार्यकर्ता के रूप में जनता के दिलों में राज किया
– डॉ. मोहन यादव
– स्वर्गीय जोशी जी के बताए मार्ग पर चलकर जीवन को सार्थक बनाएं
– श्री नरेन्द्र सिंह तोमर
– सत्ता में रहते हुए सत्ता का त्याग स्वर्गीय कैलाश जोशी से सीखा जा सकता है
– श्री हेमंत खण्डेलवाल
– स्वर्गीय कैलाश जोशी की प्रेरणा, आदर्श, उनके विचार हम सभी का मार्गदर्शन करेंगे
– डॉ. महेन्द्र सिंह
भोपाल, 14/07/2025। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने वर्चुअली एवं विधानसभा अध्यक्ष श्री नरेन्द्र सिंह तोमर, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व विधायक श्री हेमंत खण्डेलवाल, प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह ने स्वर्गीय कैलाश जोशी की जयंती पर सोमवार को विधानसभा सभागृह में कैलाश जोशी फाउंडेशन द्वारा आयोजित कार्यक्रम को संबोधित किया। पार्टी के प्रदेश संगठन महामंत्री श्री हितानंद जी कार्यक्रम में विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम को प्रदेश शासन के मंत्री श्री कैलाश विजयवर्गीय, श्री राकेश सिंह, श्री प्रहलाद पटेल एवं पूर्व मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने भी संबोधित किया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने वर्चुअली संबोधित करते हुए कहा कि श्रद्वेय कैलाश जोशी जी ने आजादी के बाद से ही बागली जैसे आदिवासी अंचल से जनसंघ और भारतीय जनता पार्टी को मजबूत करने के लिए कड़ी मेहनत की और मध्यप्रदेश के विकास में अभूतपूर्व योगदान दिया। मध्यप्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष श्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने कहा कि स्वर्गीय कैलाश जोशी जी के बताए मार्ग पर चलकर हम सब अपने जीवन को सार्थक बना सकते हैं। जोशी जी 21 वर्ष की आयु में जनसंघ से जुड़े और अपने लंबे कालखंड में कई पदों को सुशोभित किया। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष व विधायक श्री हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि पार्टी के वरिष्ठ नेता, व राजनीति के संत स्वर्गीय कैलाश जोशी जी व्यक्तित्व, व्यवहार, आचरण और सदगी की प्रतिमूर्ति थे। सत्ता में रहते हुए सत्ता का त्याग करना स्वर्गीय जोशी के आचरण और व्यवहार से सीखा जा सकता है। पार्टी के प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह ने कहा कि स्वर्गीय कैलाश जोशी की प्रेरणा, आदर्श, उनके विचार हम सभी का मार्गदर्शन करेंगे और हम सभी लोग उनके विचारों को आत्मसात कर आगे बढ़ेंगे। कार्यक्रम के दौरान नेतागणों ने कैलाश जोशी फाउंडेशन द्वारा प्रकाशित पुस्तक का विमोचन भी किया।
श्रद्धेय कैलाश जोशी जी ने मध्यप्रदेश के विकास में मजबूत योगदान दिया-डॉ. मोहन यादव
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने वर्चुअली संबोधित करते हुए कहा कि श्रद्वेय कैलाश जोशी जी ने आजादी के बाद से ही बागली जैसे आदिवासी अंचल से जनसंघ और भारतीय जनता पार्टी को मजबूत करने के लिए कड़ी मेहनत की और मध्यप्रदेश के विकास में अभूतपूर्व योगदान दिया। उन्होंने एक प्रभावी विधायक के रूप में अपनी पहचान बनाई। प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता स्वर्गीय कैलाश जोशी जी एक जमीन से जुड़े नेता थे जो सदैव जनता के हितों के लिए प्रयासरत रहे। उन्होंने कहा कि श्रद्वेय जोशी जी ने आदर्श व प्रतिवद्व कार्यकर्ता के रूप में नियमों का पालन करते हुए जनता के दिलों में राज किया। मध्यप्रदेश में संगठन विस्तार में उनकी अहम भूमिका रही। प्रदेश के मुख्यमंत्री रहते श्रद्वेय जोशी जी ने राजनीति को नई दिशा देने के साथ ही पार्टी व प्रदेश के विकास में जो योगदान दिया वह अभूतपूर्व है। उन्होंने विधायक, मुख्यमंत्री व सांसद रहते हुए भारतीय जनता पार्टी जो दायित्व सौंपा उसे मजबूती के साथ निर्वहन किया। वे राजनीतिक शुचिता और समर्पण के प्रतीक थे। श्रद्वेय जोशी के अध्यक्षीय कार्यकाल में सुश्री उमा भारती जी ने कांग्रेस की सरकार को उखाड़ फेककर भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका का निर्वहन किया था। राजनीति, पार्टी और प्रदेश के उत्थान में श्री जोशी जी का योगदान अविस्मरणीय है। श्रद्वेय जोशी जी की अद्भुत संगठन क्षमता हमेशा प्रत्येक कार्यकर्ता के लिए प्रेरणा का काम करती रहेगी।
त्याग, तपस्या और ईमानदारी के प्रतिमान थे जोशी जी – श्री नरेन्द्र सिंह तोमर
मध्यप्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष श्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने कहा कि जनसंघ की पहचान त्याग, तपस्या और ईमानदारी थी। स्वर्गीय कैलाश जोशी ने अपने आचरण व व्यवहार से त्याग, तपस्या व ईमानदारी के नए प्रतिमान स्थापित किए हैं। कार्यकर्ता तैयार करना, जनता के लिए संघर्ष करना अगर किसी को सीखना है तो वह स्वर्गीय जोशी के जीवन से सीख सकते हैं। हमारे जैसे लाखों कार्यकर्ताओं को स्वर्गीय जोशी के साथ कार्य करने का अवसर मिला। उनकी प्रेरणा से आज मैं इस मुकाम पर पहुंचा हूं। जोशी जी कथनी में नहीं करनी में विश्वास करते थे। अच्छाई और ईमानदारी तो देश में स्थापित है, लेकिन सवाल यह है कि कौन किसको ईमानदार मानता है। कैलाश जोशी जी ऐसे अद्भुत व्यक्तित्व के धनी थे कि उनके कालखंड में चाहे पक्ष का नेता हो या विपक्ष का व्यक्ति उन्हें जानता था, वह उनकी ईमानदारी व समर्पण को मानता भी था। यह उनके जीवन की सबसे बड़ी सार्थकता थी। उन्होंने कहा कि वे अपनी साफगोई के लिए देशभर में जाने जाते थे। जब भी सच बोलने की आवश्यकता पड़ी, वे अपना नुकसान करके भी सच बोलने से पीछे नहीं हटे।
जोशी जी के व्यक्तित्व को आचरण में उतारने से जीवन धन्य हो जाएगा-श्री हेमंत खण्डेलवाल
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष व विधायक श्री हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि मध्यप्रदेश की राजनीति में अपने व्यक्त्वि व आचरण से किसी ने अमित छाप छोड़ी है तो वह श्रद्धेय कुशाभाऊ ठाकरे के बाद स्वर्गीय कैलाश जोशी ही रहे। उन्होंने अपने आचरण व व्यक्तित्व से अमिट छाप छोड़ी है। राजनीति, पार्टी और प्रदेश के उत्थान में श्री जोशी जी का योगदान अविस्मरणीय है। वे वास्तव में भारतीय राजनीति के “राजनीतिक संत“ थे। उन्होंने सादगी से सभी का मन मोहा। आज की पीढ़ी को तकनीक का उपयोग तो करना है, अपने ज्ञान का उपयोग करना है, लेकिन किसी से सादगी और सद्विचार सीखना है जो उसे स्वर्गीय कैलाश जोशी को जरूर याद करना चाहिए। नई पीढ़ी के लिए वह एक आदर्श हो सकते हैं। मैं आशा करता हूं कि भाजपा का हर कार्यकर्ता, समाज का हर व्यक्ति उनके व्यक्तित्व को पढ़ेगा, उनके हर वह पल याद करेगा, जो समाज के साथ बिताए हैं उसको याद करेगा, उसको अपने आचरण में लाने का एक भी काम करेगा, तो जीवन धन्य हो जाएगा।
कैलाश जोशी की प्रेरणा, आदर्श, उनके विचारों को आत्मसात कर आगे बढेंगे-डॉ. महेन्द्र सिंह
भाजपा के प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह ने कहा कि श्रद्धेय कैलाश जोशी ने मध्यप्रदेश में मुख्यमंत्री एवं संगठन में कई दायित्वों का निर्वहन कर आमजनों की सेवा करते हुए आगे बढ़ते रहे। स्वर्गीय कैलाश जोशी जी ने वर्ष 1962 से 1998 तक लगातार आठ बार विधायक रहकर जनता के बीच सेवा का आदर्श स्थापित किया, यह कोई सामान्य बात नहीं है। स्वर्गीय जोशी वर्ष 2000 से 2004 तक राज्यसभा सांसद, 2004 से 2014 तक भोपाल के लोकसभा सांसद, दो बार विपक्ष के नेता और प्रदेश के मुख्यमंत्री एवं संगठन में कई महत्वपूर्ण दायित्वों का निर्वहन करते हुए जनता के दिलों में राज किया। महान लोग आते हैं और अपने पदचिन्हों के अमिट छाप छोड़कर चले जाते हैं। मैं अपनी भावपूर्ण श्रद्धांजलि और पुष्पांजलि अर्पित करता हूं। स्वर्गीय कैलाश जोशी की प्रेरणा, आदर्श, उनके विचार हम सभी का मार्गदर्शन करेंगे और हम सभी लोग उनके विचारों को आत्मसात कर आगे बढ़ेंगे।
इस अवसर पर प्रदेश शासन की मंत्री श्रीमती कृष्णा गौर, प्रदेश शासन के पूर्व मंत्री श्री गौरीशंकर शेजवार, पार्टी के प्रदेश महामंत्री व विधायक श्री भगवानदास सबनानी, प्रदेश महामंत्री श्री रणवीर सिंह रावत, महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष व सांसद श्रीमती माया नारोलिया, प्रदेश प्रवक्ता व सांसद श्री महेन्द्र सिंह सोलंकी, महापौर श्रीमती मालती राय, जिला अध्यक्ष श्री रविन्द्र यति, देवास जिला अध्यक्ष श्री राय सिंह सेंधव, नगर निगम अध्यक्ष श्री किशन सूर्यवंशी एवं वरिष्ठ पत्रकार श्री राजेन्द्र शर्मा मंचासीन रहे।
(आशीष उषा अग्रवाल)
प्रदेश मीडिया प्रभारी
