मुरैना में डबल मर्डर, चाचा-भतीजे को गोली मारी
मुरैना के सिहौनिया थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह दो शराब कारोबारियों की गोली मारकर हत्या हो गई। पहले खबर आई थी कि दोनों ने एक-दूसरे पर गोली चलाई थी। बाद में पता चला कि मिरघान गांव निवासी बंटी भदौरिया और भोला भदौरिया रिश्ते में चाचा-भतीजे थे, जिन्हें किसी और ने गोली मारी है। घटना आज (सोमवार) सुबह करीब 8 बजे भाई खां का पुरा गांव के पास हुई।
जानकारी के मुताबिक बंटी, भोला का चाचा था। बंटी को सोमवार सुबह किसी ने फोन पर जानकारी दी कि कोई अवैध शराब लेकर आ रहा है। यह सुनकर भोला भी बंटी के पास पहुंचा। दोनों फोन पर बताई जगह के लिए कार से रवाना हो गए।
वे सिहौनिया थाना क्षेत्र के भाई खां का पुरा गांव पहुंचे। यहां अवैध शराब कारोबार से जुड़े दूसरे ग्रुप के प्रदीप तोमर, लुक्का तोमर और ललकी पंडित पहले से मौजूद थे। दोनों गुट एक-दूसरे से विवाद करने लगे। इसी बीच बंटी की ओर से फायरिंग हुई, ये देखकर विरोधी गुट ने भी गोलीबारी शुरू कर दी, जिसमें बंटी और भोला की मौत हो गई।


मृतक बंटी अवैध शराब का सिंडिकेट चलाता था जानकारी के मुताबिक मुरैना जिले का शराब का ठेका राजा परमार नाम के कारोबारी के पास है। बंटी भदौरिया अपने भतीजे भोला भदौरिया के साथ मिलकर अवैध शराब का सिंडिकेट चलाता था। विरोधी पार्टी के प्रदीप तोमर, लुक्का तोमर और ललकी पंडित भी अवैध शराब का कारोबार करते हैं। दोनों पक्षों के बीच पहले भी कई बार झड़प हो चुकी है।
कटारे बोले-कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी एमपी विधानसभा में उप नेता प्रतिपक्ष हेमंत कटारे ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा- मध्यप्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी है। मुरैना जैसे संवेदनशील जिले में दिनदहाड़े सरेआम गोलीबारी की घटना कोई सामान्य बात नहीं, यह सरकार की नाकामी का प्रतीक है।

