भोपाल के भेल में आग…5 घंटे बाद भी नहीं बुझी
भोपाल में भेल (भारत हैवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड) के गेट नंबर 9 के पास कैंपस के अंदर वेस्ट मटेरियल में आग लग गई है। बताया जा रहा है कि अंदर ऑयल की टंकियों में ब्लास्ट हुआ है। हजारों पेड़-पौधे आग की चपेट में आ गए। 8 फायर ब्रिगेड की गाड़ियां और 4 टैंकर मौके पर पहुंचे और आग बुझाने की कोशिश की।
सुबह करीब 11.30 बजे आग लगी थी, जो 5 घंटे बाद भी पूरी तरह से काबू में नहीं आ सकी है। हालांकि दोपहर 2 बजे तक आग को फैलने से रोक लिया गया, लेकिन अभी भी रह-रहकर आग सुलग रही है। अभी भी आसमान में धुआं उठ रहा है।
भोपाल नगर निगम और मंडीदीप की दमकलें आग बुझाने की कोशिश में जुटी हुई है। सीआईएसएफ (केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल) की टीम को भी तैनात किया गया है। आग से हजारों पेड़-पौधे जल गए। आग कैसे लगी, फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है।
15 किमी दूर से दिखाई दिया धुआं कैंपस से उठ रहा धुआं 15 किमी दूर से दिखाई दिया। आग की लपटें करीब 20 फीट तक ऊंची उठ रहीं थी। अभी तक किसी तरह के नुकसान की जानकारी से भेल के अफसर इनकार कर रहे हैं।

कलेक्टर-एसडीएम मौके पर मौजूद फिलहाल किसी को अंदर नहीं जाने दिया जा रहा है। जिस जगह आग लगी है, वह गेट नंबर 9 से करीब 200 मीटर दूर है। हालांकि फैक्ट्री उससे काफी दूर है, लेकिन अंदर भी हड़कंप की स्थिति है। आग लगने की सूचना मिलते ही कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह, गोविंदपुरा एसडीएम रवीश श्रीवास्तव समेत कई अफसर पहुंचे। मंत्री विश्वास सारंग भी मौके पर पहुंचे।
मंडीदीप से भी बुलाई गई फायर ब्रिगेड कलेक्टर कौशलेंद्र सिंह ने बताया, गेट नंबर 1 और 9 की तरफ से आग बुझाई जा रही है। भेल की चार फायर ब्रिगेड और नगर निगम की चार फायर ब्रिगेड लगातार आग बुझा रही हैं। इसके साथ ही चार टैंकर भी पहुंच गए हैं। मंडीदीप से भी फायर ब्रिगेड बुलाई गई है।
आग बाहर निकल जाती तो बड़ा हादसा हो सकता था मौके पर पहुंचे मंत्री विश्वास सारंग ने कहा कि पूरे एरिया में पेड़ लगे हैं। जंगल जैसा एरिया है। फैक्ट्री का कोई पॉर्ट या टाउनशिप नहीं है। मौके पर दमकलें पहुंची और आग पर काबू पाने में लगी। यह हिस्सा बेतरतीब जंगल जैसा है। भोपाल कलेक्टर से कहा है कि इसे लेकर भेल प्रबंधन से बात करें और सुरक्षा के इंतजाम का कहे। यदि यह आग बाहर निकल जाती तो शहर में बड़ा हादसा हो सकता था।
देखिए तस्वीरें…




