*मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने देहदान व अंगदान को प्रोत्साहित करने लिये ऐतिहासिक निर्णय*
*मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने देहदान व अंगदान को प्रोत्साहित करने लिये ऐतिहासिक निर्णय*
*उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने व्यक्त किया आभार*
भोपाल, 10 फ़रवरी 2025
उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा है कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने देहदान एवं अंगदान को प्रोत्साहन देने और देहदान करने वाले नागरिकों का सम्मान करने के लिये ऐतिहासिक निर्णय लिये हैं। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने इस पहल के लिए मुख्यमंत्री डॉ. यादव का अभिनंदन किया है और आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि यह समाज के लिए प्रेरणादायक कदम है। उन्होंने कहा कि देहदान और अंगदान जीवन का सबसे महान दान है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव का यह निर्णय निश्चित ही अधिक से अधिक लोगों को अंगदान और देहदान के लिए प्रेरित करेगा। इसके माध्यम से अनेक लोगों को नया जीवन प्राप्त होगा।
उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने कहा कि यह पहल चिकित्सा सेवा क्षेत्र को नई दिशा प्रदान करेगी, साथ ही समाज में मानवता एवं सेवा के मूल्यों को भी प्रोत्साहित करेगी। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने उन सभी व्यक्तियों और परिवारजन का अभिनंदन किया है जिन्होंने अंगदान और देहदान के लिए स्वीकृति दी है।
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने देहदान करने वाले व्यक्तियों का राजकीय सम्मान करने का निर्णय लिया है। इसके साथ ही प्रदेश में अंग प्रत्यारोपण से संबंधित एक राज्यस्तरीय संस्थान की स्थापना की जाएगी। अंगदान करने वाले व्यक्तियों के परिवारों को आयुष्मान कार्ड प्रदान करने और राष्ट्रीय पर्वों पर सम्मानित करने का निर्णय भी लिया गया है। उन्होंने यह भी निर्णय लिया है कि प्रदेश के सभी मेडिकल कॉलेजों में अंगदान एवं अंग प्रत्यारोपण की सुविधाओं की व्यवस्था की जाएगी।
