PM मोदी के खिलाफ चुनाव आयोग में आचार संहिता उल्लंघन की शिकायत; TMC नेता बोले- प्रचार के लिए सेना का हेलिकॉप्टर इस्तेमाल किया

0
Spread the love

तृणमूल कांग्रेस के सांसद साकेत गोखले ने पीएम मोदी के खिलाफ चुनाव आयोग में आचार संहिता उल्लंघन की शिकायत दर्ज कराई है। गोखले का आरोप है कि पीएम मोदी ने आंध्र प्रदेश के पालनाडु में लोकसभा सीट चिलकलुरिपेट में एक चुनावी रैली में भाग लेने के लिए भारतीय वायु सेना के हेलिकॉप्टर का इस्तेमाल किया।

तमिलनाडु गवर्नर का DMK नेता पोनमुडी को मंत्री नियुक्त करने से इनकार, इसके खिलाफ राज्य सरकार सुप्रीम कोर्ट पहुंची

तमिलनाडु के गवर्नर आरएन रवि ने DMK नेता के पोनमुडी को स्टेट कैबिनेट में मंत्री नियुक्त करने से इनकार कर दिया, जिसके बाद तमिलनाडु सरकार ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका लगाई। सुप्रीम कोर्ट इस मामले पर सुनवाई के लिए तैयार हो गया है। CJI ने सरकार के वकील से ईमेल भेजने कहा है।

दरअसल, गवर्नर रवि ने पोनमुडी को मंत्रिमंडल में फिर से शामिल करने से यह कहते हुए इनकार कर दिया था कि यह संवैधानिक नैतिकता के खिलाफ होगा। राज्यपाल ने मुख्यमंत्री स्टालिन को लिखे लेटर में कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने केवल अंतरिम आदेश के जरिए दोषी पोनमुडी को निलंबित किया है।

के कविता ने ED की गिरफ्तारी के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में याचिका लगाई, दिल्ली शराब घोटाले के आरोप में एजेंसी ने अरेस्ट किया था

तेलंगाना के पूर्व मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव की बेटी और विधायक के. कविता ने ED की गिरफ्तारी के खिलाफ सोमवार (18 मार्च) को सुप्रीम कोर्ट में याचिका लगाई। दिल्ली शराब घोटाले में ED ने उन्हें 8 घंटे की पूछताछ के बाद शुक्रवार को गिरफ्तार किया था। दिल्ली शराब घोटाले केस में ED ने गुरुग्राम से कारोबारी अमित अरोड़ा को 30 नवंबर, 2022 में गिरफ्तार किया था। ED के मुताबिक, अमित ने अपने बयानों में TRS नेता के. कविता के नाम का लिया था। इसके बाद से ही ED ने उनके खिलाफ जांच शुरू की थी।

गुजरात के अंजार में कॉन्ट्रेक्टर ने मजदूरों को जिंदा जलाने की कोशिश की, पुलिस ने गिरफ्तार किया

गुजरात के अंजार में एक कॉन्ट्रेक्टर ने अपने साथ काम करने वाले मजदूरों को जिंदा जलाने की कोशिश की है। आरोपी कॉन्ट्रेक्टर ने मजदूरों की 10 झोपड़ियां रविवार (17 मार्च) को जलाईं। अंजार पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर हत्या की कोशिश का मामला दर्ज कर लिया है।

पुलिस ने बताया कि मजदूर झोपड़ियों को जलता देख समय रहते बाहर आ गए थे, जिस कारण कोई भी घायल नहीं हुआ।

तेलंगाना की राज्यपाल और पुडुचेरी की उपराज्यपाल तमिलिसाई सौंदरराजन ने इस्तीफा दिया

तेलंगाना की राज्यपाल और पुडुचेरी की उपराज्यपाल तमिलिसाई सौंदरराजन ने सोमवार (18 मार्च) को पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को अपना इस्तीफा सौंप दिया है। वे 8 सितंबर 2019 से इन पदों पर थीं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक वे लोकसभा चुनाव लड़ सकती हैं।

सांसद पद की शपथ के लिए तिहाड़ से राज्यसभा जाएंगे संजय सिंह, कोर्ट ने जेल अधिकारियों को निर्देश दिए

आम आदमी पार्टी (AAP) के नेता संजय सिंह तिहाड़ जेल से 19 मार्च को राज्यसभा सांसद पद की शपथ के लिए संसद जाएंगे। राउज एवेन्यू कोर्ट ने सोमवार (18 मार्च) को जेल प्रशासन को निर्देश दिए हैं कि संजय को राज्यसभा ले जाने के लिए सभी इंतजाम किए जाए।

स्पेशल जज एमके नागपाल ने कहा कि राज्यसभा जाने के दौरान वे न तो मोबाइल फोन का इस्तेमाल करेंगे और न ही मीडिया से बात करेंगे। संजय सिंह फिलहाल दिल्ली शराब नीति केस में मनी लॉन्ड्रिंग के आरोप के चलते ज्यूडिशियल कस्टडी में हैं।

अजमेर में साबरमती-आगरा सुपरफास्ट ट्रेन के 4 कोच पटरी से उतरे, कोई जनहानि नहीं

राजस्थान के अजमेर में मदार रेलवे स्टेशन के पास रविवार देर रात साबरमती-आगरा सुपरफास्ट ट्रेन के 4 कोच पटरी से उतर गए। अधिकारियों ने सोमवार सुबह बताया कि घटना से किसी भी तरह का नुकसान नहीं हुआ है।

वहीं, एक पैसेंजर ने बताया रात करीब 1 बजे वे सो रहे थे। तब ही उन्हें बहुत तेज आवाज आई। उन्होंने बाहर देखा तो पता चला कि 4 कोच पटरी से उतर गए है। घटना के बाद तुरंत रेलवे प्रोटेक्शन फोर्स (RPF) और रेलवे पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। रेस्क्यू ऑपरेशन अभी भी जारी है।

गोपालगंज में शख्स ने अपने बेटी के प्रेमी की हत्या की, पंचायत में 25 लोगों के सामने चाकू मारा

बिहार के गोपालगंज में भरी पंचायत में बेटी के प्रेमी को उसके पिता ने रविवार (18 मार्च) को चाकू से गोदकर मार डाला। दोनों प्रेमी-प्रेमिका नाबालिग हैं। लड़का 17 और लड़की 16 साल की है। दोनों के बीच 3 साल से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। पुलिस ने बताया को ऑनर किलिंग के इस मामले में जांच चल रही है। अबतक पूछताछ में पता चला है कि रविवार को लड़की लड़के के साथ भाग रही थी। इसी बीच उन्हें परिवार के एक सदस्य ने देख लिया था।

स्थानीय लोगों के मौके पर जुटने के बाद पंचायत बुलाई गई थी। इसी दौरान लड़की के पिता ने 25 लोगों के सामने लड़के को चाकू से गोद दिया।

बिहार के खगड़िया में सड़क हादसा, 8 बारातियों की मौत, 5 की हालत गंभीर

बिहार के खगड़िया में सोमवार (18 मार्च) सुबह सीमेंट से लदे ओवरलोड ट्रैक्टर की एक बोलेरो से टक्कर हो गई। हादसे में बोलरो में सवार 8 बारातियों की मौत हो गई। जबकि 5 लोग घायल हो गए हैं। यह हादसा पसराहा थाना क्षेत्र स्थित विद्यानंद पेट्रोल पंप के पास हुआ। बोलरो में सवार सभी लोग जिले के चौथम थाना क्षेत्र के ठुठ्ठी मोहनपुर गांव से बारात में शामिल होकर लौट रहे थे।.

त्रिपुरा में बांग्लादेशी स्मगलर की BSF से संघर्ष के दौरान मौत, एक जवान भी घायल

त्रिपुरा के उनाकोटी जिले में एक बांग्लादेशी स्मगलर की बॉर्डर सिक्योरिटी फोर्स (BSF) से संघर्ष के दौरान मौत हो गई। BSF ने सोमवार को बताया कि इस घटना में उनका एक जवान भी घायल हो गया है। फिलहाल मारे गए शख्स की पहचान नहीं हो पाई है। सिर्फ इतना पता लगा है कि वह बांग्लादेश का रहने वाला है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Notice: ob_end_flush(): failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home2/lokvarta/public_html/wp-includes/functions.php on line 5481