भोपाल में रेस्टोरेंट संचालक पर चाकू से हमला

छोला मंदिर इलाके में रविवार की देर रात युवक ने रेस्टोरेंट संचालक को चाकू मारकर घायल कर दिया। हमला उधारी की रकम मांगने से नाराज होकर किया गया है। आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास का केस दर्ज कर लिया है। उसकी तलाश की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक करोंद में रहने वाला विशाल यादव रासलाखेड़ी में अपने भाई कमलेश के साथ रेस्टोरेंट का संचालन करता है। उनके रेस्टोरेंट में धर्मेंद्र नामक का युवक भी काम करता था। जिसने विशाल से एडवांस के तौर पर कुछ रकम उधार ले रखी थी। रकम लेने के बाद उसने काम छोड़ दिया था, और पैसे भी वापस नहीं कर रहा था।
इसको लेकर विशाल अपने भाई कमलेश के साथ आरोपी युवक के घर पहुंचा था, जहां दोनों भाई अपने पैसे वापस मांग रहे थे। इससे नाराज होकर आरोपी युवक ने अपने पास रखे चाकू से कमलेश के गले पर हमला कर दिया और फरार हो गया। हमले में घायल युवक को उसका भाई इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां उसकी हालत गंभीर होना बताई जा रही है।
पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
