अगस्त के 4 दिनों में महीने का आधा कोटा पूरा
भोपाल में 4 दिन में ही अगस्त के कोटे की आधी बारिश हो गई। इस महीने औसत 13 इंच पानी बरसता है, लेकिन इस बार 1 से 4 अगस्त के बीच 6.9 इंच बारिश हो गई है। इसे मिलाकर सीजन में 31 इंच से ज्यादा पानी गिर चुका है, जो 85% से ज्यादा है। वहीं, पिछले साल पूरे सीजन के मुकाबले इस बार ज्यादा बारिश हो चुकी है। पिछली बार पूरे सीजन 30.9 इंच बारिश ही हुई थी। सोमवार सुबह भी हल्की बारिश का दौर बना हुआ है। शिवाजी नगर में नूतन कॉलेज के सामने पार्क का एक पेड़ भी गिर गया।
सोमवार को लियासोत डैम के 13 में 11 गेट खुले हुए हैं। वहीं, भदभदा डैम के 2 में से एक गेट सुबह 8 बजे बंद कर दिया गया। यानी, एक गेट खुला रखा गया है। कोलार के दोनों गेट सोमवार सुबह बंद कर दिए गए। कोलार डैम प्रभारी हर्षा जैनवाल ने बताया कि कैचमेंट एरिया में तेज बारिश होने के बाद कोलार डैम के गेट खोले जाएंगे। इस सीजन में पूरे 8 गेट अभी तक नहीं खुले हैं।

इससे पहले रविवार को कोलार के सीजन में तीसरी बार 2 गेट खोले गए। कलियासोत डैम के सीजन में चौथी बार 11 गेट खुले, और भदभदा के दूसरी बार 2 गेट खोलने पड़े। भदभदा डैम में दो गेट से पानी का प्रेशर इतना अधिक रहा कि कलियासोत डैम में 13 में से 11 गेट आधे-आधे खोले गए। ताकि, पानी का भराव ज्यादा न हो सके।
कलियासोत डैम से पानी छोड़े जाने से नदी में बहाव तेज हो गया है, इसलिए दामखेड़ा और समरधा टोला के निचले इलाकों में रहवासियों को अलर्ट किया है। कोलार फायर प्रभारी पंकज खरे ने बताया कि निचले इलाकों में रहने वाले इलाकों को अलर्ट किया गया है। खासकर समरधा टोला पर ज्यादा नजर रखी जा रही है।


अगस्त में 14 दिन बारिश का ट्रेंड
भोपाल में अगस्त के महीने में एवरेज 14 दिन बारिश होने का ट्रेंड है। इस महीने 13 इंच पानी बरसता है। इस बार शुरुआत के 4 दिन में 6.9 इंच से ज्यादा पानी गिर चुका है। इससे रविवार को आंकड़ा 31 इंच के पास पहुंच गया है।

इस बार 106% बारिश का अनुमान
भोपाल में इस साल सामान्य से 106% बारिश होने का अनुमान है। पिछली बार 18% कम यानी, 82% (30.9 इंच) बारिश हुई थी, जबकि भोपाल की सामान्य बारिश 37.6 इंच है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अबकी बार भले ही मानसून 3 दिन की देरी से पहुंचा, लेकिन अच्छा बरस रहा है।

