ऑनलाइन परीक्षा में ‘चेहरा बदल’ कर नौकरी पाने की कोशिश

0
Spread the love

राजधानी भोपाल में आयोजित राजस्थान ग्रामीण बैंक की भर्ती परीक्षा में धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। बिलखिरिया थाना क्षेत्र में दर्ज इस प्रकरण ने ऑनलाइन परीक्षा प्रणाली की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

पुलिस के अनुसार वर्ष 2023 में बैंक द्वारा ऑल इंडिया लेवल पर ऑनलाइन परीक्षा आयोजित की गई थी। भोपाल के बिलखिरिया स्थित आईओन प्रेस्टीज कॉलेज को परीक्षा केंद्र बनाया गया था। 16 सितंबर 2023 को यहां कई अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी थी।

ज्वाइनिंग के समय खुला राज

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि परीक्षा के दौरान अभ्यर्थी की लाइव फोटो कैप्चर कर ऑनलाइन अपलोड की गई थी। हाल ही में जब परिणाम घोषित होने के बाद चयनित अभ्यर्थी ज्वाइनिंग के लिए पहुंचा, तो प्रबंधन ने दस्तावेजों के सत्यापन के दौरान उसका चेहरा परीक्षा के समय अपलोड की गई फोटो से मिलान किया। मिलान के दौरान दोनों फोटो में स्पष्ट अंतर पाया गया। प्रारंभिक जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि परीक्षा किसी अन्य व्यक्ति से दिलवाई गई और बाद में वास्तविक अभ्यर्थी ज्वाइनिंग के लिए पहुंचा।

अज्ञात आरोपी पर मामला दर्ज

प्रबंधन की शिकायत पर बिलखिरिया थाने में अज्ञात आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि परीक्षा के समय अपलोड फोटो और वर्तमान फोटो की तकनीकी जांच कराई जाएगी। इसके अलावा परीक्षा केंद्र से जुड़े डिजिटल रिकॉर्ड भी खंगाले जा रहे हैं।

तकनीकी जांच पर टिकी पड़ताल

पुलिस यह भी जांच कर रही है कि क्या यह किसी बड़े गिरोह का हिस्सा है या एकल स्तर पर की गई धोखाधड़ी। साइबर विशेषज्ञों की मदद से परीक्षा के दौरान उपयोग किए गए लॉगिन डाटा, आईपी एड्रेस और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की भी जाच की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *