भारत चेन्नई टेस्ट जीता, बांग्लादेश को 280 रन से हराया
टीम इंडिया ने बांग्लादेश के खिलाफ 2 टेस्ट की सीरीज के पहले मुकाबले को 280 रन से जीत लिया है। इस जीत से टीम ने सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली है। दूसरा मुकाबला 27 सितंबर से कानपुर के ग्रीन पार्क स्टेडियम में खेला जाएगा।
चेपॉक स्टेडियम में रविवार को मुकाबले के चौथे दिन भारतीय टीम ने रविवार को 515 रन का टारगेट चेज कर रही बांग्लादेश को दूसरी पारी में 234 रन पर ऑलआउट कर दिया। बांग्लादेशी टीम ने 158/4 से आगे खेलना शुरू किया था।
इससे पहले, भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने दूसरी पारी 4 विकेट पर 287 रन पर घोषित की और बांग्लादेश को 515 रन का टारगेट दिया। टीम इंडिया ने पहली पारी में 376 रन बनाए थे। जवाब में बांग्लादेश की पहली पारी 149 रन पर सिमट गई थी।
पहला सेशन भी नहीं खेल सकी बांग्लादेशी टीम बांग्लादेश के कप्तान नजमुल हसन शांतो ने 51 और शाकिब ने 5 रन से अपनी-अपनी पारी को आगे बढ़ाया। दोनों 48 रन की साझेदारी कर चुके थे, तभी भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने होम ब्वॉय रविचंद्रन अश्विन को बॉल थमा दी। अश्विन ने पहले ओवर में विकेट दिलाया। उन्होंने शाकिब को यशस्वी जायसवाल के हाथों कैच कराया। शाकिब 25 रन बनाकर पवेलियन लौटे। यहां टीम का स्कोर 194 रन था।
40 रन बनाने में आखिरी 5 विकेट गंवाए शाकिब के आउट होने के बाद बांग्लादेश के विकेट गिरने लगे। टीम ने 40 रन बनाने में आखिरी 5 विकेट गंवा दिए। कप्तान नजमुल हसन शांतो 82 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें रवींद्र जडेजा ने आउट किया।
अश्विन को 6 विकेट, जडेजा को भी 5 विकेट रविचंद्रन अश्विन ने बांग्लादेश के 6 बैटर्स को आउट किया। उन्होंने तीसरे दिन 3 और चौथे दिन 3 विकेट हासिल किए। वहीं, रवींद्र जडेजा ने 5 सफलताएं हासिल की। उन्होंने पहली पारी में 2 और दूसरी पारी में 5 विकेट झटके।
भारत-बांग्लादेश टेस्ट का स्कोरकार्ड
दोनों टीमों की प्लेइंग-11
भारत: रोहित शर्मा (कप्तान), यशस्वी जायसवाल, शुभमन गिल, विराट कोहली, केएल राहुल, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), रविचंद्रन अश्विन, रवींद्र जडेजा, जसप्रीत बुमराह, आकाश दीप और मोहम्मद सिराज।
बांग्लादेश: नजमुल हुसैन शांतो (कप्तान), शादमान इस्लाम, जाकिर हसन, मोमिनुल हक, मुश्फिकुर रहीम, शाकिब अल हसन, लिट्टन दास (विकेटकीपर), मेहदी हसन मिराज, नाहिद राणा, हसन महमूद, तस्कीन अहमद।
