गाय के नाम पर राजनीति करने वाली भाजपा बताये सड़कों पर क्यों बैठी हैं गौमाता: शैलेन्द्र पटेल
भोपाल, 05 अगस्त 2024
प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता और पूर्व विधायक शैलेन्द्र पटेल ने सवाल किया है कि गौमाता के नाम पर आखिर कब तक राजनीति करेगी भाजपा। प्रदेश भर में आज स्थिति यह है कि बारिश के मौसम में सड़कों पर गायों के झंुड के झुंड बैठे रहते हैं, सरकार गायों की सुरक्षा की दृष्टि से कोई ठोस कदम क्यों नहीं उठाती। प्रदेश में 20 सालों से भाजपा की सरकार है, लेकिन गौशाला खोलने के नाम पर खोखली और कागजी खानापूर्ति कर ढाक के तीन पात साबित हो रही हैं भाजपा सरकार।
श्री पटेल ने कहा इतने लंबे समय से भाजपा की सरकार है लेकिन प्रदेश में एक भी गौशाला भाजपा सरकार ने नहीं खोली। वहीं जो गौशालाएं खोली गई, उन्हें उल्टा बंद कर दिया गया। इतना ही नहीं भाजपा नेताओं को समर्थितों द्वारा गौशालाओं में हजारों गायों की हत्या के मामने सामने आये हैं, सैकड़ों की संख्या में कई कंकाल मिले, जिन्हें गड्डे में गाढ़ दिया गया।
श्री पटेल ने कहा कि मवेशियों के सड़कों पर बैठने के कारण होने वाली घटनाओं को रोकने के लिए 15 महीनों की कमलनाथ सरकार गायों की रक्षा-सुरक्षा की दृष्टि से प्राथमिकता से 1000 गौशालाओं का निर्माण कराया था। प्रदेश के पशुपालन मंत्री बतायें कि पिछले चार साल में भाजपा ने कितनी गौशलाएं बनायी।
श्री पटेल ने कहा कि आज स्थिति यह है कि इस बारिश के मौसम में भी गाय रोड़ पर हैं, क्योंकि किसानों को दूध के उचित दाम नहीं मिल रहे हैं। सरकार ने 10 गौ अभ्यारण खोलने की घोषणा की लेकिन अभी तक केवल एक अभयारण आगर जिले के सिलरिया में 472 हेक्टेयर भूमि पर बनाया गया, वह भी बदहाली की कगार पर है, 6000 गायों की रखने की क्षमता होने के बावजूद 3200 गायों को ही इसमें रखा गया है यानि क्षमता के अनुपात को दरकिनार कर महज खानापूर्ति की गई है। वहीं किसानों को दूध पर 5 प्रतिशत बोनस के नाम पर भी किसानों को ठगा गया, जिसमें सहकारी समितियों से जुड़े 15 प्रतिशत किसानों को ही बोनस का लाभ मिलेगा, बाकी 85 प्रतिशत किसानों के साथ दुर्भावना क्यों? सरकार की मनमानी से दुग्ध उत्पादक किसानों की दुर्दशा हो रही है। पूर्व में दुग्ध संघ के चुनाव होते थे, जिससे दुग्ध उत्पादक भी अच्छी थी और किसानों को उचित दाम भी मिलते थे लेकिन सरकार भोपाल दुग्ध संघ के चुनाव क्यों नहीं करा रही हैं आखिर इसके पीछे किस कंपनी को लाभ पहुंचाने की सरकार की मंशा है?
श्री पटेल ने कहा कि भाजपा गाय के नाम पर राजनीति करना बंद करें, दुग्ध उत्पादक किसानों के साथ भेदभाव करना बंद करें। गायों की सुरक्षा के लिए शीघ्र ही गौशालाओं का निर्माण कराये सरकार।
