न्यूज इन ब्रीफ@5 PM
आज शाम 5 बजे तक की देश-दुनिया की 10 बड़ी खबरें…
1. हाथरस हादसे पर योगी बोले- यह साजिश जैसा, हाईकोर्ट के रिटायर्ड जज मामले की जांच करेंगे
यूपी के हाथरस में भोले बाबा के सत्संग के बाद हुई भगदड़ में अब तक 122 लोगों की मौत हो चुकी हैं। CM योगी ने कहा कि यह हादसा साजिश जैसा है। लोग मरते गए और सेवादार वहां से भाग गए। उन्होंने न तो प्रशासन को सूचना दी और न ही मदद की और ली। प्रशासन की टीम जब पहुंची तो सेवादारों ने उन्हें आगे नहीं जाने दिया। हमने भी कुंभ जैसे बड़े आयोजन किए, लेकिन ऐसी चीजें नहीं आईं। मामले की जांच के लिए SIT का गठन किया है। हाईकोर्ट के रिटायर्ड जज, पुलिस के सीनियर रिटायर्ड ऑफिसर की टीम भी मामले की जांच करेगी, जो भी दोषी होगा, उसको सजा देंगे।
2. हेमंत सोरेन फिर बनेंगे झारखंड CM, चंपाई आज ही इस्तीफा सौपेंगे
हेमंत सोरेन फिर झारखंड के सीएम होंगे। आज ही मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन राज्यपाल को अपना इस्तीफा सौंपेंगे। इसके साथ ही हेमंत सोरेन शपथ ग्रहण के लिए राज्यपाल से समय मांगेंगे। राज्यपाल सी.पी. राधाकृष्णन अभी चेन्नई में हैं। वे आज शाम 7 बजे तक रांची लौट सकते हैं। इससे पहले रांची में सीएम हाउस में विधायक दल की बैठक हुई। इसमें ये फैसला लिया गया कि हेमंत सोरेन फिर से मुख्यमंत्री पद संभालेंगे। वहीं चंपाई सोरेन जेएमएम के कार्यकारी अध्यक्ष होंगे। सभी विधायकों सीएम आवास में ही रहने को कहा गया है। हालांकि, अभी भी इसकी आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।
3. ICC की ताजा टी20 रैंकिंग में पंड्या नंबर-1 ऑलराउंडर, बॉलिंग के टॉप-10 में 2 भारतीय
इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने लेटेस्ट टी-20 प्लेयर्स रैंकिंग जारी की है। इसमें टीम इंडिया के ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या को दो स्थान का फायदा हुआ है। वे ऑलराउंडर रैंकिंग में टॉप पर पहुंच गए हैं। टी-20 फॉर्मेट की बैटिंग लिस्ट में सूर्यकुमार यादव दूसरे नंबर पर कायम हैं। टी-20 वर्ल्ड कप में शानदार गेंदबाजी करने वाले जसप्रीत बुमराह ने बॉलिंग रैंकिंग में लंबी छलांग लगाई। प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट रहे बुमराह ने 12 स्थानों की छलांग लगाकर 12वें नबर पर पहुंच गए हैं। वहीं बॉलिंग रैंकिंग में टॉप-10 में दो भारतीय हैं। अक्षर पटेल 7वीं रैंकिंग पर हैं और कुलदीप यादव को 9वीं रैंकिंग मिली है।
4. हाथरस में भक्त मरते रहे और बाबा भागकर आश्रम पहुंचा, सुबह BJP का झंडा लगी कारों का काफिला निकला
यूपी के हाथरस में भोले बाबा के सत्संग के बाद मची भगदड़ में अब तक 122 लोगों की मौत चुकी है। कल घटना के होते ही बाबा वहां भागकर 15 गाड़ियों के काफिले के साथ मैनपुरी के बिछुआ में अपने आश्रम आ गया था। रात में मैनपुर DSP आश्रम के अंदर गए। बाहर निकलने पर कहा- बाबा अंदर नहीं हैं। सुबह आश्रम से 6 गाड़ियां निकलीं। एक में भाजपा का झंडा लगा था। चर्चा है कि बाबा उसी में बैठा था।
5. भारत आने के लिए बारबाडोस से रवाना हुई भारतीय टीम, BCCI ने चार्टर्ड प्लेन भेजा था
टी-20 वर्ल्ड कप जीतने के बाद 3 दिन से बेरिल तूफान में फंसी टीम इंडिया आज बारबाडोस से भारत के लिए रवाना हुई। टीम को एयर इंडिया की ‘चैंपियंस 24 वर्ल्ड कप (AIC24WC)’ चार्टर्ड फ्लाइट से वापस लाया जा रहा है। टीम कल सुबह 7 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी। प्लेन में मौजूद भारतीय कप्तान रोहित शर्मा और शिवम दुबे सहित कई खिलाड़ियों ने ट्रॉफी के साथ फोटो पोस्ट की है।
6. राज्यसभा में PM मोदी की स्पीच के दौरान विपक्ष का वॉकआउट
प्रधानमंत्री मोदी ने आज राज्यसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण के धन्यवाद प्रस्ताव पर जवाब दिया। 1 घंटा 50 मिनट की स्पीच में प्रधानमंत्री ने NEET, मणिपुर संविधान, कांग्रेस, पश्चिम बंगाल, रोजगार, भ्रष्टाचार, CBI-ED, फेडरलिज्म, इमरजेंसी, जम्मू-कश्मीर, इंदिरा, राहुल, दलितों पर बोले। प्रधानमंत्री जब 32 मिनट बोल चुके थे, तब विपक्ष के नेताओं ने सदन से वॉकआउट किया। वॉकआउट प्रधानमंत्री द्वारा सोनिया गांधी पर निशाना साधने के बाद हुआ। उन्होंने कहा- ये लोग ऐसे हैं, जो ऑटो पायलट और रिमोट पायलट पर सरकार चलाने के आदी हैं। वे काम करने में विश्वास नहीं रखते, वे बस इंतजार करना जानते हैं।
7. भ्रष्टाचार केस में जमानत के लिए दिल्ली हाईकोर्ट पहुंचे केजरीवाल, 5 जुलाई को होगी सुनवाई
शराब नीति घोटाले में CBI की तरफ से दर्ज कराए गए भ्रष्टाचार मामले में जमानत के लिए दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने आज दिल्ली हाईकोर्ट में याचिका दाखिल की है। कोर्ट इस पर 5 जुलाई को सुनवाई करेगा। CBI ने केजरीवाल को 26 जुलाई को तिहाड़ जेल से गिरफ्तार किया था। केजरीवाल शराब नीति से जुड़े ED के मनी लॉन्ड्रिंग मामले में पहले से ही तिहाड़ में बंद थे। वे फिलहाल 12 जुलाई तक CBI की ज्यूडिशियल कस्टडी में हैं।
8. भारतीय सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म Koo बंद हुआ, फाउंडर्स बोले- लिटल यलो बर्ड सेज फाइनल गुडबाय
भारतीय सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म Koo अब बंद हो गया है। Koo के फाउंडर्स अप्रमेय राधाकृष्ण और मयंक बिदावतका ने इस फैसले का ऐलान किया। इस ऐप को माइक्रो-ब्लॉगिंग साइट ट्विटर (अब X) को टक्कर देने के लिए लॉन्च किया गया था। फाउंडर्स ने पार्टनरशिप विफल होने, अनप्रिडिक्टेबल कैपिटल मार्केट और हाई टेक्नोलॉजी कॉस्ट के कारण यह फैसला लेने की बात कही है। इससे पहले कंपनी ने अप्रैल 2023 में कर्मचारियों की बड़ी संख्या को नौकरी से निकाला था।
9. दावा- कमला हैरिस लड़ेंगी राष्ट्रपति पद का चुनाव, डेमोक्रेट्स की मांग- इसी हफ्ते उम्मीदवारी छोड़ें बाइडेन
अमेरिका में पिछले हफ्ते हुई प्रेसिडेंशियल डिबेट के बाद बाइडेन की डेमोक्रेटिक पार्टी के नेता यह मांग कर रहे हैं कि वे राष्ट्रपति पद के लिए उम्मीदवारी छोड़ दें। टेक्सास से सांसद लॉयड डॉगेट डेमोक्रेटिक पार्टी के पहले नेता हैं, जिन्होंने सार्वजनिक तौर पर इसकी मांग की है। दूसरी तरफ, अमेरिकी पत्रकार और ट्रम्प समर्थक टकर कार्लसन ने दावा किया कि राष्ट्रपति जो बाइडेन को डिमेंशिया (भूलने की बीमारी) है। डेमोक्रेट्स जल्द ही बाइडेन की जगह कमला हैरिस को राष्ट्रपति पद का कैंडिडेट बना सकते हैं।
10. पाकिस्तान के पूर्व PM इमरान तोशाखाना केस में बरी, पूर्व विदेश मंत्री समेत 8 लोग भी रिहा
पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान को सरकारी खजाने के तोहफे बेचने के मामले (तोशाखाना केस) में राहत मिल गई है। ‘जियो न्यूज लाइव’ के मुताबिक आज हुई सुनवाई के दौरान कोर्ट ने इमरान और पूर्व विदेश मंत्री शाह महमूद कुरैशी समेत 8 लोगों को इस मामले में बरी कर दिया। इमरान खान को 5 अगस्त 2023 को तोशाखाना मामले में 3 साल की कैद की सजा सुनाई गई थी। इस्लामाबाद की ट्रायल कोर्ट ने फैसला सुनाते हुए खान के 5 साल तक चुनाव लड़ने पर बैन लगा दिया था। इसके बाद लाहौर पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया था।
