रिटायर्ड जज सास ने आवेदन में लिखा-ड्रग एडिक्ट थी ट्विशा

0
Spread the love

भोपाल के कटारा हिल्स स्थित बागमुगालिया एक्सटेंशन में रिटायर्ड महिला जज की बहू ट्विशा शर्मा की आत्महत्या का मामला उलझता जा रहा है। घटना के छह दिन बाद भी मृतक के परिजनों ने शव लेने से इनकार कर दिया है।

परिवार आरोपी सास गिरीबाला सिंह को मिली जमानत से नाराज है और न्याय की मांग पर अड़ा हुआ है। इसी बीच मामले में नया मोड़ तब आया, जब आरोपी सास गिरीबाला सिंह की ओर से जिला कोर्ट में दाखिल जमानत आवेदन के कुछ हिस्से सामने आए।

आवेदन में गिरीबाला सिंह ने बहू ट्विशा शर्मा को ड्रग एडिक्ट बताया है। उन्होंने कोर्ट में दावा किया कि ट्विशा को नशे की लत थी। जब उसे नशा नहीं मिलता था तो उसके हाथ कांपने लगते थे। वह चिड़चिड़ा व्यवहार करने लगती थी। गिरीबाला सिंह ने इन तथ्यों का जिक्र अपनी जमानत याचिका में किया है।

वहीं, समर्थ सिंह की अग्रिम जमानत याचिका पर आज सुनवाई होगी। दैनिक भास्कर के पास गिरीबाला का कोर्ट में दिया गया आवेदन मौजूद है।

गिरीबाला सिंह द्वारा कोर्ट में दिया गया जमानती आवेदन।
गिरीबाला सिंह द्वारा कोर्ट में दिया गया जमानती आवेदन।

12 घंटे लापता रही थी ट्विशा

गिरीबाला सिंह के जमानत आवेदन में लिखा गया है कि बहू ट्विशा 17 अप्रैल 2026 की सुबह बाय फ्लाइट दिल्ली के लिए रवाना हुई। 18 अप्रैल 2026 को मायके पहुंची। करीब 12 घंटे लापता रही। पूछने पर ट्विशा ने नहीं बताया कि वह कहां रही।

ट्विशा चार तेलुगु फिल्मों में एक्ट्रेस के तौर पर काम कर चुकी थीं। इसी के साथ वह एड फिल्मों में काम करने के साथ ही मॉडलिंग भी कर चुकी थीं।

ट्विशा और समर्थ की शादी की तस्वीर।
ट्विशा और समर्थ की शादी की तस्वीर।

ब्यूटी पार्लर से लौटते ही मां का कॉल आया

11 मई की शाम ट्विशा ब्यूटी पार्लर से तैयार होकर घर लौटी थी। टीवी देखने के दौरान ही मां का कॉल आ गया। बात करते हुए वह छत पर पहुंची थी। उसके बाद कॉल डिस्कनेक्ट हो गया। रात करीब साढ़े दस बजे ट्विशा ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

ट्विशा का शव अभी भी मॉर्चुरी में रखा गया है।
ट्विशा का शव अभी भी मॉर्चुरी में रखा गया है।

प्रेग्नेंट होते ही बदल गया व्यवहार

गिरीबाला सिंह के वकील ने कोर्ट में सुनवाई के दौरान तर्क दिए कि ट्विशा गर्भवती थी। प्रेग्नेंट होते ही ससुराल पक्ष के लिए उसका रवैया बदल गया था। वकील ने यह भी तर्क दिया कि ससुराल पक्ष अपनी प्रेग्नेंट बहू का इलाज करा रहे थे।

पति उसे घटना के दिन ही ब्यूटी पार्लर लेकर पहुंचा था। वहां से तैयार होने के बाद ट्विशा घर पहुंची थी। ट्विशा गर्भवती थी, लेकिन उसका अबॉर्शन हो गया था।

गिरीबाला सिंह ने इस तरह का ट्रांजेक्शन कोर्ट में प्रस्तुत किया है।
गिरीबाला सिंह ने इस तरह का ट्रांजेक्शन कोर्ट में प्रस्तुत किया है।

हर माह जरूरत के हिसाब से पैसे देते थे

गिरीबाला सिंह की ओर से कोर्ट में पेश बेल एप्लीकेशन में उन पर लगे तमाम आरोप निराधार बताए गए। आवेदन में बताया गया है कि दहेज के लिए प्रताड़ित करने के आरोप गलत हैं। ट्विशा से कभी किसी तरह का दहेज नहीं मांगा गया। हर महीने उसे उसकी जरूरतों के हिसाब से पैसा दिया जाता था।

यह पैसा उसे ऑनलाइन ट्रांसफर किया जाता था। सबूत के तौर पर ऑनलाइन ट्रांजेक्शन रिसीप्ट को कोर्ट में पेश किया गया है। इसमें 5 हजार रुपए से लेकर 50 हजार रुपए तक के कई ट्रांजेक्शन शामिल हैं।

गिरीबाला ने कोर्ट में कहा है कि ट्विशा का मनोचिकित्सक डॉ. सत्यकांत त्रिवेदी के पास इलाज भी चल रहा था। उसकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी। कोर्ट को दिए आवेदन में बताया कि ट्विशा को काउंसलर काकोली राय के पास भी भेजा गया था।

ट्विशा के परिजन ने मामले में निष्पक्ष जांच की मांग की।
ट्विशा के परिजन ने मामले में निष्पक्ष जांच की मांग की।

ट्विशा के परिजन की मांग, दोबारा पीएम हो

ट्विशा के परिजनों का आरोप है कि मामले की निष्पक्ष जांच नहीं की जा रही है। घटना के बाद से फरार चल रहे ट्विषा के पति समर्थ की गिरफ्तारी में भी पुलिस लापरवाही बरत रही है। परिजनों ने मांग की है कि मध्यप्रदेश के बाहर की पुलिस से जांच कराई जाए।

नई दिल्ली के एम्स में ट्विशा का दोबारा पोस्टमॉर्टम कराया जाए। ट्विशा के परिजन ने बताया कि वे कटारा हिल्स थाना गए थे, लेकिन वहां टीआई व अन्य पुलिसकर्मियों ने उनसे ठीक से बात तक नहीं की। उन्होंने सीएम से पुलिस पर भी कार्रवाई की मांग थी।

ट्विशा का मनोचिकित्सक के पास चल रहे इलाज का पर्चा, जिसे गिरीबाला ने कोर्ट में पेश किया है।
ट्विशा का मनोचिकित्सक के पास चल रहे इलाज का पर्चा, जिसे गिरीबाला ने कोर्ट में पेश किया है।

ट्विशा के परिजन ने बताया- परेशान थी

ट्विशा के परिजनों ने पुलिस को बताया कि आत्महत्या से पहले ट्विशा काफी परेशान लग रही थी। उसने फोन पर बात करने के दौरान परेशान होने का जिक्र किया था। मां से मोबाइल पर बात करने के दौरान कॉल डिस्कनेक्ट हो गया। ट्विशा की मां ने कॉल कर यह बात सास गिरीबाला सिंह को बताई।

सास बेटे समर्थ के साथ उसकी तलाश करने लगीं। इस बीच उसने ट्विशा को छत पर पाइप पर प्लास्टिक की रस्सी के सहारे लटका देखा। पति समर्थ पड़ोस में रहने वाले रिश्तेदार की मदद से ट्विशा को लेकर एम्स पहुंचा था।

ट्विशा मामले में परिजन ने प्रदर्शन भी किया।
ट्विशा मामले में परिजन ने प्रदर्शन भी किया।

एसीपी मिसरोद के नेतृत्व में एसआईटी का गठन

ट्विशा आत्महत्या मामले की जांच के लिए एसआईटी का गठन कर दिया गया है। इसका नेतृत्व एसीपी मिसरोद रजनीश कश्यप कर रहे हैं। इसमें कटारा हिल्स थाना प्रभारी सुनील दुबे व बाग सेवनिया थाना प्रभारी संजय सोनी सहित कुल छह लोग शामिल हैं।

एसआईटी में महिला पुलिसकर्मियों को भी शामिल किया गया है। दूसरी ओर पुलिस की एक अलग टीम घटना के बाद से फरार चल रहे आरोपी समर्थ शर्मा की तलाश में जुटी है। रविवार को परिजन सीएम हाउस पहुंचे थे, जहां कई घंटे तक वह मेन गेट के सामने बैठे रहे।

ट्विशा ने अपने करियर की शुरुआत मॉडलिंग से की थी।
ट्विशा ने अपने करियर की शुरुआत मॉडलिंग से की थी।

फिल्मी दुनिया में कामयाब नहीं हो पाई थी ट्विशा

ट्विशा शर्मा पत्नी समर्थ शर्मा (24) मूलरूप से नोएडा की रहने वाली थी। ट्विशा शर्मा शादी से पहले साउथ की फिल्मों में भी अहम किरदार निभा चुकी थी। बाद में फिल्मी दुनिया में कामयाबी नहीं मिलने पर उसने करियर की राह बदल ली। उसने एमबीए की पढ़ाई की थी, जिसके आधार पर बीते कई सालों तक दिल्ली की एक कंपनी में नौकरी की।

इसी दौरान एक डेटिंग एप पर उसकी मुलाकात समर्थ सिंह से हुई थी। दोनों के बीच कई मुलाकातें हुईं और परिवार की सहमति से 12 दिसंबर 2025 में शादी हुई। शादी के समय वह निजी कंपनी में नौकरी कर रही थी और वर्क फ्राम होम पर थी। समर्थ जिला कोर्ट में वकालत करते हैं, जबकि उनकी मां गिरीबाला जिला जज थीं और रिटायर्ड हो चुकी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *