40 जिलों में गर्म हवा, 5 में तेज लू चलेगी

0
Spread the love

इन दिनों पूर्वी हिस्से के कुछ जिलों को छोड़कर पूरा मध्य प्रदेश हीट वेव यानी लू की चपेट में है। मौसम केंद्र, भोपाल ने अगले 4 दिन तक प्रदेश में भीषण गर्मी का अलर्ट जारी किया है। शुक्रवार को करीब 40 जिलों में गर्म हवा चलेगी। इंदौर, उज्जैन, रतलाम, धार और देवास में 15, 16 और 17 मई को तीव्र लू की चेतावनी जारी की गई है।

मौसम वैज्ञानिक एचएस पांडे ने कहा कि दोपहर 12 से 3 बजे तक गर्मी का ज्यादा असर रहेगा। ऐसे में लोग जरूरी होने पर ही घरों से बाहर निकले।

इससे पहले गुरुवार को प्रदेश में भीषण गर्मी का दौर बना रहा। शाजापुर और छतरपुर के नौगांव में अधिकतम तापमान 44.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दोनों शहर प्रदेश में सबसे गर्म रहे। वहीं, 9 शहरों में पारा 44 डिग्री के पार रहा। शाजापुर-नौगांव के बाद खरगोन में पारा 44.6 डिग्री, खंडवा-रतलाम में 44.5 डिग्री, खजुराहो में 44.3 डिग्री, रायसेन-दमोह में 44 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

प्रदेश के 5 बड़े शहरों की बात करें तो उज्जैन में सबसे ज्यादा 44 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। भोपाल में 43.4 डिग्री, जबलपुर में 43.3 डिग्री, इंदौर में 43 डिग्री और ग्वालियर में 41.8 डिग्री सेल्सियस टेम्परेचर रहा।

इंदौर-उज्जैन में वॉर्म नाइट का अलर्ट

इंदौर, उज्जैन, रतलाम, देवास और धार में तीव्र लू का ऑरेंज अलर्ट है। वॉर्म नाइट की चेतावनी होने से यहां रात में भी पारा बढ़ा हुआ रहेगा।

भोपाल, ग्वालियर, श्योपुर, मुरैना, भिंड, दतिया, गुना, अशोक नगर, सागर, विदिशा, रायसेन, नर्मदापुरम, राजगढ़, शाजापुर, सीहोर, हरदा, खंडवा, बुरहानपुर, खरगोन, बड़वानी, आगर-मालवा, नीमच, मंदसौर, झाबुआ, अलीराजपुर, निवाड़ी, छतरपुर, टीकमगढ़, दमोह, पन्ना, सतना, रीवा, मऊगंज, सीधी और सिंगरौली में भी लू चलेगी।

वहीं, जबलपुर, मैहर, कटनी, उमरिया, शहडोल, डिंडौरी, अनूपपुर, मंडला, बालाघाट, नरसिंहपुर, सिवनी, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा और बैतूल में तेज गर्मी का असर बना रहेगा। हालांकि, यहां लू का अलर्ट नहीं है।

मई के 14 में से 12 दिन गिरा पानी

मध्य प्रदेश में 30 अप्रैल से आंधी-बारिश का दौर शुरू हो गया था। लगातार 11 दिन यानी 10 मई तक प्रदेश में बारिश हुई। कभी वेस्टर्न डिस्टरबेंस (पश्चिमी विक्षोभ) का असर देखने को मिला तो कभी चक्रवात और टर्फ का। इस वजह से मई के पहले सप्ताह में बारिश हुई।

11 मई को आंधी-बारिश का दौर थमा। लेकिन 12, 13-14 मई को फिर मौसम का मिजाज बदल गया। इस तरह मई के 14 में से 12 दिन आंधी, बारिश या ओलावृष्टि का असर रहा। शुक्रवार को कहीं भी बारिश का अलर्ट नहीं है।

4 दिन ऐसा रहेगा मौसम…

पर्याप्त पानी पीएं, ज्यादा देर धूप में न रहें

गर्मी बढ़ने पर मौसम विभाग ने बचाव की एडवाइजरी जारी की है। लोगों से दिनभर पर्याप्त पानी पीने और शरीर को हाइड्रेट रखने की अपील की गई है। कहा गया है कि दोपहर में ज्यादा देर धूप में न रहें। हल्के रंग के सूती कपड़े पहनें। बच्चे और बुजुर्ग खासतौर पर ध्यान रखें। दोपहर 12 से 3 बजे तक तेज गर्मी पड़ती है। इस दौरान जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलें।

मई में MP के 5 बड़े शहरों में ऐसा ट्रेंड

भोपाल में गर्मी के साथ बारिश भी होती है

भोपाल में मई में तेज गर्मी के साथ बारिश का ट्रेंड भी रहा है। यहां 2016 में तापमान रिकॉर्ड 46.7 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। 2014 से 2023 तक हर साल मई में बारिश दर्ज की गई। 2021 और 2023 में 2 इंच से ज्यादा पानी गिरा था। इस बार भी मई में बारिश का अलर्ट है।

इंदौर में 2023 में गिरा था 3 इंच पानी

इंदौर में मई में तापमान 46 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है। मौसम विभाग के अनुसार, 31 मई 1994 को यहां रिकॉर्ड 46.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया था। मई में मौसम बदलने के साथ बादल और बौछारें भी होती हैं। पिछले साल करीब 3 इंच बारिश हुई थी। 2014 से 2023 के बीच 9 बार मई में बारिश हुई।

ग्वालियर में 48 डिग्री के पार पहुंच चुका पारा

ग्वालियर में प्रदेश के अन्य बड़े शहरों की तुलना में ज्यादा गर्मी पड़ती है। 10 साल में यहां तापमान एक बार 47 डिग्री और तीन बार 46 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है। 30 मई 1947 को यहां रिकॉर्ड 48.3 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया था।

मौसम में बदलाव के कारण मई में ग्वालियर में बारिश भी होती है। 17 मई 1953 को 24 घंटे में सर्वाधिक 41.9 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई थी। 2023 में भी यहां ढाई इंच पानी गिरा था।

जबलपुर में 3 बार 45 डिग्री पार कर चुका तापमान

जबलपुर में 25 मई 1954 को तापमान रिकॉर्ड 46.7 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। 10 साल में तीन बार पारा 45 डिग्री सेल्सियस के पार गया है। मई में यहां बारिश का ट्रेंड भी रहा है। 2014 से 2023 तक हर साल इस महीने बारिश हुई। 2021 की मई में 3 इंच से ज्यादा बारिश हुई थी, जबकि पिछले साल करीब 2 इंच पानी गिरा था।

उज्जैन में भी गर्मी, बारिश का ट्रेंड

उज्जैन में मई में गर्मी और बारिश दोनों का ट्रेंड रहता है। 22 मई 2010 को यहां तापमान रिकॉर्ड 46 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा था। 2014 से 2023 के बीच एक बार पारा 45 डिग्री सेल्सियस के पार गया। हालांकि, पिछले साल तापमान 42.4 डिग्री सेल्सियस से ज्यादा नहीं पहुंचा। मई में यहां बारिश भी होती है। पिछले साल करीब पौन इंच पानी गिरा था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *