टला बड़ा विमान हादसा
टला बड़ा विमान हादसा: राजा भोज एयरपोर्ट पर एयर इंडिया विमान की इमरजेंसी लैंडिंग, 175 यात्रियों की हवा में अटकी सांसें
भोपाल (अनमोल संदेश ब्यूरो):
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के राजा भोज एयरपोर्ट पर रविवार को एक बड़ा विमान हादसा होते-होते टल गया। मुंबई से भोपाल पहुंची एयर इंडिया की फ्लाइट में लैंडिंग के ठीक पहले तकनीकी खराबी उत्पन्न हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, हवा में विमान के विंग्स (फ्लैप्स) नहीं खुल पाए थे। हालांकि, पायलट की सूझबूझ से भोपाल एयरपोर्ट पर विमान की सुरक्षित लैंडिंग करा ली गई, जिससे विमान में सवार 175 यात्रियों की जान बाल-बाल बच गई। इस घटना के बाद मुंबई जाने वाली वापसी की उड़ान को रद्द कर दिया गया, जिससे एयरपोर्ट पर यात्रियों ने भारी हंगामा किया।
अलर्ट मोड पर था एयरपोर्ट, तैनात थीं दमकल गाड़ियां
लैंडिंग से पहले ही एटीसी (ATC) को तकनीकी खराबी की सूचना मिल गई थी, जिसके बाद एयरपोर्ट पर फुल इमरजेंसी घोषित कर दी गई थी।
एयरपोर्ट डायरेक्टर रामजी अवस्थी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया, “विमान में तकनीकी खराबी की सूचना मिलते ही राजा भोज एयरपोर्ट पर सुरक्षा के तमाम इंतजाम कर लिए गए थे। यात्रियों की सुरक्षा हमारे लिए सर्वोपरि है। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए रनवे के पास फायर ब्रिगेड, एंबुलेंस और मेडिकल टीम को पूरी तरह तैनात कर दिया गया था। राहत की बात यह रही कि पायलट ने विमान को सुरक्षित लैंड करा लिया।”
प्रत्यक्षदर्शी की जुबानी: दहशत में थे अंदर और बाहर वाले
मौके पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शी यात्री आनंद शर्मा ने ‘दैनिक अनमोल संदेश’ को बताया, “लैंडिंग के समय विमान के विंग्स (फ्लैप्स) नहीं खुल पाए थे। विमान के अंदर बैठे यात्री बहुत डरे हुए थे। वहीं, जो लोग अपने परिजनों को लेने या अगली फ्लाइट के लिए एयरपोर्ट पर इंतजार कर रहे थे, उनमें भी भारी दहशत का माहौल था। सब बस भगवान से सुरक्षित लैंडिंग की प्रार्थना कर रहे थे।”
ग्राउंड हुआ विमान, वापसी के यात्री दिन भर रहे परेशान
इस इमरजेंसी लैंडिंग के बाद तकनीकी जांच के लिए विमान को भोपाल में ही ग्राउंड कर दिया गया। लेकिन, वापसी में भोपाल से मुंबई जाने वाले (AI 634) यात्रियों का आरोप है कि एयरलाइन प्रबंधन ने इस सच्चाई को छिपाए रखा। यात्रियों को दिन भर ‘फ्लाइट रीशेड्यूल’ होने के मैसेज देकर गुमराह किया जाता रहा।
बिना व्यवस्था फ्लाइट रद्द, यात्रियों का हंगामा
शाम होते-होते जब एयरलाइन ने फ्लाइट पूरी तरह रद्द करने की घोषणा की, तो यात्रियों का गुस्सा फूट पड़ा। एयरपोर्ट पर मौजूद सैकड़ों यात्री, जिनमें महिलाएं और छोटे बच्चे शामिल थे, दिन भर भूखे-प्यासे परेशान होते रहे। जिन यात्रियों की आगे मुंबई से कनेक्टिंग फ्लाइट्स थीं, उनकी पूरी यात्रा और बुकिंग्स चौपट हो गईं। यात्रियों का सीधा आरोप है कि एयरलाइन प्रबंधन ने उनके लिए दूसरी फ्लाइट, होटल या त्वरित रिफंड की कोई वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की, जिसके चलते एयरपोर्ट पर भारी नाराजगी देखने को मिली।
