पूर्व मंत्री ने तरबूज काटकर मनाया जन्मदिन
पूर्व मंत्री ने तरबूज काटकर मनाया जन्मदिन जन्मदिन पर अक्सर लोगों को आपने केक काटते देखा होगा, लेकिन मंदसौर में पूर्व मंत्री कैलाश चावला ने कुछ अलग किया। उन्होंने केक की जगह तरबूज काटा और उसी से खुद का व अन्य लोगों का मुंह मीठा कराया।
हुआ यूं कि पूर्व मंत्री का एक समर्थक उनके बर्थडे पर तरबूज लेकर पहुंचा। उसने अपने नेता से तरबूज कटवाकर उनका जन्मदिन मनाया। तरबूज काटने के बाद उन्होंने उसे हाथ में लेकर फोटो खिंचवाया, फिर समर्थक ने उन्हें तरबूज खिलाया।
तरबूज खाने के बाद नेता जी ‘वाह-वाह’ करते नजर आए। दरअसल, रामू नाम का एक शख्स तरबूज की दुकान चलाता है, जो अपने चाहने वालों का कुछ इसी अंदाज में बर्थडे सेलिब्रेट करता है।
अब पूर्व मंत्री के तरबूज काटने वाले इस वीडियो की जमकर चर्चा हो रही है। वैसे नेता जी लंबे समय से राजनीति के हाशिये पर चल रहे हैं, लेकिन इस वीडियो से अचानक सुर्खियों में आ गए हैं।

जन्मदिन से पहले ही भव्य बर्थडे सेलिब्रेशन बात जन्मदिन की ही। मंत्री कैलाश विजयवर्गीय तिथि के अनुसार अक्षय तृतीया पर अपना जन्मदिन मनाते हैं, लेकिन उससे पहले ही उन्होंने कार्यकर्ताओं से बड़ी अपील कर दी है।
कैलाश विजयवर्गीय ने एक वीडियो जारी कर कहा है कि उनके जन्मदिन पर कोई भी कार्यकर्ता बैनर-पोस्टर और होर्डिंग्स न लगाए। किसी तरह का विज्ञापन देने से भी बचे। इसके बजाय गौ-सेवा करें। उन्होंने नगर निगम को भी निर्देश दिए हैं कि यदि उनके जन्मदिन पर उनके पोस्टर लगें, तो उन्हें हटा दिया जाए।
हालांकि, यह अपील करने में विजयवर्गीय थोड़े लेट हो गए। हाल ही में रतलाम में उनके एक समर्थक नेता ने उनका जन्मदिन पहले ही धूमधाम से भव्य तरीके से मना लिया।
विजयवर्गीय के बड़े-बड़े पोस्टर लगाए गए, जमकर आतिशबाजी की गई। उन्हें मंच पर बैठाकर बाकायदा केक कटवाकर सेलिब्रेशन किया गया। यह सब देखकर खुद मंत्री विजयवर्गीय हैरान रह गए। उन्होंने कहा- मैंने इसकी कल्पना भी नहीं की थी, मुझे तो केवल भोजन के लिए बुलाया गया था।
बता दें कि यह आयोजन रतलाम विकास प्राधिकरण के पूर्व अध्यक्ष अशोक पोरवाल ने किया था। अब लोग इसे उनका शक्ति प्रदर्शन भी बता रहे हैं, क्योंकि वे फिर से इस पद पर काबिज होने की आस लगाए हैं। यह भी कहा जा रहा है कि उनकी रतलाम से ही आने वाले एक मंत्री से पटरी नहीं बैठती है।

भाजपा विधायक की सरेआम हो गई फजीहत नेताओं का अपने से बड़े नेताओं की परिक्रमा करना कोई नई बात नहीं है, लेकिन रीवा में ऐसा कर रहे एक नेता की फजीहत हो गई। इसका वीडियो भी सामने आया है।
दरअसल, डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ल कार में बैठे थे। मनगवां से भाजपा विधायक नरेंद्र प्रजापति उनका स्वागत करने पहुंचे। उन्होंने डिप्टी सीएम को माला पहनाने की कोशिश की, लेकिन उन्होंने माला नहीं पहनी और उसे वहीं रखवा दिया।
इतना ही नहीं, भाजपा विधायक ने राजेंद्र शुक्ल के चरण स्पर्श भी किए, लेकिन उन्होंने इसे भी नजरअंदाज कर दिया। अब इस वाकये को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।
यह स्थिति तब है, जब भाजपा विधायक नरेंद्र प्रजापति को डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ल का खास माना जाता है। वे कई मौकों पर उनके आसपास और चरण वंदना करते नजर आए हैं।
खरी बात यह है कि राजनीति में आगे बढ़ने के लिए यह सब आम माना जाता है, लेकिन नेता जी ने ऐसी फजीहत की कल्पना भी नहीं की होगी।

सिडनी में धीरेंद्र शास्त्री ने जमाया देशभक्ति रंग पंडित धीरेंद्र शास्त्री इन दिनों ऑस्ट्रेलिया में हैं। यहां उन्होंने सिडनी के ओपेरा हाउस में हनुमान चालीसा का पाठ और सत्संग किया। इस दौरान उन्होंने देशभक्ति का रंग भी जमाया।
पंडित धीरेंद्र शास्त्री ने ओपेरा हाउस में मौजूद लोगों से मोबाइल की लाइट जलवाई और ‘हर करम अपना करेंगे, ऐ वतन तेरे लिए… दिल दिया है, जान भी देंगे, ऐ वतन तेरे लिए…’ गाना गाया। उनके साथ वहां मौजूद लोगों ने भी यह देशभक्ति गीत गुनगुनाया।
धीरेंद्र शास्त्री ने इस आयोजन को विदेशों में रह रहे भारतीयों को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने वाला ‘सांस्कृतिक सेतु’ बताया।

इनपुट सहयोग – शादाब चौधरी (मंदसौर), केके शर्मा (रतलाम), अभिलाष मिश्रा (रीवा)
