नीमच में कार चोर की बेरहमी से पिटाई

0
Spread the love

नीमच जिले के मनासा कस्बे में गुरुवार देर रात एक युवक की सरेआम पिटाई का मामला सामने आया है। इंदौर के एक कार शोरूम से गाड़ी चोरी कर भागे युवक को शोरूम मालिक और उसके साथियों ने लाठियों से बेरहमी से पीटा। घायल युवक सड़क पर लहूलुहान हालत में तड़पता रहा, लेकिन आसपास मौजूद लोग तमाशबीन बने रहे। पुलिस ने इस मामले में तीन महिलाओं सहित छह लोगों को हिरासत में लिया है।

7 अप्रैल से था फरार

पुलिस के अनुसार, शाजापुर जिले के मोहन बड़ोदिया थाना क्षेत्र के देवरी गांव का रहने वाला 35 वर्षीय प्रकाश पिता नाथूलाल नायक 7 अप्रैल को इंदौर के एमआईजी थाना क्षेत्र स्थित ‘डेली ऑटोडील’ शोरूम गया था। वहां उसने टेस्ट ड्राइव के बहाने कार मांगी और उसे लेकर फरार हो गया। शोरूम मालिक और उसके साथी तभी से प्रकाश की तलाश कर रहे थे।

तलाशी के दौरान उन्हें पता चला कि प्रकाश पिछले एक महीने से मनासा में किराए का कमरा लेकर रह रहा है। शोरूम मालिक और उसके साथियों ने प्रकाश को पकड़ने के लिए उसकी महिला मित्र रेणुका का सहारा लिया। रेणुका ने फोन करके प्रकाश को मिलने के लिए एक निश्चित जगह पर बुलाया।

सड़क पर घायल चोर।
सड़क पर घायल चोर।

चोर बोला- बेच दी कार

जैसे ही प्रकाश वहां पहुंचा, पहले से घात लगाकर बैठे इंदौर के तीन पुरुषों और तीन महिलाओं ने उसे घेर लिया। जब उनसे कार के बारे में पूछा गया तो प्रकाश ने कहा कि गाड़ी उसके पास नहीं है, उसने उसे बेच दिया है। यह सुनते ही सभी लोग भड़क गए और उस पर लाठियों से हमला कर दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हमलावर युवक को तब तक पीटते रहे जब तक वह अधमरा नहीं हो गया। प्रकाश बीच सड़क पर खून से लथपथ होकर मदद की गुहार लगाता रहा, लेकिन भीड़ में से कोई भी उसे बचाने आगे नहीं आया। मारपीट के बाद आरोपी मौके से भाग निकले। इस घटना का वीडियो शुक्रवार को सामने आया।

घायल चोर को घेर के खड़ी महिलाएं।
घायल चोर को घेर के खड़ी महिलाएं।

इनको लिया हिरासत में

मनासा थाना प्रभारी निलेश अवस्थी ने बताया कि शुक्रवार को कार्रवाई करते हुए इंदौर निवासी एहसान, शुभम और शेखर के साथ ही दुर्गा, रेणुका और बबीता को हिरासत में लिया गया है। घायल प्रकाश ने अपनी प्रेमिका रेणुका पर भी साजिश में शामिल होने का आरोप लगाया है। पुलिस फिलहाल सभी आरोपियों से पूछताछ कर रही है और मामले में केस दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Notice: ob_end_flush(): failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home2/lokvarta/public_html/wp-includes/functions.php on line 5481