भोपाल राजधानी का सबसे सटीक अखबार

अंतिम खबर के तीन वर्ष पूर्ण होना सिर्फ एक औपचारिक उपलब्धि नहीं है, बल्कि यह उस जज़्बे, संघर्ष और सच्ची पत्रकारिता की मिसाल है, जो विपरीत परिस्थितियों में भी अपने रास्ते से नहीं डिगती। तीन वर्ष पहले जब इस अखबार की कल्पना मन में आई थी, तब शायद किसी को अंदाज़ा नहीं था कि यह छोटा सा विचार एक दिन प्रदेश भर में अपनी अलग पहचान बनाएगा।
उस समय जब मैंने अंतिम खबर शुरू करने का निर्णय लिया, तो लोगों की प्रतिक्रियाएं उत्साहवर्धक कम और हतोत्साहित करने वाली अधिक थीं। अक्सर सुनने को मिला कि “अखबार निकालना कोई आसान काम नहीं है”, “यह एक बड़ा खेल है”, “इसमें बहुत पूंजी और नेटवर्क चाहिए।” लेकिन शायद इन्हीं बातों ने मेरे इरादों को और मजबूत कर दिया। मैंने ठान लिया कि अगर कुछ अलग करना है, तो जोखिम उठाना ही होगा। इसी सोच के साथ टाइटल के लिए आवेदन किया गया और जब टाइटल अप्रूव हुआ, तो वह पल किसी सपने के सच होने जैसा था।
लेकिन असली संघर्ष तो उसके बाद शुरू हुआ। एक अखबार को सिर्फ रजिस्ट्रेशन से नहीं, बल्कि उसकी विश्वसनीयता और सामग्री से पहचान मिलती है। प्रिंट में लाना, संसाधनों की व्यवस्था करना, खबरों का चयन करना, टीम बनाना ये सभी चुनौतियां एक साथ सामने खड़ी थीं। उस समय सबसे बड़ी जरूरत थी एक ऐसे संपादक की, जो पत्रकारिता की बारीकियों को समझता हो और जो इस अखबार को सही दिशा दे सके।
इसी तलाश में भोपाल के वरिष्ठ पत्रकार राजेन्द्र सिंह जादौन से संपर्क किया गया। उनका अनुभव, समझ और मार्गदर्शन अंतिम खबर के लिए एक मजबूत आधार बना। उन्होंने न केवल संपादकीय दिशा दी, बल्कि यह भी सिखाया कि पत्रकारिता सिर्फ खबरें लिखने का काम नहीं है, बल्कि यह समाज के प्रति एक जिम्मेदारी है। यहीं से अंतिम खबर ने अपनी अलग पहचान बनानी शुरू की।
आज यह अखबार प्रदेश में अपनी खोजी पत्रकारिता के लिए जाना जाता है। हमने हमेशा कोशिश की कि उन मुद्दों को उठाया जाए, जिन पर अक्सर पर्दा डाल दिया जाता है। सत्ता, सिस्टम और समाज के बीच छुपे सच को सामने लाना ही हमारा उद्देश्य रहा है। कई बार रास्ता कठिन हुआ, दबाव भी आए, लेकिन हमने अपने मूल सिद्धांतों से समझौता नहीं किया।
अंतिम खबर की सबसे बड़ी ताकत उसकी संपादकीय टीम रही है। एक मजबूत टीम ही किसी अखबार को जीवंत बनाती है। जब टीम में समर्पण, ईमानदारी और सच्चाई के प्रति प्रतिबद्धता होती है, तो अखबार को अपनी बात कहने के लिए ज्यादा प्रयास नहीं करना पड़ता वह खुद ही लोगों तक पहुंच जाता है। यही कारण है कि आज अंतिम खबर सिर्फ एक नाम नहीं, बल्कि एक भरोसा बन चुका है।
इन तीन वर्षों में हमने न सिर्फ खबरें प्रकाशित की हैं, बल्कि समाज के कई महत्वपूर्ण मुद्दों को उठाने का साहस भी दिखाया है। चाहे वह भ्रष्टाचार के मामले हों, प्रशासनिक लापरवाही हो या आम जनता की समस्याए हमने हर उस विषय को प्राथमिकता दी, जो जनहित से जुड़ा था। यही कारण है कि पाठकों का विश्वास लगातार बढ़ता गया और अंतिम खबर ने अपनी एक अलग पहचान बना ली।
आज जब हम इस तीन वर्ष की यात्रा को पीछे मुड़कर देखते हैं, तो गर्व के साथ यह कहा जा सकता है कि यह सफर आसान नहीं था, लेकिन हर कठिनाई ने हमें और मजबूत बनाया। यह उपलब्धि सिर्फ मेरी नहीं है, बल्कि उन सभी लोगों की है, जिन्होंने इस अखबार पर विश्वास किया हमारे पाठक, हमारी टीम और हमारे सहयोगी।
हम सभी पाठकों का दिल से आभार व्यक्त करती हूं, जिन्होंने अंतिम खबर को इतना स्नेह और समर्थन दिया। आपका विश्वास ही हमारी सबसे बड़ी पूंजी है और यही हमें आगे भी सच के रास्ते पर चलने की प्रेरणा देता रहेगा।
प्रेरणा गौतम
मुद्रक / प्रकाशक / संपादक
“अंतिम खबर जहां सच रुकता नहीं, सामने आता है।”
