भोपाल नगर निगम बजट…पुराने वादे अधूरे,अब फिर नए हो रहे
भोपाल नगर निगम के सदन में महापौर मालती राय बजट लेकर पहुंचीं है। अब पुराने अधूरे वादों के बीच भोपाल ‘शहर सरकार’ फिर नए वादे कर रही है। इस बार शहर का बजट करीब 3500 करोड़ रुपए का रखा गया है। इसमें शहर के विकास से जुड़े कई मुद्दे रखे जा रहे, हालांकि, पिछले 2 साल से किए जा रहे 7 हेरिटेज गेट, गीता भवन बनाने जैसे वादे अब भी अधूरे हैं।
1 साल में सिर्फ दो हेरिटेज गेट के लिए भोपाल-इंदौर स्टेट हाईवे और होशंगाबाद रोड पर भूमिपूजन हुआ है। मंत्री-विधायकों की आपत्ति के बाद प्रॉपर्टी या जल कर बढ़ाने की संभावना कम ही है। पिछली बार कुल 3611 करोड़ रुपए का बजट पेश किया गया था।

भोपाल शहर में विकास के इन कामों पर होगा खर्च
तालाब सौंदर्यीकरण
बड़ा तालाब सुधारने और सुंदर बनाने पर 14.91 करोड़ खर्च होंगे।
छोटा तालाब सुधारने पर 7 करोड़ खर्च होंगे (बाउंड्री, रास्ता, फाउंटेन आदि)।
शाहपुरा तालाब के लिए 9 करोड़ रुपए रखे गए हैं।
कलियासोत तालाब के लिए 34 करोड़ खर्च होंगे।
विसर्जन घाट और छठ घाट
बीयू, नीलबड़, संजीव नगर, मालीखेड़ी और प्रेमपुरा में विसर्जन कुंड बनाए जाएंगे।
छठ पूजा के लिए नए घाट बनाए जाएंगे।
छठ घाट निर्माण पर 10 करोड़ खर्च होंगे।
आवास निर्माण
2025-26 में 1052 मकान बनाए जा चुके हैं।
और नए मकानों का काम जल्द शुरू होगा।
कुलियों के लिए आवास
रेलवे कुलियों के लिए स्टेशन के पास घर बनाए जाएंगे।
इसके लिए जमीन मांगी गई है, मिलने पर काम शुरू होगा।
दीपड़ी और राजेंद्र नगर में 1856 मकानों की योजना भेजी गई है।
इसके लिए बजट में 40 लाख रुपए रखे गए हैं।
सड़क और ट्रैफिक सुधार
रोटरी और चौराहों के लिए 6.90 लाख रुपए रखे गए हैं।
ब्लैक स्पॉट (दुर्घटना वाले स्थान) हटाए जाएंगे।
लेफ्ट टर्न को आसान बनाया जाएगा।
नव बहार सब्जी मंडी
पुराने बाजार से कब्जा हटाया जाएगा।
पुलिस और प्रशासन की मदद से कार्रवाई होगी।
खाली जमीन पर नया प्रोजेक्ट लाया जाएगा

सदन में गोमांस को लेकर हुआ हंगामा
इससे पहले, बैठक में गोमांस को लेकर हंगामा चला। प्रश्नकाल में नेता प्रतिपक्ष शाबिस्ता जकी ने गोमांस और स्लॉटर हाउस पर पहला प्रश्न किया। इस पर एमआईसी मेंबर आरके सिंह बघेल ने जवाब दिया। इस दौरान महापौर और नेता प्रतिपक्ष के बीच नोंक-झोंक हुई।
बीजेपी के सीनियर पार्षद सुरेंद्र बाडिका और विलास राव घड़गे ने भी गोमांस के मुद्दे पर विरोध जताया। सभी ने जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की।
इस बीच, नईं पार्किंग व्यवस्था बनाने का प्रस्ताव, कंडम (बेकार) वाहनों को हटाने का प्रस्ताव पास किया गया। वहीं, लिगेसी वेस्ट (पुराना कचरा) हटाने का प्रस्ताव पास नहीं हो पाया।

जानिए पिछले बजट में क्या था…
भोपाल में प्रॉपर्टी टैक्स में 10% का इजाफा, जलकर में 15 फीसदी की बढ़ोतरी पिछले बजट में परिषद ने जल, प्रॉपर्टी और ठोस एवं अपशिष्ट पर टैक्स बढ़ाने के साथ कुछ ऐसे फैसले भी लिए थे, जिन्होंने सबको चौंका दिया था। शहर सरकार ने जनता पर टैक्स का बोझ डाला था तो दूसरी तरफ जनप्रतिनिधि यानी, पार्षद, एमआईसी मेंबर, अध्यक्ष और महापौर की सालाना निधि दोगुनी कर दी गई थी।
महापौर मालती राय ने सिटी बसों के लिए महापौर स्मार्ट पास शुरू करने की घोषणा की थी, जो एक साल में भी शुरू नहीं हो पाई। भोपाल में प्रॉपर्टी टैक्स में 10 प्रतिशत, पानी और ठोस-अपशिष्ट पर 15 प्रतिशत टैक्स की बढ़ोतरी की गई। इससे भोपाल के पौने 3 लाख नल कनेक्शन और 5.62 लाख प्रॉपर्टी टैक्स उपभोक्ता प्रभावित हो रहे हैं।
