भोपाल में एअर इंडिया की फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग

0
Spread the love

भोपाल के राजा भोज एयरपोर्ट पर एअर इंडिया की एक फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। विमान दिल्ली से बेंगलुरु की ओर जा रहा था। उड़ान के दौरान पायलट को फ्लाइट के कार्गो से इमरजेंसी वॉर्निंग सिग्नल मिला था। इसके बाद पायलट ने सतर्कता बरतते हुए भोपाल एयरपोर्ट पर विमान को उतारा।

भोपाल एयरपोर्ट के डायरेक्टर रामजी अवस्थी ने बताया कि फ्लाइट ने रात 8.15 बजे एहतियातन भोपाल में लैंड किया था। यह एक सामान्य प्रक्रिया होती है, जब पायलट को सिस्टम में कुछ अनयूज़ुअल लगता है।

172 लोग थे सवार, रात भर भोपाल में रुके अवस्थी ने बताया कि विमान में कुल 172 लोग सवार थे। सभी यात्री और क्रू मेंबर पूरी तरह सुरक्षित हैं। फ्लाइट रात को रवाना नहीं हो सकी। ऐसे में सभी पैसेंजर को भोपाल में रोका गया है। आज मंगलवार दोपहर 2:15 बजे इस फ्लाइट के रवाना होने की बात एयरपोर्ट अथॉरिटीज कर रही हैं।

एअर इंडिया फ्लाइट की मंगोलिया में भी इमरजेंसी लैंडिंग

एअर इंडिया की सैन फ्रांसिस्को से दिल्ली आ रही फ्लाइट की मंगोलिया की राजधानी उलानबटार में इमरजेंसी लैंडिंग हुई है। एयरलाइन कंपनी ने बताया कि उड़ान के बीच रास्ते में तकनीकी खराबी की आशंका होने पर यह फैसला लिया गया।

एअर इंडिया ने X पर कहा- 02 नवंबर की AI174 फ्लाइट ने उलानबटार में सेफ लैंडिंग की है। अब टीम उसकी जांच कर रही है। हम सभी यात्रियों को मदद पहुंचाने के लिए काम कर रहे हैं, ताकि जल्द से जल्द उनके गंतव्य तक पहुंचाया जा सके।

फ्लाइट में कितने यात्री सवार थे, फिलहाल इसकी जानकारी सामने नहीं आई है। इस बीच विदेश मंत्रालय मंगोलिया में फंसे पैसेंजर्स को मदद पहुंचाने की कोशिश में लगा हुआ है।

इससे पहले 17 अक्टूबर को एअर इंडिया की इटली के मिलान से दिल्ली आ रही फ्लाइट टेक्निकल प्रॉब्लम के चलते कैंसिल करनी पड़ी थी। फंसे हुए 256 यात्रियों को 19 अक्टूबर को स्पेशल फ्लाइट से वापस लाया गया था।

एअर इंडिया ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर इमरजेंसी लैंडिंग की जानकारी दी।
एअर इंडिया ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर इमरजेंसी लैंडिंग की जानकारी दी।

हाल में फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग की अन्य घटनाएं…

29 अक्टूबर: देहरादून-बेंगलुरु इंडिगो फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग

देहरादून से बेंगलुरु जा रही इंडिगो एयरलाइंस की फ्लाइट की वापस देहरादून एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी। जानकारी के अनुसार, फ्लाइट 53 मिनट तक हवा में ही रही। विमान में सवार सभी 170 यात्री की जान बाल-बाल बची। फ्लाइट की पक्षी से टकराने (बर्ड हिट) की बात सामने आई है। पूरी खबर पढ़ें…

1 सितंबर: पुणे से दिल्ली जा रही फ्लाइट में तकनीकी खराबी, एक घंटे बाद लौटी

पुणे से दिल्ली जा रही स्पाइसजेट फ्लाइट की सोमवार को इमरजेंसी लैंडिंग हुई। प्लेन ने सुबह 6:40 बजे पुणे से उड़ान भरी। इसे 8:10 बजे दिल्ली पहुंचना था, लेकिन बीच में हुई तकनीकी दिक्कत की वजह से टेक-ऑफ के एक घंटे बाद पुणे में प्लेन की इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई।

25 अगस्त: कजाकिस्तान से दिल्ली जा रही फ्लाइट जयपुर में लैंड हुई थी

कजाकिस्तान के अल्माटी से दिल्ली जा रही अस्ताना एयरलाइंस की इंटरनेशनल फ्लाइट मौसम खराब होने की वजह से आखरी वक्त पर दिल्ली में लैंड नहीं कर पाई। इसे एयर ट्रैफिक कंट्रोल यूनिट ने जयपुर एयरपोर्ट पर डायवर्ट किया है। इसके बाद सुबह लगभग 11 बजे जयपुर एयरपोर्ट पर फ्लाइट की सफल लैंडिंग हुई। पूरी खबर पढ़ें…

31 अगस्त: दिल्ली से इंदौर आ रही फ्लाइट के इंजन में आग, इमरजेंसी लैंडिंग

दिल्ली से इंदौर आ रही एअर इंडिया की फ्लाइट AI 2913 में टेकऑफ के कुछ ही देर बाद तकनीकी खराबी आ गई। कॉकपिट में हवाई जहाज के दाहिने इंजन में आग लगने का अलर्ट मिला। जिसके बाद पायलट ने तुरंत दाहिना इंजन बंद कर दिया और एक इंजन पर विमान की दिल्ली एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग कराई।

29 अगस्त 2025: देहरादून-हैदराबाद फ्लाइट की जयपुर में इमरजेंसी लैंडिंग

देहरादून से हैदराबाद जा रही इंडिगो एयरलाइंस की एक फ्लाइट की गुरुवार को जयपुर में इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी। तकनीकी खराबी आने के बाद पायलट ने स्थिति को भांपते हुए तुरंत एयर ट्रैफिक कंट्रोल यूनिट से इमरजेंसी लैंडिंग की परमिशन मांगी थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *