रतलाम जिले में उंगली पर अमिट स्याही का निशान दिखाने पर सर्राफा व्यापारी देंगे छूट

0
Spread the love

रतलाम कलेक्टर राजेश बाथम जिनकी पहल पर वोटिंग करने वालों को सोने चांदी के जेवर खरीदने पर छूट देने का फैसला सर्राफा एसोसिएशन ने किया है। - Dainik Bhaskar

तीसरे चरण में अधिकतम वोटिंग के लिए कलेक्टरों और मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय की कोशिशों के बीच रतलाम के सर्राफा व्यापारी सामने आए हैं। कलेक्टर रतलाम के साथ हुई बैठक के बाद यहां के सर्राफा कारोबारियों ने कहा है कि जो भी व्यक्ति उंगली पर मतदान की अमिट स्याही का निशान दिखाएगा उसे सोना चांदी खरीदने पर छूट दी जाएगी। इसके अलावा रतलाम में निजी अस्पतालों की जांच में और रसोई गैस सिलेंडर पर 25 रुपए की छूट देने की बात कही गई है। इधर स्टेट बैंक ने भी रविवार को राजधानी भोपाल में हक जताओ और ईवीएम बटन दबाओ कार रैली का आयोजन किया।

रतलाम में 13 मई को होने वाले मतदान के मद्देनजर अधिकतम वोटिंग के लिए रतलाम कलेक्टर राजेश बाथम ने रतलाम शहर के विभिन्न व्यापारी संगठनों के साथ बैठक की है। कलेक्टर बाथम की पहल पर स्वर्ण नगरी रतलाम के स्वर्ण व्यापारियों के सर्राफा एसोसिएशन द्वारा घोषणा की गई कि रतलाम शहर की सर्राफा दुकान पर आने वाला ग्राहक अपनी उंगली पर अमिट स्याही का निशान दिखाएगा तो उसे सोने तथा चांदी के आभूषण की खरीदी पर छूट दी जाएगी।

सोने के जेवर खरीदी पर आधा प्रतिशत तथा चांदी पर एक प्रतिशत की छूट

बैठक में सर्राफा एसोरिएशन अध्यक्ष झमक भरघट ने कहा कि रतलाम कलेक्टर बाथम की पहल पर सर्राफा एसोसिएशन के व्यापारी, ज्वेलर्स अपनी दुकान पर आने वाले हर ग्राहक को मतदान के बाद अमिट स्याही लगी उंगली दिखाने पर सोने के जेवर पर हर 10 ग्राम की खरीदी पर मूल्य का आधा प्रतिशत छूट प्रदान करेंगे जो आज की स्थिति में लगभग 350 रुपए होती है। इसी प्रकार चांदी के आभूषण की खरीदी पर ग्राहक 1 प्रतिशत की छूट पाएगा जो आज की स्थिति में लगभग 600 रुपए है, यह छूट 13 मई से लेकर आगामी 20 दिनों तक दी जाएगी। झमक भरगट ने बताया कि सर्राफा एसोसिएशन ने मतदान करने वालों को खरीदी में छूट देने के लिए सर्कुलर भी जारी कर दिया है।

रतलाम सर्राफा एसोसिएशन के सचिव भावेश डोशी ने बताया कि उनके एसोसिएशन के व्यापारी भी उंगली पर अमिट स्याही का निशान बताने वाले प्रत्येक ग्राहक को सोने जेवर की खरीदी पर हर 10 ग्राम पर आधे प्रतिशत की छूट तथा चांदी के आभूषण की खरीदी पर हर किलोग्राम पर मूल्य का एक प्रतिशत लगभग 800 रुपए की छूट ग्राहक को प्रदान करेंगे।

अरबिंदो अस्पताल देगा 30 से 50 प्रतिशत तक की छूट

अरविंदो अस्पताल रतलाम के प्रबंधक आशुतोष श्रीवास्तव ने बताया कि जिला प्रशासन की पहल पर अधिकाधिक मतदान के उद्देश्य में उनका अस्पताल भी सहभागी बन रहा है। अपनी उंगली पर अमिट स्याही का निशान दिखाने वाले व्यक्ति को उनके अस्पताल में विभिन्न जांचों में 30 से 50 प्रतिशत तक की छूट दी जाएगी। इसके अलावा ओपीडी भी फ्री रहेगी, यह छूट 13 मई से 19 मई तक रहेगी।

एलपीजी डीलर्स एसोसिएशन देगा 25 रुपए की छूट

एलपीजी डीलर एसोसिएशन के अमित अग्रवाल ने बताया कि मतदान करने वाले ग्राहकों को एक माह तक सुरक्षा पाईप (नली) पर प्रति नग 25 रुपए की छूट प्रदान की जाएगी।

केमिस्ट एसोसिएशन द्वारा प्रत्येक दुकान पर फ्लेक्स

केमिस्ट एसोसिएशन के जय छजलानी ने बताया कि उनके संगठन की लगभग 1200 केमिस्ट शॉप है, सभी शॉप पर मतदाता जागरूकता के फ्लेक्स उनके एसोसिएशन की पहल पर लगाए जा रहे हैं। केमिस्ट प्रवीण गुप्ता ने कहा कि शहर के 20 मतदान केन्द्रों पर उनके द्वारा ओआरएस घोल के पैकेट रखे जाएंगे।

साड़ी की दुकान पर भी मिलेगी छूट

बैठक में रतलाम क्लाथ मार्केट स्थित अशोक साड़ी सेंटर के संचालक अंकुश जैन द्वारा बताया गया कि अधिकाधिक मतदान के उद्देश्य से उनके द्वारा ग्राहक को उनकी दुकान पर साड़ी व सूट की खरीदी पर 10 प्रतिशत छूट पर दी जाएगी, यह छूट 13 मई से 15 मई तक मिलेगी।

हक जताओ और ईवीएम का बटन दबाओ: राजन

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी अनुपम राजन ने मतदाता जागरुकता के लिए रविवार को राजधानी के प्लेटिनम प्लाजा से कार रैली को झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने कहा कि हक जताओ और ईवीएम का बटन दबाओ। कार रैली का आयोजन भारतीय स्टेट बैंक द्वारा किया गया।

उन्होंने कहा कि मेरा सभी मतदाताओं से आग्रह है कि मतदान के दिन मतदान केंद्र पर जाकर वोट जरूर डालें। गर्मी को देखते हुए मतदान केंद्र पर छाया, पानी, दवाइयां सहित अन्य जरूरी व्यवस्थाएं की गई है। रैली के शुभारंभ अवसर पर कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी भोपाल कौशलेंद्र विक्रम सिंह सहित भारतीय स्टेट बैंक के सीजीएम चंद्रशेखर शर्मा एवं वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Notice: ob_end_flush(): failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home2/lokvarta/public_html/wp-includes/functions.php on line 5481