भोपाल में ‘ग्रामीण रंग, पर्यटन संग’ उत्सव

0
Spread the love

उत्तराखंड की तर्ज पर मध्य प्रदेश में भी धार्मिक स्थलों के लिए हेलीकॉप्टर सेवा जल्द शुरू होगी। इसके लिए टेंडर करा दिए हैं। यह बात मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कही। वे बुधवार को कुशाभाऊ ठाकरे सभागार में आयोजित पर्यटन विभाग के ‘ग्रामीण रंग, पर्यटन संग’ उत्सव में संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि पीएमश्री वायु सेवा को अच्छा प्रतिसाद मिला है। देश में कम ही राज्य हैं, जो इस दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। इस मौके पर डॉ. यादव ने कलेक्टर और सरपंचों का सम्मान किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड सरकार जैसे केदारनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री में हेलीकॉप्टर सेवा दे रही है, वैसा ही सेवा जल्द ही राज्य को मिलने वाली है। उन्होंने कहा कि पर्यटन विभाग ने पर्यटन के क्षेत्र में बहुत काम किया पर अभी और संभावना है। लोग विदेश से आकर हमारे यहां इलाज कराएं, कुछ समय हमारे साथ गुजारें। इससे मेडिकल टूरिज्म भी बढ़ेगा। डॉ. यादव ने पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए पूर्व में बनाए गए अच्छे विज्ञापन और पुरस्कृत फिल्मों का उपयोग फिर से करने को कहा। वे कहते हैं कि यह तो हमारी प्रापर्टी है।

कार्यक्रम में शामिल होमस्टे संचालक एवं अन्य ग्रामीण।
कार्यक्रम में शामिल होमस्टे संचालक एवं अन्य ग्रामीण।

20 साल में 526 गुना बढ़ा पर्यटन

उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी जी ने मुख्यमंत्री रहते हुए गुजरात में फिल्म अभिनेता अमिताभ बच्चन से कहलवाया था कि ‘एक रात तो गुजारो गुजरात में’। हमारा पर्यटन विभाग अमिताभ बच्चन से आगे हैं। हमने आज तक किसी फिल्म स्टार को नहीं जोड़ा है। फिर भी सभी क्षेत्रों में अच्छा काम किया है। 2004 की तुलना में 2024 में पर्यटकों की संख्या में 526 गुना वृद्धि हुई है। भोपाल, खजुराहो, ओरछा सहित अन्य स्थानों पर ये पर्यटक आए। श्रेष्ठ नेशनल पार्क में हमारे तीन नेशनल पार्क हैं। उन्होंने कहा कि सबसे ज्यादा बाघ, घड़ियाल, गिद्ध हमारे पास हैं। चीता कुनो से निकलकर गांधीसागर तक यात्रा कर रहा। वेलनेस समिट के माध्यम से 2000 करोड़ का निवेश हुआ।

ट्रेडिशनल वाद्य यंत्रों से करें स्वागत

मुख्यमंत्री ने कहा कि होमस्टे में आने वाले पर्यटकों का ट्रेडिशनल वाद्य यंत्रों से स्वागत करें। प्रदर्शनी में मिट्‌टी के बर्तन देखे, उनका और कांसे के बर्तनों का उपयोग करने को कहा। हम पर्यटन के माध्यम से छोटे-छोटे स्थानों पर भी रोजगार के अवसर बढ़ा सकेंगे।

प्रदर्शनी के दौरान मिट्‌टी के बर्तन देखते हुए मुख्यमंत्री।
प्रदर्शनी के दौरान मिट्‌टी के बर्तन देखते हुए मुख्यमंत्री।

हर क्षेत्र में विकास और नवाचार की पहल शुरू हुई : सारंग

सहकारिता एवं खेल मंत्री विश्वास सारंग ने कहा कि मोहन यादव की सरकार में हर क्षेत्र में विकास और नवाचार की पहल शुरू हुई है। मप्र हिंदुस्तान का दिल है और वो ऐसा है, जो पूरी तरह से धड़कता है। मप्र में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं। धार्मिक पर्यटन में मप्र से ज्यादा रिच और कोई राज्य नहीं है। प्रकृति के इस उपहार का तब तक सही तरह से दोहन नहीं हो सकता, जब तक राजनीतिक इच्छा शक्ति न हो। मुख्यमंत्री ने अपनी दूरदृष्टि से इस उपहार को चैनेलाइज किया है। होमस्टे अच्छा प्रयोग। वहीं पर्यटन राज्यमंत्री धर्मेन्द्र लोधी ने कहा कि पिछले साल 13 करोड़ 55 लाख से ज्यादा पर्यटक मप्र आए। पर्यटन विभाग अतिथि देवो भव: परंपरा के तहत काम कर रहा है। हम 1000 होम स्टे बना रहे हैं। भारत सरकार के पर्यटन मंत्रालय ने पन्ना जिले के ग्राम मडला, निवाड़ी जिले के लाड़पुरा खास और सीधी जिले के ग्राम खोखरा को श्रेष्ठ पर्यटन ग्राम के रूप में पुरस्कृत किया है।

कलेक्टर, सरपंच और होमस्टे संचालकों का सम्मान

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सर्वश्रेष्ठ 6 होम स्टे (3 ग्रामीण, 3 नगरीय) में ग्रांड नर्मदा होमस्टे उमरिया के शरद दीक्षित, सुरवाही सोशल ईको स्टेट बालाघाट के अंकित रस्तोगी, बुंदेली कोठी टीकमगढ़ की साक्षी सिंह को विशेष पुरस्कार दिए। बेस्ट होमस्टे तृतीय पुरस्कार गिरिजा बाई खारी सीहोर, दूसरा स्थान कमला होमस्टे राधापुर निवाड़ी कमला कुशवाहा, प्रथम पुरस्कार महुआ होमस्टे लाड़पुरा निवाड़ी कमला शर्मा को पुरस्कार दिया गया।

पर्यटन विकास में योगदान देने वाले 16 पर्यटन गांवों के सरपंचों, 8 परियोजना सहयोगी संस्थाओं और 10 जिला कलेक्टर आगर-मालवा राघवेंद्र सिंह, छतरपुर पार्थ जायसवाल, छिंदवाड़ा शीलेंद्र सिंह, नर्मदापुरम सोतिया मीणा, मुरैना अंकित अस्थाना, निवाड़ी लोकेश कुमार जांगिड़, पन्ना सुरेश कुमार, रीवा प्रतिभा पाल, सीहोर बालागुरू के और सीधी एस सोमवंशी का सम्मान किया गया।

होमस्टे चलाने वाले कार्यकर्ताओं के साथ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव।
होमस्टे चलाने वाले कार्यकर्ताओं के साथ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव।

राजेश राय से कहा-संस्कृति मंत्री जी को पहचानते हो

मुख्यमंत्री ने दमोह के संग्रामपुर में होमस्टे चलाने वाले राजेश राय और छिंदवाड़ा के देवगढ़ की कविता दुबे से ऑनलाइन बात की। उन्होंने राय से पूछा कि संस्कृति मंत्री (राज्यमंत्री धर्मेन्द्र लोधी) को पहचानते हो। राय ने कहा कि उनके पिता जी साथ बैठे हैं। वहीं कविता से कहा कि हम आएं तो कोदों की खीर खिलाओगी। डॉ. यादव ने कहा कि सब मिलकर पर्यटकों की सेवा करना। हम आएं तो हमें भी खिला-पिला देना। और कुछ खास बात तो नहीं कहना है।

शहरी क्षेत्र में होम स्टे को प्रमोट कर रहे

पर्यटन विभाग के प्रमुख सचिव शिव शेखर शुक्ला ने कहा कि 400 से ज्यादा होम स्टे प्रदेश में संचालित। अगले एक वर्ष में 121 गांवों में 1000 ग्रामीण होम स्टे तैयार करना है। 300 होम स्टे तैयार हो चुके हैं और 250 से अधिक संचालित होने लगे हैं। 25 हजार गेस्ट इन होम स्टे में पिछले एक साल में आ चुके हैं। इन होम स्टे की 5 करोड़ रुपए इन्कम हो चुकी है। ये पर्यटन का विकल्प बनकर उभरा है। इसका पूरा देश अनुसरण कर रहा है।

वेबसाइट की ई-लॉन्चिंग पर्यटकों की सुविधा के लिए प्रदेश की रिस्पॉन्सिबल टूरिज्म मिशन वेबसाइट की ई-लॉन्चिंग भी की गई। इसके अतिरिक्त, 14 नवीन होम स्टे का उद्घाटन किया और 60 पर्यटन गांवों के होम स्टे मालिकों को किट वितरित किए गए।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के साथ कार्यक्रम में मंचासीन अतिथि।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के साथ कार्यक्रम में मंचासीन अतिथि।

ये चार एमओयू होंगे

पर्यटन बोर्ड (एमपीटीबी) और सिग्नीफाय इनोवेशन इंडिया लिमिटेड के राकेश सिंह ने एमओयू साइन किया। 61 गांवों में सोलर लाइट एवं एलईडी लगाई जाएंगी। दिव्य योग मंदिर ट्रस्ट (पतंजलि) के राजेश सक्सेना ने एमओयू साइन किया। स्कोप ग्लोबल स्किल्स यूनिवर्सिटी (SGSU) के शितेष सिन्हा, डॉ. विजय सिंह और ग्रामीण होमस्टे को डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर सशक्त बनाने और उन्हें OTA प्लेटफॉर्म्स (Online Travel Agencies) पर जोड़ने के उद्देश्य से मध्यप्रदेश स्टेट टूरिज्म डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन (MPSTDC) डॉ. टी इलैया राजा ने एमओयू साइन किया।

एक दिवसीय प्रदर्शनी भी लगेंगी उत्सव में प्रदेश के विभिन्न जिलों के प्रतिभागियों और संस्थाओं ने आर्ट एंड क्राफ्ट के उत्कृष्ट उत्पादों जैसे क्लेआर्ट, माड़ना, चितेरा, बैम्बू शिल्प, हैंड ब्लॉक, गोंड पेंटिंग, हैंडलूम एवं हैंडीक्राफ्ट टैक्सटाइल्स आदि का प्रदर्शन किया। यह एक दिवसीय प्रदर्शनी आमजन के लिए दोपहर 2 बजे तक खुली रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Notice: ob_end_flush(): failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home2/lokvarta/public_html/wp-includes/functions.php on line 5481