MP के 20 श्रद्धालु नेपाल में फंसे
नेपाल में भगवान पशुपतिनाथ के दर्शन करने गए डिडौरी जिले के मेहदवानी जनपद पंचायत क्षेत्र में कठोतिया गांव के 20 श्रद्धालु काठमांडू में फंसे हैं। इन्होंने सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते, मध्यप्रदेश और केंद्र सरकार से वापसी की गुहार लगाई है।
इनका आरोप है कि भारतीय दूतावास के अधिकारी कोई मदद नहीं कर रहे हैं। वहीं सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते का कहना है कि सबकी सकुशल वापसी के लिए भारत सरकार और नेपाल सरकार के अधिकारियों के बीच बातचीत जारी है।
नेपाल सरकार की मदद से सुरक्षित पहुंचे काठमांडू
सुरक्षित काठमांडू पहुंचे श्रद्धालु दुर्गा साहू ने बताया कि मेरे साथ संतोष साहू, खूबचंद साहू, दीपत मरावी निवासी उमरिया गांव, विनोद साहू निवासी मेहदवानी, राजेश साहू निवासी सरसी, रमेश साहू निवासी सरसी, रमेश साहू निवासी चाबी जिला मंडला ये सभी निजी गाड़ी से 24 सिंतबर को दर्शन करने पशुपितनाथ गए थे।
सिंधुली घाटी और काठमांडू के बीच काबरे जिला मंगलतार पाला क्षेत्र में रविवार को बारिश होने की वजह से पूरा ब्रिज और सड़क बह गया। सड़क नदी में तब्दील हो गई थी। इसके बाद हमने स्थानीय सांसद को अपनी समस्या फोन करके बताई। लेकिन कोई मदद नहीं मिली।
नेपाल के बागमती के मुख्यमंत्री ने हम लोगों को हेलिकॉप्टर की मदद से सोमवार को धौली खेल अस्पताल लेकर आए। इसके बाद हमें काठमांडू पहुंचाया गया है। हम लोग भारतीय दूतावास में अधिकारियों से बात करने गए तो उन लोगों ने हमें डांट दिया। कोई सुनने को तैयार नहीं है। हमारे साथ जबलपुर के 5 और रीवा जिले के 8 यात्री भी फंसे हैं। इस तरह कुल 20 लोग यहां पर फंसे हैं। जानकारी मिल रही है कि उत्तरप्रदेश और बिहार के रास्ते भी बंद हैं। कोई वाहन नहीं चल रहे हैं।
सांसद- बोले सबको सकुशल वापस लाने की तैयारी
सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते ने दैनिक भास्कर को बताया कि मैंने भी उनसे फोन में बात की है। भारत सरकार और नेपाल सरकार के बीच बातचीत जारी है। सबको सकुशल वापस लाएंगे।
