सीएम हाउस घेरने निकले 8 हजार अतिथि शिक्षक
भोपाल में सीएम हाउस घेरने निकले 8 हजार से ज्यादा अतिथि शिक्षकों को पुलिस ने बल प्रयोग कर रोक दिया। उन्हें लाठियों-डंडों से पीछे की ओर धकेला। इससे कई शिक्षक गिरकर घायल हो गए। शिक्षकों ने पुलिस पर उन्हें पीटने के आरोप लगाए।
अतिथि शिक्षक महासंघ, मध्यप्रदेश के बैनर तले प्रदेशभर से शिक्षक अंबेडकर मैदान में जुटे। वे नियमितिकरण समेत 5 मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं। उनकी मांग है कि डिपार्टमेंटल एग्जाम कराकर उन्हें गुरुजियों की तरह नियमित किया जाए।
बतौर अतिथि शिक्षक परीक्षा के स्कोरकार्ड में प्रत्येक सत्र के लिए अधिकतम 10 अंक की पात्रता दी जाए। उन्होंने तिरंगा यात्रा निकालकर सीएम हाउस घेरने का ऐलान किया है। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात है। वाटर कैनन भी मौजूद हैं।
पूर्व सीएम ने किया था वादा, अब तक पूरा नहीं
महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष सुनील सिंह परिहार ने कहा- पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने दो सितंबर 2023 को अतिथि शिक्षक पंचायत में अतिथि शिक्षकों को नियमित कर गुरुजी के समान वेतनमान देने की बात कही थी। यह वादा अब तक पूरा नहीं किया गया है। आज हम अपना भविष्य सुरक्षित करने के लिए राजधानी की सड़कों पर उतरे।


