गेल इंडिया ईथेन क्रैकर प्लांट निर्माण का फैसला वापस होने पर ही धूमधाम से खुशियां मनाऊंगा: डॉ. राजकुमार मालवीय

0
Spread the love

सीहोर/आष्टा। “गेल इंडिया ईथेन क्रैकर प्लांट को लेकर वैसे ही किसान परेशान हैं, वे दुःखी हैं। जिस दिन प्रशासन अपना फैसला वापस ले लेगा अब उसी दिन धूमधाम से खुशियां मनाएंगे। सभी मेरे चाहने वालों से अपील करता हूं कि मेरे जन्मदिन पर बैनर-पोस्टर ना लगाएं। जन्मदिन पर मैं आपके बीच उपस्थित रहूंगा।  आपका आशीर्वाद, स्नेह और प्रेम मुझे प्राप्त हो।” यह कहना है भाजपा नेता और सामाजिक कार्यकर्ता डॉ. राजकुमार मालवीय का। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की है कि 22 जुलाई उनके जन्म दिवस के दिन कोई खास आयोजन ना करें और ना ही चौक चौराहा पर बैनर पोस्टर लगाएं। हालांकि वे किसानों और कार्यकर्ताओं के बीच जन्मदिन के दिन उपस्थित रहेंगे। इसके पीछे की वजह वे बताते हैं कि मेरे क्षेत्र आष्टा के किसान गेल इंडिया ईथेन क्रैकर प्लांट में भूमि अधिग्रहण के कारण चिंतित हैं, परेशान व दु:खी हैं। ऐसे में कैसे धूमधाम के साथ खुशियां मनाऊं? डॉ. राजकुमार मालवीय के कार्यालय से कार्यक्रम जारी किया गया है, जिसके अनुसार वे 08 स्थानों पर किसानों के बीच पहुंचेंगे। ग्राम पंचायत बरखेड़ी में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) से वंचित रह गए पात्र हितग्राहियों से संवाद करेंगे एवं उनकी समस्याओं से रूबरू होंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आव्हान पर ‘एक पेड़ मां के नाम’ मुहिम के तहत ग्राम पंचायत शेखूखेड़ा जावर के एकांत महादेव मंदिर पहुंचकर पौधारोपण कार्यक्रम में शामिल होंगे। जिसमें 12 ज्योतिर्लिंगों के नाम के पौधों को वृक्ष बनाने का संकल्प लेंगे। जावर स्थित कर्मयोगी जनकल्याण केंद्र पर ग्रामीणों की समस्याओं और रोजगार विषय पर किसानों, महिलाओं और युवाओं से संवाद करेंगे। विदित हो कि हर वर्ष डॉ. राजकुमार मालवीय के समर्थक 22 जुलाई को उनके जन्मदिन धूमधाम के साथ मनाते हैं। विगत वर्ष भी आष्टा में उनके जन्मदिवस के उपलक्ष में आकाशवाणी के कबीर भजन गायकों को बुलाया गया था और बड़ी पार्टी का आयोजन भी किया गया था। वे पिछले विधानसभा चुनावों में भाजपा की ओर से आष्टा विधानसभा हेतु प्रबल दावेदार रहें हैं। गेल इंडिया जिन किसानों की भूमि अधिग्रहण करने जा रहा है, उन गांवों में भी डॉ. राजकुमार मालवीय विगत दिनों पहुंचे थे और किसानों का साथ देने की बात कही थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Notice: ob_end_flush(): failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home2/lokvarta/public_html/wp-includes/functions.php on line 5481